आज के समय में बड़े शहरों में घर लेना किसी चुनौती से कम नहीं है, लेकिन न्यूयॉर्क जैसे शहर में हालात कितने मुश्किल हो सकते हैं, इसका अंदाजा इस वायरल वीडियो से लगाया जा सकता है. एक महिला का बेहद छोटा अपार्टमेंट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है, जहां कम जगह और ज्यादा किराए ने लोगों को हैरान कर दिया.
न्यूयॉर्क सिटी में रहने वाली एक महिला इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है. वजह है उसका बेहद छोटा अपार्टमेंट, जिसके लिए वह हर महीने $1200 (लगभग 1 लाख रु) किराया देती है. यह वीडियो मशहूर इंफ्लुएंसर Caleb Simpson ने शेयर किया, जो लोगों से उनके घर का किराया पूछकर टूर दिखाने के लिए जाने जाते हैं.
वीडियो में महिला अपने 44 स्क्वायर फीट के कमरे को दिखाती है, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए. यह जगह इतनी छोटी है कि कोई भी व्यक्ति अपने दोनों हाथ फैलाकर इसकी चौड़ाई नाप सकता है. कमरे में न तो किचन है और न ही निजी बाथरूम.
बेहद छोटी जगह, बड़े समझौते
इस छोटे से कमरे में महिला ने अपनी जरूरत की चीजें जैसे कपड़े, कैलेंडर और सजावट की चीजें दीवारों पर लगाकर जगह को थोड़ा आकर्षक बनाने की कोशिश की है. सोने के लिए उसने एक लोफ्ट बेड बनाया है, जहां पहुंचने के लिए छोटी सी सीढ़ी का इस्तेमाल करना पड़ता है.
सबसे बड़ी समस्या यह है कि इस कमरे में बाथरूम नहीं है. महिला को हॉलवे में बने कॉमन बाथरूम का इस्तेमाल करना पड़ता है, जिसे वह पांच अन्य लोगों के साथ शेयर करती है. कमरे में सिर्फ एक छोटा सा सिंक मौजूद है.
देखें Video:
सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा
इस वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने तीखी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं. कई यूजर्स ने इसे कबर्ड, स्टोर रूम और यहां तक कि जेल की कोठरी तक बता दिया. कुछ यूजर्स ने कहा, कि इतनी छोटी जगह के लिए इतना ज्यादा किराया लेना गलत है. एक यूजर ने लिखा, यह तो गैरकानूनी होना चाहिए. वहीं दूसरे ने कहा, इससे बड़े कमरे तो मैंने अपने बचपन में देखे हैं.
महंगे शहरों की सच्चाई
यह वीडियो एक बार फिर दिखाता है कि दुनिया के बड़े शहरों में रहना कितना महंगा और चुनौतीपूर्ण हो गया है. लोग बेहतर मौके और करियर के लिए ऐसे शहरों में जाते हैं, लेकिन इसके बदले उन्हें कई तरह के समझौते करने पड़ते हैं. हालांकि, महिला अपने इस छोटे से घर से खुश नजर आई और उसने इसे अपनी पसंद के अनुसार सजाया है, लेकिन यह वीडियो शहरी जीवन की सच्चाई को भी उजागर करता है.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें: 111 साल के बुजुर्ग ने बताया लंबी उम्र का राज! सिर्फ 3 आसान आदतों ने बदली जिंदगी
करोड़ों के फ्लैट में ‘चॉल' जैसा हाल! नोएडा निवासी ने खोली हाई-राइज की सच्चाई, Video देख हैरान लोग














