मुंबई में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां सुबह 3 बजे किया गया Zepto ऑर्डर एक महिला के लिए अलार्म घड़ी साबित हुआ और उसकी फ्लाइट छूटने से बच गई. इस दिलचस्प घटना को सोशल मीडिया पर शेयर किया गया, जिसके बाद यह कहानी तेजी से वायरल हो गई. यह घटना तब हुई जब एक शख्स ने अपनी बहन को जगाने के लिए Zepto का सहारा लिया, क्योंकि उसका फोन बंद हो गया था और सुबह 6 बजे उसकी फ्लाइट थी.
फोन बंद हुआ, तो सूझा अनोखा तरीका
मुंबई के रहने वाले ऋषभ अग्रवाल ने लिंक्डइन पर बताया, कि उनकी बहन को सुबह 6 बजे की फ्लाइट पकड़नी थी. उसने अपनी मां से सुबह 3 बजे जगाने को कहा था, लेकिन करीब 3:15 बजे पता चला कि उसका फोन स्विच ऑफ है. उस समय ऋषभ के सामने दो विकल्प थे, या तो वह परेल से पवई तक करीब 40 मिनट की दूरी तय करके खुद जाएं, या कोई और तरीका अपनाएं. उन्होंने तुरंत 3:20 बजे Zepto पर ग्रॉसरी ऑर्डर किया और डिलीवरी पार्टनर से खास तौर पर दरवाजे की घंटी बजाकर बहन को जगाने का अनुरोध किया. डिलीवरी पार्टनर विकास मात्र 10 मिनट में, यानी 3:30 बजे, वहां पहुंच गए. इतना ही नहीं, उन्होंने परिवार के साथ करीब 10 मिनट तक फोन पर बने रहकर यह भी सुनिश्चित किया कि महिला जाग गई है.
Add image caption here
Zepto अधिकारियों ने भी की सराहना
यह पोस्ट वायरल होने के बाद Zepto के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी. कंपनी के चीफ ब्रांड ऑफिसर चंदन मेंदिरत्ता ने मजाकिया अंदाज में कहा, हम अलार्म क्लॉक डिलीवर करते हैं, लेकिन कभी नहीं सोचा था कि हम खुद अलार्म बन जाएंगे. वहीं, कंपनी के सीओओ विकास शर्मा ने डिलीवरी पार्टनर की सराहना करते हुए कहा, कि उन्होंने अपनी जिम्मेदारी से बढ़कर काम किया. अन्य अधिकारियों ने भी इसे प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता और टीम की लगन और मेहनत का उदाहरण बताया.
सोशल मीडिया पर लोगों ने की तारीफ
इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग डिलीवरी पार्टनर की जमकर तारीफ कर रहे हैं. कई यूजर्स ने कहा, कि ऐसी कहानियां दिखाती हैं कि इमरजेंसी या असामान्य परिस्थितियों में भी क्विक डिलीवरी सेवाएं कितनी मददगार साबित हो सकती हैं. यह कहानी न सिर्फ एक अनोखे जुगाड़ की मिसाल है, बल्कि यह भी दिखाती है कि सही समय पर की गई छोटी-सी मदद किसी के लिए कितनी बड़ी राहत बन सकती है.
यह भी पढ़ें: 70 हज़ार का 2BHK! आखिर क्यों इतना महंगा है बेंगलुरु के इस इलाके का किराया, वायरल पोस्ट ने उठाए सवाल














