Indian real estate market: क्या आप भी गुड़गांव या मुंबई में फ्लैट खरीदने का ख्वाब देख रहे हैं? तो जरा रुकिए...लंदन में रहने वाले एक भारतीय इंजीनियर ने सोशल मीडिया पर वहां के एक घर की फोटो क्या डाली, इंडिया के रियल एस्टेट मार्केट की पोल ही खुल गई. अर्नव गुप्ता नाम के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने लंदन से एक ऐसी तस्वीर शेयर की, जिसने भारत के मिडिल क्लास की दुखती रग पर हाथ रख दिया है.
लंदन में प्रॉपर्टी का दाम (housing prices India)
अर्नव ने लंदन के वेम्बली इलाके में एक शानदार आलीशान घर की फोटो दिखाई, जिसकी कीमत भारतीय करेंसी के हिसाब से करीब 5 से 6 करोड़ रुपये है. अब आप सोचेंगे कि भाई 6 करोड़ तो बहुत होते हैं, लेकिन जरा ठहरिए...अर्नव का कहना है कि, 'इतने में तो दिल्ली-NCR या मुंबई के अच्छे इलाकों में ढंग का फ्लैट भी नहीं मिलता, जबकि वहां आपको पूरा का पूरा विला मिल रहा है.'
ये भी पढ़ें:-किस्मत हो तो ऐसी...ऑटो ड्राइवर के बेटे ने चमकाया खानदान का नाम, मां-बाप को दिया जिंदगी का सबसे बड़ा सरप्राइज
तस्वीर में दिख रहा घर किसी फिल्मी हवेली से कम नहीं है. लाल ढलवा छतें, खिड़कियों पर सजी बेलें और सामने हरियाली...इसे देखकर अर्नव ने साफ कह दिया कि, इंडिया का प्रॉपर्टी मार्केट उनकी समझ से बिल्कुल बाहर है. वहां लोग करोड़ों लुटाकर भी 'कबूतरखाने' जैसे फ्लैट में रहने को मजबूर हैं, जबकि उतनी ही कीमत में समंदर पार जन्नत मिल रही है.
सोशल मीडिया पर मचा बवाल, लोग बोले- हम लूट रहे हैं! (India vs London Property Prices)
इस पोस्ट के वायरल होते ही इंटरनेट की जनता दो गुटों में बंट गई. एक यूजर ने लिखा, 'भाई, ये घर है या कोई पेंटिंग? वहां की लैंडस्केपिंग तो कतई जहर है.' वहीं कुछ लोग तो इतने इमोशनल हो गए कि कहने लगे, 'लगता है अब बोरिया-बिस्तर समेटकर विदेश ही जाना पड़ेगा, कम से कम वहां क्वालिटी ऑफ लाइफ तो मिलेगी.'
ये भी पढ़ें:-गजब है भाई! इंटरनेट पर वायरल हुआ 'स्ट्रीट लाइट चैलेंज', लोग फंस रहे हैं और पुलिस निकाल रही है
तीसरे शख्स ने तो सीधा तंज कसते हुए कहा कि, 'इंडिया का रियल एस्टेट मार्केट एक मजाक बन चुका है. यहां बिल्डर मिडिल क्लास की जेब पर डाका डाल रहे हैं और बदले में उन्हें बस कंक्रीट का एक छोटा सा टुकड़ा थमा रहे हैं.' लोग अब इस बात पर माथापच्ची कर रहे हैं कि आखिर भारत में जमीन की कीमतें आसमान क्यों छू रही हैं, जबकि सुविधाएं नाममात्र की हैं.
ये भी पढ़ें:-खाली दिमाग शैतान का घर! बोरियत मिटाने के लिए बंदे ने फूंक डाला पूरा जंगल, वजह जानकर पकड़ लेंगे माथा
क्या वाकई भारत में घर खरीदना घाटे का सौदा है? (India Real Estate Market Debate)
यह बहस इसलिए भी अहम है क्योंकि भारत के बड़े शहरों में घर खरीदना अब आम आदमी की पहुंच से कोसों दूर होता जा रहा है. लंदन जैसे शहर, जिसे हम दुनिया के सबसे महंगे शहरों में गिनते हैं, वहां की तुलना जब भारत से होती है, तो कड़वा सच सामने आता है. अर्नव का यह पोस्ट उन लाखों युवाओं की आवाज बन गया है जो जिंदगी भर की कमाई एक फ्लैट की EMI में फूंक देते हैं. लंदन और भारत के घरों की यह तुलना सिर्फ पैसों का खेल नहीं, बल्कि सुकून और स्पेस की जंग है. अर्नव की पोस्ट ने करोड़ों लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि, क्या हम वाकई सही कीमत पर सही चीज खरीद रहे हैं या सिर्फ एक गुब्बारे में हवा भर रहे हैं.
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)














