AI Model shayari viral video: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती ताकत अब सोशल मीडिया पर भी लोगों को चौंकाने लगी है. हाल ही में एक शायरी वीडियो, जिसे करोड़ों लोगों ने पसंद किया, बाद में AI जनरेटेड निकला. इस वीडियो ने न सिर्फ दर्शकों को चौंकाया, बल्कि AI से जुड़े भरोसे, पहचान और कॉपीराइट जैसे सवाल भी खड़े कर दिए हैं.
3 करोड़ व्यूज़ वाला वीडियो निकला AI जनरेटेड
इंस्टाग्राम पर ‘तन्वी जोशी' नाम की प्रोफाइल से एक वीडियो शेयर किया गया, जिसमें पीले कुर्ते में एक महिला मंच पर उर्दू शायरी सुनाती नजर आती है. शायरी थी- 'खानदानी रईस रखते हैं मिजाज नरम अपना… तुम्हारा लहजा बता रहा है कि तुम्हारी दौलत नई-नई है'. यह वीडियो एक दिन के भीतर ही 3 करोड़ से ज्यादा व्यूज हासिल कर गया. लोग शायरी की तारीफ करने लगे और इसके अर्थ व उच्चारण पर भी चर्चा करने लगे.
देखें Video:
असल में है ही नहीं ‘तन्वी जोशी'
हालांकि, बाद में सामने आया कि यह कोई असली शख्स नहीं, बल्कि एक AI मॉडल है. इस प्रोफाइल पर मौजूद वीडियो में चेहरा बेहद परफेक्ट दिखता है और अलग-अलग वीडियो में आवाज भी बदलती रहती है. यानी लाखों लोग एक वर्चुअल इंसान के वीडियो को असली समझ बैठे. इस मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है.
वायरल वीडियो में इस्तेमाल की गई आवाज ठाणे नगर निगम की कॉरपोरेटर मरजिया शानू पठान की थी. उन्होंने कुछ दिन पहले एक कार्यक्रम में यही शायरी पढ़कर अपना वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था, जिसे करीब 9 लाख व्यू मिले थे. जब AI वीडियो वायरल हुआ, तो उन्होंने कमेंट किया- 'अरे, ये तो मेरी आवाज है. इसके बाद लोगों को पता चला कि वायरल वीडियो में उनकी आवाज का इस्तेमाल किया गया था.
AI वीडियो से बढ़ी चिंता
यह घटना दिखाती है कि AI जनरेटेड चेहरे, आवाज और परफॉर्मेंस अब इतने वास्तविक हो चुके हैं कि उन्हें पहचानना मुश्किल होता जा रहा है. इससे कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं-
- किसी की आवाज या कंटेंट का इस्तेमाल बिना अनुमति कैसे किया जा रहा है?
- असली श्रेय किसे मिलेगा?
- और क्या AI के जरिए किसी की पहचान की नकल करना आसान होता जा रहा है?
डिजिटल दौर में सतर्क रहने की जरूरत
यह मामला एक चेतावनी भी है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाली हर चीज वास्तविक नहीं होती. जैसे-जैसे AI तकनीक आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे डिजिटल कंटेंट को समझते समय सतर्क रहना और भी जरूरी हो गया है.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें: भारत की बुराई करने वालों को विदेशी कपल ने दिया जवाब, बताईं ऐसी 8 बातें, तुरंत वायरल हो गया Video
क्लास में बच्चों की हो गई लड़ाई, शोर सुनकर दौड़ते हुए पहुंचे टीचर, फिर जो हुआ, कोई सोच नहीं सकता














