Milk container stuck on head: दुनिया में अतरंगी लोगों की कोई कमी नहीं है और जब हाथ में स्मार्टफोन हो तो खुराफात दोगुनी हो जाती है. राजस्थान के अलवर जिले के माधोगढ़ गांव में एक शख्स गेहूं बेचने निकला था. रास्ते में उन्हें न जाने क्या सूझी कि उन्होंने 15 लीटर वाला स्टील का दूध का डिब्बा उठाया और उसे हेलमेट की तरह सिर पर पहन लिया. इरादा था एक जबरदस्त रील बनाने का और चिलचिलाती धूप से खुद को बचाने का, लेकिन पासा ऐसा पलटा की 'नानी' याद आ गई.
जैसे ही सिर डिब्बे के अंदर गया, वह उसके संकरे मुंह में जाकर बुरी तरह फंस गया. शख्स ने खींचतान की, जोर लगाया, लेकिन डिब्बा निकलने का नाम ही नहीं ले रहा था. आलम ये था कि सांस फूलने लगी और घबराहट के मारे पसीना छूटने लगा. जब खुद की हिम्मत जवाब दे गई, तो उन्होंने इशारों और दबी आवाज में शोर मचाया. गांव वाले दौड़े-दौड़े आए, पर नजारा देखकर पहले तो उनकी हंसी छूटी और फिर मामला सीरियस समझकर सब काम पर लग गए.
ये भी पढ़ें:-गजब है भाई! इंटरनेट पर वायरल हुआ 'स्ट्रीट लाइट चैलेंज', लोग फंस रहे हैं और पुलिस निकाल रही है
लोहे के कटर से हुआ 'आपरेशन', बाल-बाल बची जान (milk container jammed over head)
हालत नाजुक होते देख ग्रामीण उन्हें पास की एक हार्डवेयर दुकान पर ले गए. वहां ग्राइंडर मशीन यानी लोहे काटने वाले कटर का इंतजाम किया गया. अब चुनौती ये थी कि जरा सी चूक हुई तो डिब्बे की जगह गर्दन कट सकती थी. भारी मशक्कत और बेहद सावधानी के साथ डिब्बे के ऊपरी हिस्से को काटा गया. करीब आधे घंटे की जद्दोजहद के बाद शख्स का सिर उस 'कैद' से बाहर निकाला गया.
कहते हैं कि, ऐसी स्थिति में पसीने और घबराहट की वजह से चेहरे पर हल्की सूजन आ जाती है, जिससे फंसी हुई धातु की चीज बाहर निकलना नामुमकिन हो जाती है. राजस्थान में इन दिनों पारा 44 डिग्री के पार है और ऐसे में लोग गर्मी से बचने के लिए अजब-गजब जुगाड़ कर रहे हैं. कभी कोई स्कूटर पर शावर लगा रहा है तो कोई दूध की टंकी का ढक्कन पहनकर पेट्रोल भरवा रहा है, लेकिन इस बंदे का यह 'स्टंट' उन सब पर भारी पड़ गया.
ये भी पढ़ें:-VIDEO: दहशत का शो...सर्कस में पिंजरा लांघकर दर्शकों की ओर लपका बाघ, मची अफरा-तफरी
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल (Social Media Stunts)
इस पूरे ड्रामे का वीडियो अब इंटरनेट पर आग की तरह फैल रहा है. लोग इस पर जमकर चटकारे ले रहे हैं, तो कुछ लोग नसीहत भी दे रहे हैं कि, 'भाई रील के चक्कर में अपनी जान जोखिम में डालना कहां की समझदारी है?' प्रशासन भी बार-बार चेतावनी दे रहा है कि गर्मी से बचने के लिए सही तरीके अपनाएं, ऐसे जानलेवा एक्सपेरिमेंट्स न करें. यह घटना उन सभी के लिए एक सबक है जो चंद लाइक्स और व्यूज के लिए कुछ भी कर गुजरने को तैयार रहते हैं. इस बंदे की किस्मत अच्छी थी कि सही वक्त पर मदद मिल गई, वरना यह 'मजा' सजा में बदलते देर नहीं लगती. याद रखिए, रील तो दोबारा बन जाएगी, पर जान दोबारा नहीं मिलेगी.
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)














