- अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि ईरान के साथ बातचीत जारी है
- अमेरिका ने ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने और परमाणु हथियार नहीं बनाने देने का स्पष्ट संदेश दिया
- रूबियो ने कहा कि ईरान का यूरेनियम संवर्धन और अवैध गतिविधियों का समाधान डिप्लोमेसी या अन्य तरीकों से होना चाहिए
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो भारत दौरे पर हैं. एनडीटीवी ने जब मार्को रूबियो से पूछा कि क्या ईरान पर जल्द हमला होने वाला है तो विदेश मंत्री ने कहा कि अभी तो बातचीत जारी है. हालांकि, उन्होंने ये भी साफ किया कि अमेरिका ने ये तय कर रखा है कि ईरान को होर्मुज जल्द खोलना होगा और उसे कभी भी परमाणु हथियार नहीं बनाने दिया जाएगा. अगर बातचीत फेल हुई तो मार्को रूबियो ने हमला करने से भी इन्कार नहीं किया.
देखें फुल इंटरव्यू
हमले की क्यों चर्चा
आज खबर आई कि वाशिंगटन में शुक्रवार को ट्रंप ने अपने शीर्ष सुरक्षा और सैन्य अधिकारियों के साथ अहम बैठक की. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बैठक में ईरान के खिलाफ संभावित सैन्य विकल्पों, बातचीत की स्थिति और आगे की रणनीति पर चर्चा हुई. बैठक में रक्षा मंत्री, सीआईए चीफ और राष्ट्रीय सुरक्षा टीम के कई बड़े अधिकारी मौजूद थे. अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अगर बातचीत नाकाम होती है तो अमेरिका फिर से ईरान पर सीमित लेकिन तेज सैन्य कार्रवाई पर विचार कर सकता है. इसी बीच अमेरिका ने सैन्य गतिविधियां भी बढ़ा दी हैं. कैरेबियन क्षेत्र में अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर और युद्धपोतों की तैनाती की खबरें सामने आई हैं.
ट्रंप ने भी किया कंफर्म
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा कि वह बेटे की शादी में जाना चाहते थे, लेकिन इस समय अमेरिका के लिए वॉशिंगटन में रहना ज्यादा जरूरी है. इससे पहले भी उन्होंने कहा था कि “ईरान युद्ध” के बीच शादी में जाना सही समय नहीं है. व्हाइट हाउस ने भी अचानक उनका वीकेंड कार्यक्रम बदल दिया और न्यू जर्सी जाने की योजना रद्द कर दी.
रूबियो ने साफ की स्थिति
ताजा हालात पर रूबियो ने कहा, 'मैं टाइमफ्रेम पर कुछ नहीं कहूंगा. ईरान के साथ युद्ध हमेशा नहीं चल सकता है पर ये तय है कि ईरान परमाणु हथियार नहीं रख सकता. ईरान होर्मुज में जो कर रहा है, वह अवैध है. वो धमकी दे रहे हैं. वो कॉमर्शियल जहाजों पर हमले कर रहे हैं. अभी भी बातचीत चल रही है. या तो डिप्लोमेसी से इस समस्या का हल होगा या किसी अलग तरीके से. ईरान की समस्या का समाधान किसी ना किसी तरह से होना ही चाहिए. यूरेनियम संवर्धन के मुद्दे का समाधान होना चाहिए.'
ये भी पढ़ें-
ये सिर्फ भारत की बात नहीं है... NDTV से खास बातचीत में US ग्रीन कार्ड पर बोले मार्को रूबियो













