Bihar News: बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के ठकराहा प्रखंड के बेलवारीपट्टी गांव में खुशियों का माहौल था. ललन चौधरी के बड़े बेटे सोनू कुमार की बारात गोपालगंज जाने वाली थी. घर में हल्दी की रस्म चल रही थी और मंगल गीत गाए जा रहे थे. तभी अचानक लड़की की मां के मोबाइल पर व्हाट्सएप संदेश आया. इस संदेश में कुछ ऐसी तस्वीरें और वीडियो थे जिसने शादी के जश्न को मातम और गुस्से में बदल दिया.
तीन बच्चों का पिता निकला दूल्हा
व्हाट्सएप पर एक महिला ने सोनू के साथ अपनी तस्वीरें और शादी के दस्तावेज भेजते हुए दावा किया कि वह सोनू की पहली पत्नी है. महिला का आरोप है कि सोनू उत्तराखंड की एक प्लाई फैक्ट्री में काम करता था और उन दोनों के तीन बच्चे भी हैं. जैसे ही यह खबर लड़की वालों तक पहुंची, दर्जनों लोग लड़के के घर आ धमके और जमकर हंगामा हुआ. लड़के के परिवार ने स्वीकार किया कि उन्हें भी यह सच दो दिन पहले ही पता चला था, लेकिन वे इसे छिपाए रहे.
पंचायत का फैसला, बदले गए दूल्हे
शादी टूटने की कगार पर थी और दोनों परिवारों की इज्जत दांव पर लगी थी. गांव में आनन-फानन में पंचायत बुलाई गई. घंटों चली बहस के बाद एक अनोखा समाधान निकाला गया. तय हुआ कि बड़े भाई सोनू के बजाय उसके छोटे भाई अप्पू सहनी की शादी उसी लड़की से कराई जाए. शुरुआत में लड़की पक्ष हिचकिचाया, लेकिन बेटी के भविष्य और सामाजिक प्रतिष्ठा को देखते हुए वे मान गए.
थाने तक पहुंचा मामला
इधर खुद को सोनू की पत्नी बताने वाली महिला का कहना है कि उसने 10 मई को ही थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उसका आरोप है कि सोनू उसे धोखा देकर दूसरी शादी कर रहा था. फिलहाल, गांव की इस अनोखी शादी की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है जहां बड़े भाई का राज खुलने पर छोटे भाई को सेहरा बांधना पड़ा और बारात रवाना हुई.
यह भी पढ़ें- कहीं 48 डिग्री की धूप तो कहीं बारिश, राजस्थान के अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम? IMD ने जारी किया अलर्ट














