Khesari Lal Yadav Chhath Song: छठ महापर्व के मौके पर भोजपुरी सिनेमा के ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल यादव अपनी आवाज में नया भक्ति गीत लेकर आए हैं. फिल्म 'सइयां अरब गईले ना 2' के छठ गीत 'अरघिया चढ़इब हो छठी मइया के' में खेसारी के साथ सौम्या श्रीवास्तव ने भी आवाज दी है. छठ की आस्था, सूर्य उपासना और लोक संस्कृति से जुड़े इस गीत को पर्व के माहौल को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. वैसे भी भोजपुरी सिंगर खेसारी ही नहीं बल्कि निरहुआ, पवन सिंह, अक्षरा सिंह और अंजना सिंह भी भोजपुरी छठ सॉन्ग रिलीज करते हैं.
यह भी पढ़ें: छठ गीत 'चार ही चक्का के मोटरवा' यूट्यूब पर 37 लाख के पार, कल्पना पटवारी-आकांक्षा पुरी की जोड़ी ने बढ़ाई छठ की रौनक
खेसारी लाल यादव और सौम्या श्रीवास्तव की आवाज में छठ गीत
छठ महापर्व पर भोजपुरी संगीत में एक बार फिर भक्ति गीतों की रौनक बढ़ गई है. खेसारी लाल यादव और सौम्या श्रीवास्तव की आवाज में आया 'अरघिया चढ़इब हो छठी मइया के' छठी मैया की आराधना और अर्घ्य देने की परंपरा को संगीत के जरिए पेश करता है. भोजपुरी फिल्म 'सइयां अरब गईले ना 2' का यह गीत छठ व्रत की श्रद्धा और लोक संस्कृति से जुड़ा है. खेसारी की दमदार गायकी के साथ सौम्या श्रीवास्तव की मधुर आवाज गीत को खास बनाती है. छठ के मौके पर भोजपुरी संगीत सुनने वालों के लिए यह गीत भक्ति और उत्सव का संगम लेकर आया है.
निर्माता अभय सिन्हा ने क्या कहा?
फिल्म के निर्माता अभय सिन्हा ने छठ गीत को लेकर कहा कि छठ महापर्व हमारी संस्कृति, परंपरा और लोक आस्था का प्रतीक है. गीत के माध्यम से छठ की महिमा और श्रद्धा को दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है. उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक और छठ व्रती इस गीत को पसंद करेंगे. निर्माता के मुताबिक, भोजपुरी सिनेमा के जरिए लोक संस्कृति और पर्व-त्योहारों की परंपरा को आगे बढ़ाने की कोशिश की जा रही है.
खेसारी लाल यादव बोले, 'छठी मैया की महिमा को सुरों में पिरोने की कोशिश'
खेसारी लाल यादव ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति से जुड़ा खास पर्व है. 'अरघिया चढ़इब हो छठी मइया के' के जरिए छठी मैया की महिमा और सूर्य उपासना की परंपरा को सुरों में पिरोने की कोशिश की गई है. खेसारी ने सौम्या श्रीवास्तव के साथ गीत गाने पर खुशी जताई. उन्होंने उम्मीद जताई कि श्रोता इस गीत को प्यार देंगे और छठ का माहौल भक्तिमय बनाने में इसकी भूमिका होगी. उन्होंने छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना भी की.
खेसारी लाल के गाने में दिखे ये रंग
'अरघिया चढ़इब हो छठी मइया के' के बोल विनय बिहारी ने लिखे हैं. शुभम सिन्हा और शोभित सिन्हा ने गीत का संगीत तैयार किया है. खेसारी लाल यादव और सौम्या श्रीवास्तव के साथ दर्शना बनिक, आस्था सिंह, दीपिका सिंह, माया यादव और अयाज खान भी नजर आ रहे हैं. भोजपुरी संगीत में छठ गीतों की खास पहचान रही है. छठी मैया की आराधना, सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा और परिवार के साथ पर्व मनाने की भावना लोकगीतों में लंबे समय से दिखाई देती है.
खेसारी लाल यादव जैसे लोकप्रिय कलाकारों की आवाज में आने वाले गीत इस परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनते हैं. 'अरघिया चढ़इब हो छठी मइया के; भी इसी कड़ी में छठ की आस्था और भोजपुरी लोक संस्कृति को संगीत के जरिए सामने लाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं