63 सेंटीमीटर में किचन और बेडरूम! इस घर की तस्वीरें देख इंटरनेट पर मच गया तहलका

अगर आपकी भी अपने घर को लेकर कोई शिकायत रहती है, तो...जनाब एक नजर इस 63 सेंटीमीटर के घर पर जरूर डाल लीजिए. इस घर में आपको किचन से लेकर बेडरूम तक सब चकाचक मिलेगा, लेकिन शर्त बस इतनी है कि यहां घुसने के लिए आपको अपना वजूद थोड़ा सिकोड़ना पड़ेगा.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
दुनियाभर में घूमने के बाद भी नहीं मिलेगा इतना पतला घर, चौड़ाई जानने के बाद पकड़ लेंगे सिर
SOCIAL MEDIA

World narrowest house Peru: पेरू के एक छोटे से कस्बे में एक ऐसी 'अजूबा' इमारत खड़ी हुई है, जिसे देखकर अच्छे-अच्छों का दिमाग घूम गया है. यह घर इतना पतला है कि इसमें दो लोग एक साथ खड़े भी नहीं हो सकते. आखिर इस 63 सेंटीमीटर की दीवार के पीछे क्या राज है? चलिए, इस रहस्यमयी घर की सैर करते हैं. दुनिया में आपने आलीशान महल और बड़े-बड़े बंगले तो बहुत देखे होंगे, लेकिन दक्षिण अमेरिका के पेरू (Peru) के औकालामा जिले में जो घर बना है, उसने कुदरत और इंजीनियरिंग के कायदों को ही चुनौती दे दी है. यहां बना है दुनिया का सबसे संकरा यानी पतला घर. इस घर की चौड़ाई महज 63 सेंटीमीटर है. यकीन मानिए, इतने कम फासले में तो लोग अपनी अलमारी भी ढंग से नहीं रख पाते, लेकिन यहां पूरा का पूरा आशियाना आबाद है.

Photo Credit: social media

दीवारों के बीच सिमटी एक पूरी दुनिया (63 cm wide house)

पेरू की गलियों में खड़ी इस 63 सेंटीमीटर की 'दीवार' के अंदर एक पूरा आशियाना आबाद है, जिसे देख दुनिया दांतों तले उंगलियां दबा रही है. इस पतले से तिलिस्म में किचन भी है और बेडरूम भी, लेकिन शर्त बस इतनी है कि यहां घुसने के लिए आपको अपना वजूद थोड़ा सिकोड़ना पड़ेगा. अजब-गजब खबरों पर नजर रखने वाली रोमानिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस घर के मालिक और डिजाइनर फाबियो मोरेनो ने इसे सिर्फ एक शो-पीस नहीं बनाया है. बाहर से देखने पर यह किसी पतली पट्टी जैसा दिखता है, लेकिन इसके अंदर कदम रखते ही एक तिलिस्म शुरू हो जाता है. इसमें बाथरूम, किचन, डाइनिंग रूम और यहां तक कि एक छोटा सा स्टडी रूम भी है. दो मंजिलों को जोड़ने के लिए सीढ़ियां भी लगाई गई हैं. फाबियो का मानना है कि खुशी मकान के साइज में नहीं, बल्कि सुकून में होती है. हालांकि, इस घर में एक वक्त में सिर्फ एक ही शख्स घूम सकता है, दूसरे के लिए जगह ही नहीं बचती.

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की तैयारी और लोगों की भीड़ (Guinness World Record Bid for the Slim House)

यह घर अब एक टूरिस्ट स्पॉट बन चुका है. लोग दूर-दूर से इस 'जादुई' दीवार जैसी दिखने वाली इमारत को देखने आ रहे हैं. फाबियो ने इसके लिए 'गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' में भी अर्जी डाल दी है. उन्हें पूरा भरोसा है कि उनकी यह मेहनत जल्द ही दुनिया के नक्शे पर सबसे अनोखी जीत दर्ज करेगी. यह घर उन लोगों के लिए एक मिसाल है, जो कम जगह का रोना रोते हैं. यहां तो 63 सेंटीमीटर में ही पूरी कायनात बसा ली गई है. इंसानी दिमाग वाकई कमाल की चीज है.

ये भी पढ़ें:-अंडे से बाहर आते ही इस चूजे को क्यों मिल रही है Z+ सिक्युरिटी?, सुरक्षा में तैनात 50 जवान और हाई-टेक दूरबीन!

Advertisement

पेरू का यह घर हमें सिखाता है कि अगर इरादा पक्का हो, तो आप सुई की नोक पर भी अपना महल खड़ा कर सकते हैं. यह घर सिर्फ ईंट-पत्थर की दीवार नहीं, बल्कि एक अनोखा नजरिया है, तो अगली बार जब आप अपने छोटे कमरे की शिकायत करें, तो इस 63 सेंटीमीटर के घर को जरूर याद कर लीजिएगा.

(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)

Featured Video Of The Day
Adani Green Energy का दुनिया में बजा डंका, 1 साल में जोड़ा 5GW रिन्यूएबल कैपेसिटी, शेयरों में उछाल