- अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ईरान से जान से मारने की धमकियां मिलने के बाद सैन्य अड्डे पर शिफ्ट हो गए हैं
- अगस्त से बेसेंट ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाने में सक्रिय हैं ताकि कड़े प्रतिबंधों से ईरान को अलग-थलग किया जा सके
- अमेरिकी अधिकारी मानते हैं कि ईरान की क्षमता सीमित है लेकिन उसकी धमकियां गंभीर हैं और अमेरिका सतर्क है
ईरान से मिली जान से मारने की धमकियों के बाद अमेरिका के ट्रेजरी सचिव यानी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट हाल ही में अपना घर छोड़कर एक सैन्य अड्डे पर चले गए हैं. न्यूयॉर्क टाइम्स ने मंगलवार को मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों के हवाले से यह खबर छापी है. रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी अधिकारियों को पिछले कुछ हफ्तों में पता चला कि ईरान, अमेरिका के मौजूदा और पुराने अधिकारियों को निशाना बनाने की अपनी योजना में काफी आगे बढ़ गया है. ये बात स्कॉट बेसेंट को मिली धमकियों के बारे में मिली जानकारी से सामने आई. ये जानकारी देने वाले लोगों ने नाम न बताने की शर्त पर बात की.
अगस्त से, मिस्टर बेसेंट ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाने का काम कर रहे हैं, ताकि कड़े प्रतिबंधों और व्यापार पर रोक से ईरान को अकेला कर दिया जाए. इसी वजह से वो उन अधिकारियों में से एक हैं, जिन्हें ईरान सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाना चाहता है.
ट्रंप सरकार के एक सीनियर खुफिया अधिकारी ने पिछले महीने के अंत में रॉयटर्स द्वारा देखे गए एक मेमो में चेतावनी दी थी कि ईरान ने अमेरिकी कर्मियों को निशाना बनाने की कोशिशें तेज कर दी हैं और तेहरान द्वारा अमेरिकी नागरिकों के खिलाफ रची जा रही खतरनाक साजिशें काफी आगे के चरण तक पहुंच गई हैं.
रिपोर्ट के अनुसार एक बयान में, ट्रेजरी विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि मिस्टर बेसेंट ईरानी शासन की धमकियों से डरेंगे नहीं और उन्होंने कहा कि वो ईरान की अर्थव्यवस्था पर दबाव बनाने के अभियान को जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
बेसेंट पहले नहीं हैं
मिस्टर बेसेंट का नाम ट्रंप सरकार के उन सीनियर अधिकारियों में शामिल हो गया है, जो वॉशिंगटन के आसपास के अपने घर को छोड़कर किसी सैन्य अड्डे या अन्य सुरक्षित घर में रहने चले गए हैं. पिछले साल कम से कम आधा दर्जन अधिकारियों ने ऐसा किया था, जिनमें स्टीफन मिलर, जो अब व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ हैं, और पाम बॉन्डी, जो तब अटॉर्नी जनरल थीं, शामिल हैं.
ईरान के खिलाफ आर्थिक युद्ध के बड़े चेहरे हैं बेसेंट
28 फरवरी को ईरान के खिलाफ शुरू हुए अमेरिका-इजरायल युद्ध के दौरान, तेहरान पर वाशिंगटन के आर्थिक दबाव अभियान में बेसेंट एक प्रमुख चेहरा रहे हैं. इस युद्ध के दौरान ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमलों और लेबनान पर इजरायली हमलों में हजारों लोग मारे गए हैं और लाखों लोग विस्थापित हुए हैं. अमेरिका और इजरायल के हमलों में ईरान के कई टॉप के अधिकारी भी मारे गए हैं, जिनमें दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खमेनेई भी शामिल हैं.
यह भी पढ़ें | ट्रंप को रोज फोन लगा रहे नेतन्याहू, ईरान पर फिर हमले के लिए डाल रहे दबाव, दोनों कुर्सी बचा रहे?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं