Bihar News: दिल्ली-मुंबई जैसी क्राइम घटनाएं अब बिहार में भी सामने आने लगी हैं. अररिया जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र स्थित श्यामनगर बालूगढ़ में एक ऐसी वारदात का खुलासा हुआ है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया. निर्माणाधीन डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय परिसर से पुलिस ने जमीन में दफन एक महिला का शव बरामद किया है. हत्या का आरोप मृतका के पति पर है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
पांच साल पहले हुई थी शादी
मृतका की पहचान 23 वर्षीय नुसरत प्रवीण के रूप में हुई है, जो पूर्णिया जिले के के. नगर थाना क्षेत्र के बेगमपुर की रहने वाली थी. करीब पांच साल पहले उसकी शादी महबूब आलम से हुई थी. दोनों की दो साल की एक मासूम बेटी भी है.
गुस्से में आकर दबाया था गला
जानकारी के मुताबिक महबूब आलम अपनी पत्नी के साथ श्यामनगर स्थित निर्माणाधीन विद्यालय परिसर में मजदूरी करता था. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि ईद के आसपास पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर उसने पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी.
रात के अंधेरे में शव को बोरी में बंद कर रची खौफनाक साजिश
हत्या के बाद आरोपी ने अपने जुर्म को छिपाने के लिए खौफनाक साजिश रची. उसने देर रात विद्यालय परिसर में गहरा गड्ढा खोदा, शव को बोरी में बंद किया और जमीन में दफना दिया. इसके बाद अपनी दो साल की बेटी को घर छोड़कर वह दोबारा काम पर लौट आया, ताकि किसी को उस पर शक न हो.
पिता के शक से खुला हत्या का राज
कई दिनों तक बेटी से संपर्क नहीं होने पर नुसरत के पिता मति उर्रहमान को शक हुआ. जब उन्होंने दामाद से बेटी से बात कराने को कहा तो वह लगातार बहाने बनाता रहा. आखिरकार, उन्होंने परेशान और चिंता में आकर 13 मई को के. नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई.
जमीन खोदकर पुलिस ने निकला शव
पिता की शिकायत पर पुलिस ने महबूब आलम को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की. जिसमें आरोपी टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया. रविवार को डीएसपी राज किशोर कुमार और बथनाहा थाना पुलिस की मौजूदगी में आरोपी की निशानदेही पर जमीन खोदकर शव बरामद किया गया.
जांच में जुटी पुलिस
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी अहम साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.














