- बिहार विधानसभा में रामविलास पासवान को बेचारा कहे जाने पर गुरुवार को हंगामा हुआ और कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी
- राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने बेचारा शब्द को सम्मान का अर्थ बताते हुए इसकी सफाई दी थी
- लोजपा नेता राजू तिवारी ने तेजस्वी यादव से सदन में माफी मांगने की मांग की थी
बिहार विधानसभा में बीते गुरुवार को दिवंगत पू्र्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान पर खूब बवाल मचा था. राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने सदन में उन्हें बेचारा कह दिया था,जिसपर राजद और लोजपा विधायक आमने-सामने आ गए. बाद में उन्होंने इसे सम्मान का शब्द बताकर अपनी सफाई दी थी. इसी कड़ी में अब राजद विधायक रणविजय साहू ने रामविलास पासवान के लिए भारत रत्न की मांग कर दी है.
पहले बेचारा वाला विवाद समझिए
बिहार विधानसभा में पिछले गुरुवार रामविलास पासवान को बेचारा कहे जाने पर जबरदस्त बवाल हुआ था. हंगामा इतना बढ़ा कि सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ गई. जब राजद के विधायक कुमार सर्वजीत बोल रहे थे तो उन्होंने रामविलास पासवान के लिए बेचारा शब्द का प्रयोग किया था.इस पर सोमवार को प्रश्नकाल की समाप्ति के बाद लोजपा (रामविलास) के नेता राजू तिवारी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से माफी मांगने को कहा.इस पर दोनों पक्षों के विधायकों में एक दूसरे की ओर इशारा करते हुए हंगामा करने लगे.राजद के विधायक वेल में आ गए.हंगामा बढ़ता देख स्पीकर प्रेम कुमार ने कार्यवाही स्थगित कर दी.
लोजपा रामविलास के राजू तिवारी ने कहा कि तेजस्वी यादव अपने विधायकों से रामविलास पासवान का अपमान करवा रहे हैं.उन्हें सदन आकर माफी मांगनी चाहिए.कम से कम इसी बहाने वे सदन में आयेंगे.अगर उन्होंने माफी नहीं मांगी तो बिहार की जनता उन्हें 25 से 5 पर पहुंचा देगी.
बयान पर दी थी सफाई
कुमार सर्वजीत ने सफाई देते हुए कहा था कि मैं 2021 से रामविलास पासवान की प्रतिमा लगाने की मांग कर रहा हूं.रामविलास पासवान महान पुरुष थे,वे गुजर गए इसलिए बेचारा कहा.यह आपराधिक शब्द नहीं है.सम्मान का शब्द है.रामविलास पासवान को सबक सिखाने के लिए दलित,महादलित कर के बांटा.टोला सेवक की बहाली हुई,पासवान जाति को अलग रखा.19 MLA में किसी MLA ने नहीं कहा कि उनकी प्रतिमा लगनी चाहिए.एक अधिकारी पासवान जाति का नहीं है,जो SP है,DYSP है.अगर यह मांग करना गलत है तो बताइए.
अब भारत रत्न की मांग
इस विवाद के बीच राजद विधायक रणविजय साहू ने रामविलास पासवान के लिए भारत रत्न की मांग कर दी. सदन में बोलते हुए रणविजय साहू ने कहा कि रामविलास पासवान को भारत रत्न दिया जाए.














