बहन की शादी थी और छोटा भाई कनाडा में रहता था. भाई ने बहन को सरप्राइज़ देने के लिए भारत का सफर किया. जब वह अचानक उसके सामने आया, तो दोनों की मुलाकात का भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया गया. यह वीडियो Instagram पर meeett_irl नाम के यूजर ने शेयर किया. उन्होंने अपनी बहन के साथ रिश्ते को लेकर एक प्यारा कैप्शन भी लिखा कि मैं खुशकिस्मत हूं कि मेरे पास एक बड़ी बहन है. हमारा रिश्ता कभी शांत नहीं रहा, हमेशा नोकझोंक, छेड़ना और छोटी‑छोटी लड़ाइयां होती रहीं. यह इसलिए नहीं कि प्यार कम था, बल्कि इसलिए कि हम एक-दूसरे के साथ बहुत आराम महसूस करते हैं. हम एक-दूसरे के सामने असली, बेफिक्र और बिना किसी झिझक के रह सकते हैं.
यह भी पढ़ें:- Indian Mother Viral Video: भारतीय महिला का हार्टब्रेक फैसला, कनाडा में करियर के लिए 3 साल के बेटी को भारत में छोड़ा
वीडियो में दिखाया गया है कि दुल्हन बनने वाली लड़की एक कमरे में आती है, जहां पहले से ही उसके दोस्त और परिवार वाले मौजूद होते हैं. सभी लोग उसे देखकर खुशी से चियर करते हैं और गले लगाते हैं. उसे अंदाजा नहीं होता कि उसके लिए एक बड़ा सरप्राइज छुपा हुआ है. वह सभी से मिलती रहती है, तभी अचानक उसकी नजर अपने भाई पर पड़ती है, जो भीड़ में चुपचाप खड़ा होता है. जैसे ही वह उसे पहचानती है, वह तुरंत उसकी तरफ भागती है और उसे कसकर गले लगा लेती है. भावनाओं से भरकर वह रोने लगती है, जबकि आसपास खड़े लोग तालियां बजाते हैं और इस प्यारे मिलन का जश्न मनाते हैं.
यह खूबसूरत पल हंसी, आंसू और तालियों के बीच बहन‑भाई के गहरे रिश्ते और लंबे समय बाद हुई इस सरप्राइज मुलाकात की खुशी को साफ दिखाता है. सोशल मीडिया पर भी लोगों ने भावुक प्रतिक्रियाएं दीं. एक यूजर ने लिखा कि क्या किसी ने नोटिस किया कि उनकी मां भी दोनों को रोते देखकर भावुक हो गईं?
दूसरे ने कहा कि मेरी कोई बहन नहीं है, इसलिए यह वीडियो और भी दिल को छू गया. आप दोनों बहुत खुशकिस्मत हैं. एक और यूज़र ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि अजनबियों के लिए रोना मेरी फेवरेट हॉबी है. कई और लोगों ने भी कमेंट किए हैं.
Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.














