ताजमहल घूमना आमतौर पर लोगों के लिए एक लंबी प्लानिंग वाला ट्रिप होता है, लेकिन एक अमेरिकी इन्फ्लुएंसर ने इसे सिर्फ 24 घंटे में पूरा कर दिखाया. उसकी यह अनोखी यात्रा अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है और लोग इसे देखकर हैरान हैं.
न्यूयॉर्क से शुरू हुआ सफर
न्यूयॉर्क के कंटेंट क्रिएटर केविन ड्रोनियाक ने अपने वन-डे वेकेशन कॉन्सेप्ट के तहत यह ट्रिप प्लान किया. उन्होंने करीब 15 घंटे की फ्लाइट लेकर न्यूयॉर्क से दिल्ली तक का सफर तय किया और 21 मार्च की रात करीब 9:30 बजे भारत पहुंचे. दिल्ली पहुंचते ही उन्होंने समय बर्बाद नहीं किया और सीधे कैब लेकर आगरा के लिए निकल पड़े. करीब 4 घंटे के सफर के बाद वह रात 2 बजे आगरा पहुंचे और थोड़ी देर आराम करने के बाद सुबह ताजमहल देखने निकल गए. वीडियो में वह ताजमहल को प्यार का सबसे बड़ा प्रतीक बताते नजर आते हैं.
देखें Video:
बेबी ताज भी देखा, खाना भी चखा
इस छोटे से ट्रिप में उन्होंने सिर्फ ताजमहल ही नहीं देखा, बल्कि आसपास की जगहों का भी आनंद लिया. वह ई-रिक्शा में बैठकर शहर घूमे और नॉर्थ इंडियन खाने का स्वाद भी लिया. इसके अलावा उन्होंने इतिमाद-उद-दौला का मकबरा(जिसे ‘बेबी ताज' कहा जाता है) भी देखा.
अचानक बिगड़ गया प्लान
जब वह दिल्ली लौटने के लिए तैयार हुए, तो उन्हें पता चला कि उनकी ट्रेन कैंसिल हो गई है. लेकिन, उन्होंने हार नहीं मानी और तुरंत कैब बुक करके समय पर एयरपोर्ट पहुंच गए. वीडियो में उन्होंने मजाक में कहा, भारत मुझे रोकने की कोशिश कर रहा था, लेकिन अब घर जाने का समय है.
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रिया
इस वीडियो को अब तक 6 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है. लोग इस ट्रिप को पागलपन और कमाल दोनों बता रहे हैं. कुछ यूजर्स ने कहा, कि यह बहुत थकाने वाला होगा, जबकि कुछ ने इसे रोमांचक और अलग अनुभव बताया.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें: भारत को लेकर बड़ा ‘कन्फेशन', इंडिया घूमने आया विदेशी टूरिस्ट बोला, जो है ही नहीं वो दिखाया क्यों जाता है?
225 साल बाद सामने आया इस बड़े युद्ध का राज, समुद्र की गहराई में छिपा था इतिहास का सबसे बड़ा रहस्य














