यूरोप की सबसे बड़ी और सबसे ऊंची पर्वत श्रृंखला आल्प्स के नीचे दुनिया की सबसे लंबी रेलवे सुरंग बनायी जा रही है. आल्प्स पर्वत के काफी नीचे, विशाल टनलिंग मशीनें पहाड़ को काटकर अपना रास्ता बना रही हैं. दुनिया की यह सबसे लंबी रेलवे सुरंग ब्रेनर पास में बनाई जा रही है और इसका नाम होगा ब्रेनर बेस टनल. 64 किमी की यह रेलवे सुरंग यूरोप में बनी इंजीनियरिंग का एक बेहतरीन नमूना होगी. रेलवे सुरंग बनाने का यह काम इटली और ऑस्ट्रिया के बीच हाई स्पीड और हाई कैपेसिटी रेल कनेक्शन के लिए बहुत अहम भूमिका निभाएगा. ये दोनों देश दरअसल आल्प्स पहाड़ियों के अंदर से बने सुरंग के रास्ते रेल से जुड़ेंगे.
11 देशों के लोग मिलकर बना रहे दुनिया की सबसे लंबी रेलवे सुरंग
स्टाइनाख एम ब्रेनर टायरोल में एक पहाड़ी गांव है और यूरोप की सबसे बड़ी कंस्ट्रक्शन साइट्स में से एक है. यहां पर ही ब्रेनर बेस टनल बनाई जा रही है. ये सुरंग ऑस्ट्रिया को इटली से जोड़ती है और दक्षिणी और उत्तरी यूरोप के बीच ट्रांस-यूरोपीय रेलवे कॉरिडोर की सबसे अहम कड़ी है.
कुल 64 किलोमीटर लंबी यह विशाल संरचना दुनिया की सबसे लंबी अंडरग्राउंड रेलवे लाइन होगी. यूरो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार प्रोजेक्ट मैनेजर सेबेस्टियन रीमैन का कहना है कि यूरोपीय लोग यहां जो बना रहे हैं, उस पर गर्व कर सकते हैं. इस प्रोजेक्ट पर पूरे यूरोप के ग्यारह देशों के लोग काम कर रहे हैं. साथ ही, यूरोप की टॉप की कई कंपनियां यहां काम करती हैं. अकेले हेरेनक्नेक्ट कंपनी की ही आठ टनलिंग मशीनें यहां इस्तेमाल हो रही हैं.
क्यों खास होगी यह रेलवे सुरंग?
इस प्रोजेक्ट में शामिल Webuild कंपनी के अनुसार वह ब्रेनर बेस टनल के निर्माण के लिए चार लॉट पर काम कर रही है. पूरा होने पर, यह दुनिया की सबसे लंबी रेलवे सुरंग बन जाएगी. यह 64 किलोमीटर लंबे रूट के जरिए फोर्टेजा को इंसब्रुक से जोड़ेगी. इसमें मुख्य दोनों सुरंगें 55 किमी लंबी हैं. पुरानी इनटाल सुरंग को मिलाकर कुल लंबाई 64 किमी हो जाती है. इससे यात्रा के मौजूदा समय में 69% की कमी आएगी. यानी समय 80 मिनट से घटकर 25 मिनट रह जाएगा.
दरअसल ब्रेनर एक पहाड़ी दर्रा है, जो समुद्र तल से 1,370 मीटर की ऊंचाई पर आल्प्स पहाड़ों में स्थित है. ये दक्षिण में अल्टो अडिजे के विप्पटल घाटी को और उत्तर में टायरोल के विप्पटल घाटी को जोड़ता है. सड़क के रास्ते देखें तो ब्रेनर दर्रा आल्प्स का सबसे नीचा दर्रा है. ये ऑस्ट्रिया और इटली के बीच सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला सड़क मार्ग ही नहीं, बल्कि भारी मालवाहक गाड़ियों के लिए सबसे अहम रास्ता भी है. अब बात रेल के रास्ते की. उत्तर और दक्षिण दोनों तरफ की खड़ी ढलानों और ब्रेनर दर्रे तक के टेढ़े-मेढ़े रास्ते की वजह से, मौजूदा ब्रेनर रेलवे को अपग्रेड करना मुमकिन नहीं है, जो 24 अगस्त 1867 को शुरू हुई थी. इसी वजह से ब्रेनर पहाड़ के नीचे, यानी उसके बिल्कुल आधार से होकर, ब्रेनर बेस टनल बनाई जा रही है.
प्रोजेक्ट में कितना खर्चा आएगा?
ऑस्ट्रिया और इटली के बीच ब्रेनर बेस टनल का उद्घाटन अब 2034 तक टल गया है और इसकी अनुमानित लागत बढ़कर 11.7 अरब यूरो हो गई है. ऐसा प्रोजेक्ट की प्रोमोटर कंपनी BBT SE ने बताया है. 2009 में जब इस प्रोजेक्ट को मंजूरी मिली थी, तब इसकी लागत 2006 के दामों पर 6 अरब यूरो बताई गई थी और इसे 2025 के अंत तक पूरा करने की योजना थी.
यह भी पढ़ें | समंदर के नीचे बन रही दुनिया की सबसे लंबी सड़क, 4 लेन वाली होगी 27 किमी लंबी सुरंग, टूटेगा जापान का रिकॉर्ड
यह भी पढ़ें | अमेरिका बना रहा दुनिया की सबसे महंगी बुलेट ट्रेन, 804 KM का होगा रूट, मुंबई-अहमदाबाद रूट से 13 गुना खर्च
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं