अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर खुद को सबसे बड़ा पीसमेकर बताया है. एरिजोना के फिनिक्स में आयोजित 'टर्निंग पॉइंट यूएसए' कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने खुद को दुनिया का सबसे बड़ा 'शांतिदूत' करार दिया. उन्होंने दावा किया कि अपने प्रयासों से आठ युद्धों को खत्म किया है और करोड़ों लोगों की जान बचाई है.
ट्रंप के इन दावों में सबसे चौंकाने वाला जिक्र भारत और पाकिस्तान का रहा है. उन्होंने कहा कि अगर वह हस्तक्षेप नहीं करते, तो भारत और पाकिस्तान के बीच एक ऐसा महायुद्ध छिड़ जाता जिसमें करीब 3-5 करोड़ लोग मारे जाते. ट्रंप ने साफ तौर पर कहा, "मैंने उस युद्ध को सुलझाया जो करोड़ों लोगों की जान ले सकता था."
भारत-पाकिस्तान युद्ध को रोकने का बड़ा दावा
ट्रंप ने अपने संबोधन में अंतरराष्ट्रीय संघर्षों पर विस्तार से बात की. उन्होंने कहा, "मैं वह शांतिदूत हूं जिसने आठ युद्धों का निपटारा किया है. मैंने भारत-पाकिस्तान के बीच का वह युद्ध खत्म कराया जिसमें 30 से 50 मिलियन (3 से 5 करोड़) लोग मारे जा सकते थे. जरा सोचिए, हमने कितनी जिंदगियां बचाई हैं."
ईरान और होर्मुज स्ट्रेट पर बड़ी घोषणा
पश्चिम एशिया के हालातों पर चर्चा करते हुए ट्रंप ने ईरान के साथ चल रही तनातनी पर एक अहम अपडेट दिया. उन्होंने दावा किया कि ईरान ने 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' को व्यापार और जहाजों की आवाजाही के लिए पूरी तरह से खोलने की घोषणा कर दी है. ट्रंप ने इसे दुनिया के लिए एक 'शानदार दिन' बताया, लेकिन साथ ही ईरान को कड़ी चेतावनी भी दी.
ट्रंप ने स्पष्ट किया कि जब तक ईरान के साथ होने वाला समझौता 100 प्रतिशत पूरा नहीं हो जाता और उस पर हस्ताक्षर नहीं हो जाते, तब तक अमेरिकी नौसेना की घेराबंदी ईरान पर बनी रहेगी.
उन्होंने कहा, "हमने दुनिया की सबसे बड़ी सैन्य शक्ति का निर्माण किया है और जब तक डील फाइनल नहीं होती. हमारी सेना पूरी ताकत के साथ वहां मौजूद रहेगी."
यह भी पढ़ें: एक घंटे में 7 दावे, सभी झूठे... डोनाल्ड ट्रंप के 'होर्मुज नाकाबंदी' वाले बयान पर बोला ईरान














