Live World News Updates: न्यूक्लियर डील पर बातचीत तय होने के बावजूद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम नहीं हो रहा है. अमेरिका के फाइटर जेट ले जाने वाले जंगी जहाज इस समय ईरान के पास तैनात हैं और उसने अपनी ओर आक्रामक तरीके से आ रहे एक ईरानी ड्रोन को मार गिराया है. दूसरी तरफ यूक्रेनी ने आरोप लगाया है कि रूसी सेना ने अबू धाबी में तीन-तरफा वार्ता के ठीक पहले उसकी राजधानी कीव पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए हैं. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि रूस इस कड़ाके की सर्दी में यूक्रेन की एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला नहीं करेगा. लीबिया के पूर्व नेता कर्नल मुअम्मर गद्दाफी के बेटे सैफ अल-इस्लाम गद्दाफी की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई है. सैफ अल-इस्लाम को कभी अपने पिता के उत्तराधिकारी के रूप में देखा जाता था.
हम आपके लिए लेकर आए हैं दुनिया की खबरों का यह लाइव ब्लॉग जहां आपको पूरी दुनिया में क्या कुछ हो रहा है, इसकी खबर एक साथ देंगे, तुरंत देंगे. पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान से लेकर दूर देश अमेरिका तक, हर बड़ी ब्रेकिंग खबर और उसकी एनालिसिस पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहे.
World News LIVE: रूस से शांति वार्ता के लिए यूक्रेन का प्रतिनिधिमंडल UAE पहुंचा
यूक्रेन के मुख्य वार्ताकार के प्रवक्ता ने न्यूज एजेंसी AFP को बताया कि रूसी अधिकारियों के साथ दूसरे दौर की वार्ता के लिए तैयार यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पहुंच गया है. अबू धाबी में यह वार्ता दो दिनों तक चलेगी.
World News LIVE: यूक्रेन के निप्रॉपेट्रोस में रूसी ड्रोन हमले में 2 की मौत
एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार एक स्थानीय अधिकारी ने बुधवार को बताया कि यूक्रेन के निप्रॉपेट्रोस क्षेत्र पर एक रूसी ड्रोन हमले में दो लोग मारे गए. यह तब हो रहा है जब दोनों देश अबू धाबी में अमेरिका की मध्यस्थता में शांति वार्ता शुरू करने वाले हैं. क्षेत्रीय प्रशासन के प्रमुख मायकोला लुकाशुक ने टेलीग्राम पर कहा, सिनेलनीकिव्स्की जिले पर हुए हमले में "एक 68 वर्षीय महिला और एक 38 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई".
World News LIVE: अब अमेरिकी युद्धपोत हैती के तट पर पहुंचे, ड्रग्स गैंग्स के खिलाफ एक और हमले की तैयारी
अमेरिकी सैन्य अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि अमेरिकी युद्धपोत हैती के तट पर पहुंच गए हैं. यह कदम उस समय उठाया गया है जब इस द्वीप देश की सरकार हिंसक ड्रग गैंग्स के खिलाफ चल रहे युद्ध में उलझी हुई है. अमेरिका की आर्मी वहां हैती की सरकार की मदद करने के लिए पहुंची है. हैती में अमेरिकी दूतावास ने X पर पोस्ट किया है, "USS स्टॉकडेल, USCGC स्टोन और USCGC डिलिजेंस ने हैती की सुरक्षा, स्थिरता और उज्जवल भविष्य के लिए अमेरिका की अटूट प्रतिबद्धता को दिखाने के लिए पोर्ट-ऑ-प्रिंस की खाड़ी में प्रवेश किया."
बयान में कहा गया है कि फ्लोटिला को "वॉर सेक्रेटरी" पीट हेगसेथ के निर्देश पर "ऑपरेशन सदर्न स्पीयर" के एक भाग के रूप में भेजा गया था. इस ऑपरेशन में अमेरिकी सेना कैरेबियन और पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में कथित ड्रग्स के तस्करों को निशाना बनार ही है. इसमें दर्जनों नाव पर किए गए हमलों में 100 से अधिक लोग मारे गए हैं.
World News LIVE: सूडान, दक्षिण सूडान में हिंसा ने हजारों लोगों को पलायन के लिए मजबूर किया: संयुक्त राष्ट्र
संयुक्त राष्ट्र के मानवतावादियों ने कहा कि सूडान और दक्षिण सूडान में जारी हिंसा के कारण लाखों लोग विस्थापित हुए हैं. मानवीय मामलों के समन्वय के लिए संयुक्त राष्ट्र कार्यालय (ओसीएचए) ने मंगलवार को कहा, "कई क्षेत्रों में जारी असुरक्षा अधिक लोगों को पलायन के लिए प्रेरित कर रही है और पहले से ही गंभीर मानवीय स्थिति को और गहरा कर रही है." कार्यालय ने कहा कि सूडान के दक्षिण कोर्डोफान राज्य में, अबू जुबैहा इलाके में एक ओसीएचए मिशन ने पिछले सप्ताह शिविरों में रहने वाले 10,000 से अधिक विस्थापित लोगों को भोजन, स्वास्थ्य देखभाल, पानी और स्वच्छता, आश्रय और शिक्षा सेवाओं में गंभीर अंतराल का सामना करते हुए पाया.
World News LIVE: चीन ने बलूचिस्तान हमलों की निंदा की, कहा हमेशा पाकिस्तान का समर्थन करेंगे
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने मंगलवार को कहा कि बीजिंग में बैठी शी जिनपिंग सरकार बलूचिस्तान में हाल के हमलों की कड़ी निंदा करती है और आतंकवाद से निपटने में पाकिस्तान का हमेशा मजबूती से समर्थन करेगी.
Live World News Updates: रूस ने कड़ाके की सर्दी के बीच यूक्रेन में बड़े पैमाने पर हमले फिर से शुरू किए
यूक्रेन ने मंगलवार को कहा कि रूस ने इस साल यूक्रेन की जर्जर ऊर्जा सुविधाओं (एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर) पर रातोंरात "सबसे शक्तिशाली" हमला किया है. इन हमलों ने चार साल के युद्ध को समाप्त करने के लिए शुरू होने जा रही वार्ता से पहले हजारों लोगों को ठंडे तापमान में बिना बिजली के छोड़ दिया है.














