Heart touching mother birthday video: गुलजार साहब ने क्या खूब कहा है, 'वक्त के पंख नहीं होते, फिर भी वो उड़ जाता है', लेकिन कभी-कभी वक्त लौट कर आता है, एक तोहफे की शक्ल में. आजकल सोशल मीडिया पर एक ऐसे ही वीडियो ने सबका कलेजा चीर दिया है. मामला एक मां के 60वें जन्मदिन का है, जहां उनके बेटे ने उन्हें कुछ ऐसा दिया कि आंखों से आंसू टपकने लगे और चेहरे पर वो पुरानी वाली खिलखिलाहट लौट आई.
बेटे ने AI से मां को करा दी बीते पल की सैर (AI photo animation gift)
दरअसल, एक बेटे ने AI (Artificial Intelligence) का इस्तेमाल करके अपनी मां की धुंधली तस्वीरों को एक चलती-फिरती फिल्म में बदल दिया. जैसे ही मां ने अपनी वो पुरानी फोटो देखी, जिसे शायद वो भूल चुकी थीं, तो कमरे का मंजर ही बदल गया. स्क्रीन पर खुद को पति के साथ नाचते गाते और पुराने दोस्तों के साथ ठहाके मारते देख मां के चेहरे पर एक ऐसी मुस्कान आई, जो करोड़ों की दौलत से भी नहीं खरीदी जा सकती. उनकी आंखों की वो नमी बता रही थी कि वो वापस उसी पुराने घर की दहलीज पर पहुंच गई हैं, जहां कभी उनका लंबा समय बीता था. वीडियो में माता-पिता की लव स्टोरी भी दिखाई गई है कि, कैसे वो मिले और उनका प्यार परवान चढ़ता गया. प्यार से शादी तक का ये सफर उनके दिल को छू गया.
सिर्फ गिफ्ट नहीं, ये तो पूरी दुनिया है... (Best 60th birthday surprise idea)
अपनी जवानी और बचपन की यादों को स्क्रीन पर जिंदा देख मां की आंखों से खुशी के आंसू बह निकले और चेहरे पर वो मासूम मुस्कान लौट आई...जो कहीं भागदौड़ में पीछे छूट गई थी. यह सिर्फ एक तोहफा नहीं, बल्कि रूह को छू लेने वाला 'टाइम ट्रेवल' है. जिस उम्र में लोग अक्सर अपनी यादों के सहारे जीते हैं, वहां उनके बेटे ने उन यादों को जिंदा कर दिया. यह वीडियो बताता है कि तकनीक चाहे कितनी भी आगे निकल जाए, जब वो जज्बातों से जुड़ती है, तो करिश्मा ही होता है. इस वीडियो को देखकर इंटरनेट की जनता इमोशनल हो गई है. लोग कह रहे हैं कि जन्मदिन के केक और महंगे गिफ्ट तो सब देते हैं, लेकिन अपनी मां को उनका बीता खूबसूरत समय वापस लौटा देना, सबसे नायाब तोहफा है.
ये भी पढ़ें:-'स्कूल तोड़ दूंगा' पढ़ाई का नाम सुनते ही बच्चे का चढ़ा पारा...सरेआम मास्टर जी को दी स्कूल उखाड़ने की धमकी
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)














