गोपालगंज में मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के साथ दिख रहे एके पैटर्न हथियार की बैलिस्टिक जांच होगी. जांच से खुलासा होगा. 2-3 मई को मीरगंज के सेमराव में गुड्डू राय के यहां उपनयन संस्कार का कार्यक्रम था. यहां पर अनंत सिंह भी शामिल हुए थे. उनका दो वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था.
अनंत सिंह का वीडियो हुआ था वायरल
वायरल वीडियो में अंनत सिंह सोफे पर बैठकर लड़कियों का डांस देखत नजर आए, और उनके पीछे एक व्यक्ति एक के पैटर्न का प्रतिबंधित हथियार लेकर बैठा था. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह प्रतिबंधित AK-56 राइफल हो सकता है. इस वायरल वीडियो के आधार पर मीरगंज थाना में प्राथमिकी की दर्ज कराई गई है.
9 लोगों को नामजद किया गया है
गोपालगंज एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर साइबर थाना के एसआई नवीन कुमार ने मीरगंज थाना में एफआईआर दर्ज कराई, जिसमें कार्यक्रम के आयोजक गुड्डू राय उर्फ अमरेश राय, मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह, भोजपुरी सिंगर गुंजन सिंह सहित 9 लोगों को नामजद किया गया. कई अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई.
एसआई नवीन कुमार के द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, उपनयन संस्कार के दौरान मजमा लगाकर अश्लील डांस कराए गए और इसका इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से प्रसारण किया गया. इसके अलावा इसी कार्यक्रम में कुछ लोग हथियारों का प्रदर्शन करते हुए डांस कर रहे थे, जो शस्त्र अधिनियम के खिलाफ है.
राइफल की बैलेस्टिक जांच होगी
एसपी विनय तिवारी ने बताया कि इस वीडियो को एफएसएल की टीम के पास जांच के लिए भेजा गया है. साथ ही साथ इस वीडियो को पेन ड्राइव में लैपटॉप से डाउनलोड कर सुरक्षित रखा गया है, जो वैज्ञानिक साक्ष्य के लिए उपयोगी होगा. एके पैटर्न के राइफल की बैलेस्टिक जांच कराई जाएगी, जिसको लेकर वीडियो को एफएसएल की टीम के पास भेजी गई है. बैलेस्टिक एग्जामिनेशन की रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: मध्यस्थ बनने का ढोंग कर रहा पाकिस्तान! ईरान के फाइटर जेट्स को PAK एयरबेस पर शरण, काबुल में भी खड़े हुए ईरान के विमान














