Bihar Viral video: बिहार के पश्चिम चंपारण के बेतिया जिले से एक शर्मनाक घटना का वीडियो वायरल हुआ है. घटना जिले के मझौलिया की हैं. जिसमें एक आठवीं कक्षा के छात्र के साथ कुछ लोगों के जरिए बदसलूकी की गई है. छात्र को न केवल बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, बल्कि उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित करने की सारी हदें पार कर दीं. आरोपियों ने छात्र के कपड़े उतरवाए, उसे बेल्ट और जूतों की माला पहनाई और इस पूरी बर्बरता का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.इस घटना के सामने आने के बाद से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है.
स्कूल से घर लौटते समय रास्ते में घेरा
मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित छात्र हिमांशु कुमार सरिसवा तेलिया पट्टी स्थित अंशु प्रिया पब्लिक स्कूल में पढ़ाई आठवीं का छात्र है. वह अपने नाना महेश साह के यहां मोहछि बनकटवा रतनमाला वार्ड संख्या-2 में रहकर पढ़ाई कर रहा था. बताया जा रहा है कि घटना उस समय हुई जब हिमांशु स्कूल की छुट्टी के बाद अपनी साइकिल से घर लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में कुछ अज्ञात लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. इतना ही नहीं, आरोपियों ने छात्र को सार्वजनिक रूप से अपमानित करते हुए उसके कपड़े उतरवाए गए और उसे केवल अंडरवियर में रखकर बेल्ट व जूतों की माला पहना दी. इसके बाद आरोपियों ने उसे बेरहमी से पीटा और इस पूरी अमानवीय घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर इंटरनेट पर डाल दिया.
खौफ के कारण चुप रहा, तबीयत बिगड़ने पर खुला राज
इस खौफनाक वारदात के बाद भय और शर्म के कारण छात्र गहरे सदमे और डर में था. वह अपने परिजनों को इस बारे में कुछ नहीं बता रहा था,लेकिन जब उसकी पिटाई के कारणत बीयत बिगड़ने लगी तो परिजनों को घटना की जानकारी हुई. इसके बाद आनन-फानन में छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौलिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया. फिलहाल छात्र की स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
आरोपियों की पहचान हुई, छापेमारी जारी
मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने और पुलिस के संज्ञान में आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है. मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार ने कहाकि वायरल वीडियो और इस पूरे प्रकरण के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है. दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी डीएसपी अतुन दत्त ने त्वरित कार्रवाई की बात कही है. उन्होंने बताया कि पुलिस ने वायरल वीडियो की बारीकी से जांच की है और वीडियो में दिख रहे उपद्रवियों की पहचान कर ली गई है. आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें: बिहार: जहानाबाद में भाजपा नेता की चाची की पीट-पीटकर हत्या, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम पहुंची














