Trump's State of the Union Address LIVE: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी संसद के अंदर स्टेट ऑफ द यूनियन का सबसे लंबा भाषण दिया है. उन्होंने इस मंच से सबसे लंबा भाषण देने का बिल क्लिंटन का रिकॉर्ड तोड़ा है. उन्होंने अपने भाषण में उन देशों को धमकाया जो टैरिफ पर अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद डील से पीछे हटने की सोच रखते हैं. उन्होंने कहा है कि मैं कभी ईरान को परमाणु हथियार नहीं लेने दूंगा. उन्होंने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच जंग रुकवाने का झूठा दावा किया है. उन्होंने अपने भाषण के शुरुआत में ही कहा कि अमेरिका का स्वर्ण युग आ गया है. अमेरिका अपने इतिहास में कभी इतना मजबूत नहीं था. आज अमेरिका हर मोर्चे पर इतनी जीत हासिल कर रहा है कि हम जीतकर परेशान हो गए हैं.
अमेरिकी संविधान के आरंभ से ही कांग्रेस को देश की स्थिति पर रिपोर्ट प्रस्तुत करना इसका एक अभिन्न अंग रहा है. अमेरिकी संविधान के अनुच्छेद II खंड 3 के तहत राष्ट्रपति समय-समय पर कांग्रेस को संघ की स्थिति की जानकारी देंगे और उनके सामने ऐसी बातें रखेंगे, जिन्हें वे आवश्यक और उचित समझें.वे असाधारण अवसरों पर दोनों सदनों या उनमें से किसी एक को बुला सकते हैं, और यदि सदनों के बीच स्थगन के समय को लेकर असहमति हो, तो वे सदनों को ऐसे समय तक स्थगित कर सकते हैं, जैसा वे उचित समझें. संविधान में "समय-समय पर" की यह मूल रूपरेखा वार्षिक रूप से व्याख्यायित की जाने लगी है, और जब रेडियो और टेलीविजन उपलब्ध हुए, तो राष्ट्रपतियों ने उन्हें इस परंपरा में शामिल करने का विकल्प चुना. इसे ही स्टेट ऑफ द यूनियन कहा जाता है.
Here are the Highlights of Donald Trump's State of the Union Address
Trump State of the Union LIVE Updates: ट्रंप का भाषण खत्म
आखिरकार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का रिकॉर्डतोड़ भाषण खत्म हो गया है.
Trump State of the Union LIVE Updates: ट्रंप ने सबसे लंबे स्टेट ऑफ द यूनियन भाषण का रिकॉर्ड तोड़ा
न्यूज एजेंसी AFP के अनुसार ट्रंप ने सबसे लंबे स्टेट ऑफ द यूनियन भाषण के मामले में बिल क्लिंटन का रिकॉर्ड तोड़ दिया है.
Trump State of the Union LIVE Updates: मैं ईरान को कभी परमाणु हथियार नहीं लेने दूंगा- ट्रंप
अब ट्रंप ने ईरान की ओर रुख किया है और उन्होंने कहा कि वह इस इस्लामिक गणराज्य को 'कभी भी परमाणु हथियार रखने की अनुमति नहीं देंगे.' अपने स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन में डेढ़ घंटे से अधिक समय के बाद राष्ट्रपति ने आखिरकार ईरान के साथ बढ़ते तनाव का जिक्र किया. पूरी दुनिया अमेरिका के अगले कदम का बेसब्री से इंतजार कर रही है. ट्रंप ने कहा, "मेरी प्राथमिकता इस समस्या को कूटनीति के माध्यम से हल करना है. लेकिन एक बात निश्चित है, मैं दुनिया में आतंक के नंबर एक प्रायोजक, जो अब तक वे हैं, को कभी भी परमाणु हथियार रखने की अनुमति नहीं दूंगा."
Trump State of the Union LIVE Updates: ट्रंप ने दोहराया फिर वही राग, "पाक पीएम ने कहा कि अगर मैं नहीं होता तो करोड़ों लोग मर जाते"
स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अपने पहले 10 महीनों में, मैंने आठ युद्धों को रोका. ट्रंप ने कहा कि मुझसे पाकिस्तान के पीएम ने कहा कि मैंने दखल नहीं दी होती तो 3.5 करोड़ लोगों की मौत हो जाती.
Donald Trump LIVE: ट्रंप ने फिर किया 8 युद्ध रोकने का दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया कि उन्होंने 8 युद्ध रोके, जिनमें पिछले साल मई में हुआ चार दिन का भारत-पाकिस्तान सैन्य संघर्ष भी शामिल है. ट्रंप इससे पहले भी कई मौकों पर यह बात दोहराते रहे हैं.
ट्रंप जिन 8 युद्धों का ज़िक्र करते हैं, उनमें शामिल हैं:
कंबोडिया-थाईलैंड
भारत-पाकिस्तान
इजरायल-ईरान
मिस्र-इथियोपिया
आर्मेनिया-अजरबैजान
कांगो-रवांडा
सर्बिया-कोसोवो
इजरायल-हमास
Trump State of the Union LIVE Updates: 'आपको शर्म आनी चाहिए...' समर्थन में खड़े न होने पर विपक्षी सांसदों पर ट्रंप का वार
Trump State of the Union LIVE Updates: ट्रंप ने सभी अमेरिकियों के लिए रिटायरमेंट प्लान की घोषणा की
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि सभी कामकाजी अमेरिकियों को एक रिटायरमेंट प्लान मिल सकता है. हर साल सरकार उनके योगदान के बराबर $1,000 तक राशी इसमें जमा करेगी.
Trump State of the Union LIVE Updates: ट्रंप ने सोमाली समुदाय के खिलाफ अपनी ज़ेनोफोबिक सोच दोहराई
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने भाषण के दौरान अपनी जेनोफोबिक टिप्पणियों को दोहराया कि "सोमाली समुद्री डाकुओं ने" रिश्वतखोरी, भ्रष्टाचार और अराजकता" के माध्यम से मिनेसोटा में तोड़फोड़ की. जेनोफोबिक (Xenophobic) का सरल अर्थ है 'विदेशी लोगों या अजनबियों से डरने या नफरत करने वाला'. ट्रंप ने यहां कहा, "बिना किसी प्रतिबंध के इमिग्रेशन और खुले बॉर्डर के माध्यम से इन संस्कृतियों का यहां आना उन समस्याओं को भी अमेरिका में लाता है." इसपर मिनेसोटा से डेमोक्रेटिक कांग्रेस सदस्य इल्हान उमर ने अपनी सीट से राष्ट्रपति को "झूठा" कहा.
ट्रंप ने कहा कि उनकी सरकार की ओर से "धोखाधड़ी पर युद्ध" का नेतृत्व अब उनके उपराष्ट्रपति जेडी वेंस करेंगे.
Trump State of the Union LIVE Updates: एक सांसद ने ट्रंप को दिखाया 'काले लोग बंदर नहीं हैं' वाला बोर्ड
एक डेमोक्रेटिक सांसद को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन से बाहर कर दिया गया, क्योंकि उन्होंने ट्रंप के सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किए गए ओबामा के एक नस्लवादी वीडियो का संदर्भ देते हुए एक बोर्ड लहराया जिसमें लिखा था, "काले लोग बंदर नहीं हैं!"
जैसे ही ट्रम्प कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करने के लिए पहुंचे, टेक्सास के अनुभवी सांसद अल ग्रीन खड़े हो गए और विरोध चिन्ह लहराने लगे. सांसदों की भीड़ में से कोई उनसे इसे छीनने की कोशिश करता दिखाई दिया. ग्रीन खुद अश्वेत समुदाय से आते हैं. अब अपने स्टैंड पर अड़े रहे. जब ट्रंप ने अपना संबोधन शुरू किया तब भी ग्रीन ने बोर्ड पकड़ रखा था. लेकिन आखिर में उन्हें "यूएसए! यूएसए! यूएसए!" के नारों के बीच सदन से बाहर ले जाया गया.
Trump State of the Union LIVE Updates: इनकम टैक्स की जगह लेंगे दूसरे देशों से मिले टैरिफ
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि विदेशी देशों द्वारा भुगतान किया जाने वाला टैरिफ ही अब अमेरिका में इनकम टैक्स की जगह लेगा और अमेरिकियों पर से बोझ कम करेगा. उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि विदेशी देशों द्वारा भुगतान किए जाने वाले टैरिफ अतीत की तरह, आयकर की आधुनिक प्रणाली को काफी हद तक बदल देंगे, और उन लोगों पर से एक बड़ा वित्तीय बोझ हटा देंगे जिन्हें मैं प्यार करता हूं."
Trump State of the Union LIVE Updates: ट्रंप ने संसद में की बड़ी घोषणाएं
- मिलने वाले टिप पर कोई टैक्स नहीं
- ओवरटाइम काम पर मिलने वाली अतिरिक्त आमदनी पर कोई टैक्स नहीं
- अमेरिकी में बनी कार के लिए लोन पर कोई टैक्स नहीं
- चाइल्ड टैक्स क्रेडिट
Trump State of the Union LIVE Updates: तीसरी बार भी राष्ट्रपति बनने की चाहत दिखा दी
ट्रंप ने अपने भाषण के बीच में यह भी कहा कि मेरा तीसरा कार्यकाल होना चाहिए... अजीब चीजें होती हैं. बता दें कि अमेरिकी संविधान के 22वें संशोधन (1951) के अनुसार, कोई भी व्यक्ति अधिकतम दो बार (कुल 8 वर्ष) ही राष्ट्रपति चुना जा सकता है. ट्रंप तीसरी बार राष्ट्रपति बनने की चाहत दिखाते रहते हैं.
Trump State of the Union LIVE Updates: सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद वे डील से हटते हैं तो... ट्रंप में टैरिफ पर धमकाया
अमेरिकी राष्ट्रपति ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद टैरिफ डील से पीछे हटने की सोच रहे दूसरे देशों को धमकी दी है. उन्होंने कहा अभी 4 दिन पहले, संयुक्त राज्य अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट का एक दुर्भाग्यपूर्ण फैसला आया. यह (टैरिफ) बस नीचे आ गया. यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण फैसला आया. लेकिन अच्छी खबर यह है कि लगभग सभी देश और कॉरपोरेशन इस डील को बरकरार रखना चाहते हैं... यह जानते हुए कि राष्ट्रपति के रूप में मेरे पास एक नई डील करने की जो कानूनी शक्ति है, वह उनके लिए बहुत खराब हो सकती है और इसलिए वे उसी सफल रास्ते पर काम करना जारी रखेंगे जिस पर हमने पहले बातचीत की थी. (यानी वो डील से नहीं हटेंगे.) हम जिस तरह का पैसा खर्च कर रहे हैं, उससे हमारे देश की बचत हो रही है. मैंने जितने युद्धों का निपटारा किया उनमें से कई युद्धों में सीजफायर टैरिफ की धमकी के कारण हुई थी."
Trump State of the Union LIVE Updates: ट्रंप ने अपने "ड्रिल, बेबी ड्रिल" एजेंडे का प्रचार किया
Trump State of the Union LIVE Updates: अगला ओलंपिक अमेरिका में होगा
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि अगला ओलंपिक अमेरिका में आयोजित किया जाएगा. उन्होंने कहा, "अगली बार ओलंपिक मशाल जलेगी तो वह 2028 में अमेरिका में होगी."
Trump State of the Union LIVE Updates: अमेरिकी मेंस ओलंपिक हॉकी टीम के गोलटेंडर को मिलेगा प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ फ्रीडम
ट्रंप यहां अमेरिका की खेल उपलब्धियों के बारे में बता रहे हैं. उन्होंने हाल ही में घोषणा की कि अमेरिकी मेंस ओलंपिक हॉकी टीम के गोलटेंडर कॉनर हेलेब्यूक, जिन्होंने कनाडा के खिलाफ गोल्ड मेडल जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, उन्हें अमेरिका का सबसे बड़ा नागरिक पुरस्कार- प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ फ्रीडम मिलेगा."
Trump State of the Union LIVE Updates: वेनेजुएला के साथ पहली बार भाषण में विदेश नीति का जिक्र
ट्रंप के भाषण में उनकी विदेश नीति का पहला उल्लेख वेनेजुएला के साथ हुआ. उन्होंने वेनेजुएला को "हमारा नया दोस्त और पार्टनर" कहा और दावा किया कि अमेरिका को देश से 80 मिलियन बैरल तेल मिला है. अमेरिका ने मिलिट्री ऑपरेशन चलाकर वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की सरकार गिरा दी थी और उन्हें पकड़कर अमेरिका की जेल में बंद कर दिया था.
Trump State of the Union LIVE Updates: ट्रंप का प्लीज प्लीज प्लीज वाला तंज...
ट्रंप ने अमेरिकी संसद के सामने कहा कि आज अमेरिका इतनी जीत हासिल कर रहा है कि वह जीत-जीतकर थक गया है. उन्होंने कहा, "लोग मुझसे पूछ रहे हैं, प्लीज, प्लीज, प्लीज, मिस्टर प्रेसिडेंट, हम बहुत ज्यादा जीत रहे हैं. हम इसे अब और नहीं सह सकते. जब तक आप हमारे देश में नहीं आए थे तब तक हमें जीतने की आदत नहीं थी, लेकिन अब हम बहुत ज्यादा जीत रहे हैं. और मैं कहता हूं, नहीं, नहीं, नहीं, आप फिर से जीतने जा रहे हैं. आप बड़ी जीत हासिल करने जा रहे हैं. आप पहले से कहीं अधिक बड़ी जीत हासिल करने जा रहे हैं और इस बात को साबित करने जा रहे हैं."
इसके बाद उन्होंने विंटर ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले मेंस हॉकी टीम का स्वागत किया.
Trump State of the Union LIVE Updates: 125 साल में सबसे कम हत्या पिछले साल हुई- ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि पिछले साल अमेरिका में हत्या दर 6% रही. पिछले साल हत्या दर में दर्ज इतिहास में सबसे बड़ी गिरावट देखी गई. यह सबसे बड़ी गिरावट है. दर्ज इतिहास में इसके बारे में सोचें, 125 से अधिक वर्षों में सबसे कम संख्या.
Trump State of the Union LIVE Updates: 9 महीनों में एक भी अवैध प्रवासी अमेरिका में नहीं आया- ट्रंप
उन्होंने अवैध इमिग्रेशन पर कहा, "4 वर्षों के बाद, जिसमें लाखों-करोड़ों अवैध विदेशी पूरी तरह से बिना जांचे-परखे और बिना रोक-टोक हमारी सीमाओं में आ गए. अब हमारे पास अमेरिकी इतिहास की अब तक की सबसे मजबूत और सबसे सुरक्षित सीमा है. पिछले 9 महीनों में, 0 अवैध विदेशी अमेरिका के अंदर आए हैं. लेकिन हम हमेशा लोगों को कानूनी रूप से आने की अनुमति देंगे, ऐसे लोग जो हमारे देश से प्यार करेंगे और हमारे देश को बनाए रखने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे."
Trump State of the Union LIVE Updates: महंगाई कम हुई, हमारे दुश्मन हमसे डर रहे हैं- ट्रंप
ट्रंप ने दावा किया कि आज अमेरिका की सीमा सुरक्षित है धन्यवाद. आज हमारी सीमा सुरक्षित है, हमारी आत्मा बहाल हुई है. "महंगाई कम हो रही है. इनकम तेजी से बढ़ रही है. अर्थव्यवस्था पहले जैसी दहाड़ रही है और हमारे दुश्मन डरे हुए हैं. हमारी सेना और पुलिस तैनात है, और अमेरिका को फिर से इतना सम्मान मिला है, जितना शायद पहले कभी नहीं मिला."
Trump State of the Union LIVE Updates: मुझे विरासत में "संकट में डूबा एक देश" मिला था- ट्रंप
राष्ट्रपति ने अपनी बात की शुरुआत में ही दावा किया कि अमेरिका का कमबैक हो चुका है. ट्रंप ने कहा कि अमेरिका पहले से कहीं ज्यादा बड़ा, बेहतर, समृद्ध और मजबूत है. यह अमेरिका का स्वर्ण युग है. उन्होंने बाइडेन के राष्ट्रपति कार्यकाल की निंदा करते हुए कहा कि मुझे विरासत में "संकट में डूबा एक देश" मिला है, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने "ऐसा परिवर्तन हासिल किया है जैसा पहले कभी किसी ने नहीं देखा".
उन्होंने कहा, "यह वास्तव में युगों के लिए एक बदलाव है."
Trump State of the Union LIVE Updates: अमेरिका का स्वर्ण युग आ चुका है
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस समय स्टेट ऑफ द यूनियन को संबोधित कर रहे हैं. उन्होंने अपनी बात की शुरुआत में कहा कि अमेरिका का स्वर्ण युग आ चुका है. अमेरिका कभी अपने इतिहास में इतना मजबूत नहीं था.














