Bettiah News: बिहार के पश्चिमी चंपारन जिले के बेतिया के लौरिया ब्लॉक इलाके में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने पति की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है. मृतक की पहचान गोबरौरा पंचायत के मटियारिया बंगाली कॉलोनी के अमूल चंद नमोदास (35) के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए GMCH बेतिया भेज दिया.
प्रेमी के साथ मिलकर की थी पति की हत्या
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि परिवार ने महिला और उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है. पूछताछ में पता चला कि महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या कर दी. पूछताछ में आरोपी पत्नी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने पहले अपने पति के खाने में नींद की गोलियां मिलाकर खिलाई, जिससे पति के गहरी नींद में चले जाने के बाद उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी.
चार माह पूर्व पहले हुआ था दोनों में झगड़ा
परिजनों के अनुसार पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी. करीब चार माह पूर्व बगहा पुलिस जिला के सेमरा कॉलोनी से महिला के मायके पक्ष के लोग आकर दोनों के बीच समझौता कराए थे और साथ रहने की सलाह दी थी.
पति को मारने के बाद भाई को किया था फोन
मृतक के भाई ने बताया कि उसकी पत्नी ने फोन किया कि मेरे पति नहीं उठ रहे हैं. आप आइए. इसके बाद जब मैं वहां पहुंचा तो देखा कि भाई की मौत हो चुकी थी. मैंने संदेह रखते हुए सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि मैंने उनकी हत्या की हैं.भाई ने आगे जानकारी दी कि मृतक की शादी लगभग नौ वर्ष पूर्व हुई थी. उसे सात वर्ष का एक बेटा और चार साल की एक बेटी है. बताया जाता है कि मृतक की एक आंख की रोशनी भी कमजोर थी.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इस संबंध में लौरिया थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया था. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है
यह भी पढ़ें; गोपालगंज में करीब 60 लोगों से भरी बस में लगी आग, मची चीख-पुकार; जान बचाने को खिड़कियां तोड़ कूदे यात्री














