भारत अब उस राह पर चल पड़ा है, जहां कच्चे तेल के लिए दूसरे देशों पर निर्भरता कम की जा सके. हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि अभी बीते ही दिन पहले देश की दो बड़ी दिग्गज कंपनी हीरो मोटोकॉर्प और मारुति सुजुकी ने देश की पहली फ्लेक्स फ्यूल आधारित बाइक और कार लॉन्च की. अब भारत सरकार ने ऑफिशियली देश में E85 ब्लेंडेड फ्यूल को मंजूरी दे दी. सरकार ने बताया है कि नॉर्मल E20 के मुकाबले ये E85 ब्लेंडेड फ्यूल 20 रुपये प्रति लीटर सस्ता पड़ेगा. तो चलिए इस खबर में आपको बताते हैं देश की पहली फ्लेक्स फ्यूल कार और बाइक की खास बातें क्या-क्या हैं.
क्या है ये फ्लेक्स फ्यूल?
पहले आसान भाषा में जानते है कि फ्लेक्स फ्यूल की तकनीक क्या है. दरअसल इसके जरिए गाड़ी या बाइक का इंजन पहले से चले आ रहे पेट्रोल के साथ 85 फीसदी तक इथेनॉल मिले ईधन पर भी बिना किसी समस्या के चल सकता है. दरअसल गाड़ी में लगा एक खास स्मार्ट कंप्यूटर फ्यूल को लेकर पहचान पहले से ही कर लेता है, जिससे इंजन स्मूथली इस E85 ब्लेंडेड फ्यूल के साथ काम कर पाता है.
अगर बात आम नागरिक की जेब की करें तो केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी बता ही चुके हैं कि नॉर्मल पेट्रोल के मुकाबले इस फ्यूल का इस्तेमाल करने पर 20 रुपये की बचत सीधे तौर पर होगी. यानी कह सकते हैं कि अब ऑफिस जाना हो या बच्चों को स्कूल छोड़ना, इन सभी बातों का असर जेब पर हल्का पड़ेगा.
E85 ईंधन पर हीरो स्प्लेंडर प्लस का शानदार पिकअप
3 जून 2026 को हीरो मोटोकॉर्प ने देश की पहली फ्लेक्स फ्यूल बेस्ड बाइक लॉन्च की. इस मॉडल की कीमत 82,810 रुपये रखी गई है. ये दाम नॉर्मल मॉडल से कुथ ही हजार रुपये ज्यादा है, लेकिन बचत के मामले में ये उनसे काफी आगे हैं. इस बाइक में 97.2 सीसी का इंजन मिलता है, जिससे ये फ्लेक्स फ्यूल पर भी दमदार 8.4 हॉर्सपावर की ताकत देती है. यानी बाइक के पिकअप में कोई कमी नहीं है. हालांकि कंपनी अभी जुलाई 2026 से इसे दिल्ली और महाराष्ट्र के लिए ही निकालेगी. इसके बाद पूरे देशभर में इसकी सेल की जाएगी.
मारुति वैगनआर, देश की पहली फ्लेक्स-फ्यूल हैचबैक कार
मारुति वैगनआर भारत में मिडिल क्लास की हमेशा से पहली पसंद बनी रही है. अब ये गाड़ी देश की पहली फ्लेक्स फ्यूल कार भी बन गई है. इसका 1.2 लीटर वाला इंजन इतना मजबूत है कि इस पर इथेनॉल से कोई जंग या खराबी नहीं आएगी. हालांकि कीमत को लेकर अभी कंपनी ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं. लेकिन माना जा रहा है कि ये जनता के बजट में फिट बैठने वाली पेट्रोल और सीएनजी वेरिएंट के बीच की रेंज में हो सकती है.
देश की पहली फ्लेक्स फ्यूल बाइक और कार की लॉन्चिंग के मौके पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि वाहनों से होने वाले 40 फीसदी प्रदूषण को कम करने में ये तकनीक गेम चेंजर साबित हो सकती है. शानदार बात तो ये है कि इथेनॉल का हमारे देश में किसानों के जरिए प्रो़डक्शन किया जाएगा. ऐसे में जब आप फ्लेक्स फ्यूल गाड़ी या बाइक चलाएंगे तो आपका पैसा किसी विदेशी तेल कंपनी के पास जाने की बजाय सीधे हमारे देश के अन्नदाताओं के पास पहुंचेगा.
ये भी पढ़ें- देश में लॉन्च हुआ E85 ईंधन, पेट्रोल से 20 रुपये सस्ता मिलेगा नया फ्यूल