- मिडिल ईस्ट युद्ध और होर्मुज जलडमरूमध्य में आपूर्ति बाधित होने से पूरे देश में एलपीजी संकट गहरा गया है
- बिहार के कटिहार में गैस सिलेंडर के लिए लगी एक लड़की घंटों कतार में खड़े रहने के बाद बेहोश हो गई
- कटिहार की घटना से स्पष्ट होता है कि पूरे बिहार में गैस किल्लत को लेकर अफवाहें और दहशत फैली हुई है
मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध और होर्मुज जलडमरूमध्य में आपूर्ति बाधित होने के कारण देश भर में एलपीजी (LPG) संकट गहरा गया है. इस वैश्विक संकट के बीच बिहार में गैस किल्लत की अफवाहें अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी हैं. ताजा और चिंताजनक मामला कटिहार से सामने आया है, जहां गैस की आस में कतार में लगी एक लड़की बेहोश होकर गिर पड़ी.
घंटों इंतजार के बाद भी नहीं मिली गैस
जानकारी के अनुसार, यह घटना कटिहार शहर की सती गैस एजेंसी की है. एक लड़की घरेलू गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पहुंची थी.गैस की किल्लत की अफवाहों के चलते वहां पहले से ही भारी भीड़ थी और लड़की को लंबी कतार में लगना पड़ा. बताया जा रहा है कि घंटों तक लाइन में खड़े रहने के बावजूद जब उसे गैस नहीं मिली, तो वह शारीरिक थकान के कारण वहीं बेहोश हो गई. आनन-फानन में उसे प्राथमिक उपचार दिया गया. गनीमत रही कि इलाज के बाद उसे होश आ गया, जिसके बाद उसे सुरक्षित घर भेज दिया गया.
पूरे बिहार में अफवाहों से दहशत
कटिहार की यह घटना बताती है कि पूरे बिहार में गैस किल्लत को लेकर किस कदर दहशत और अफवाह फैली हुई है.लोग संभावित संकट से डरे हुए हैं और कई तरह की चर्चाओं ने उनकी परेशानी बढ़ा दी है.
कटिहार के अलावा भागलपुर में गैस की अफरा-तफरी मचा दी है. लोग अपने जरूरी कामकाज छोड़कर अहले सुबह से ही खाली सिलेंडर लेकर गैस एजेंसियों के बाहर भीड़ लगाए हुए हैं. इधर गैस की किल्लत से परेशान होकर सुपौल में उपभोक्ताओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा. नाराज लोगों ने त्रिवेणीगंज-पिपरा सड़क मार्ग (NH-327E) को जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया.
यह भी पढ़ें: कहीं अफवाह तो कहीं शॉर्टेज का डर... दिल्ली से कोटा और कोटा से मुंबई तक, LPG को लेकर मचा है हाहाकार














