अमेरिका और ईरान की जंग एक बार फिर हिंद महासागर तक आ गई है. अमेरिकी सेना ने एक बार फिर एक ईरानी तेल टैंकर को सीज कर लिया है. बताया जा रहा है कि ये तेल टैंकर कथित तौर पर ईरानी क्रूड ऑयल की तस्करी कर रहा था. तस्करी के आरोप में अमेरिका ने इस टैंकर पर प्रतिबंध लगाया था.
अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ने सोशल मीडिया पर बताया कि अमेरिकी सेना ने ईरानी टैंकर Tifani को जब्त कर लिया है. पेंटागन ने दावा किया कि समुद्री जहाजों की तलाशी लेने के अधिकार के तहत कार्रवाई की गई थी.
न्यूज एजेंसी AP ने एक अमेरिकी रक्षा अधिकारी के हवाले से बताया है कि इस टैंकर को भारत और दक्षिण पूर्व एशिया के बीच बंगाल की खाड़ी में पकड़ा गया था और यह ईरानी तेल ले जा रहा था. अधिकारी ने बताया कि सेना अगले चार दिनों में यह तय करेगी कि इस जहाज के साथ क्या किया जाए. इसे जहाज को अमेरिका ले जाया जाए या किसी दूसरे देश को सौंप दिया जाए.
यह भी पढ़ेंः पाकिस्तान-अमेरिका बुलाते रहे, फिर भी बातचीत के लिए क्यों नहीं आया ईरान? 4 कारण
पेंटागन ने कहा, 'कल रात अमेरिकी सेना ने प्रतिबंधित जहाज Tifani पर जाकर उसकी जांच की और उसे रोका. जैसा कि हमने साफ कर दिया है कि हम गैर-कानूनी नेटवर्क को तोड़ने और ईरान को मदद पहुंचाने वाले प्रतिबंधित जहाजों को रोकने के लिए दुनियाभर में समुद्री सुरक्षा की कोशिशें जारी रखेंगे. अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र प्रतिबंधित जहाजों के लिए कोई सुरक्षित पनाहगाह नहीं है.' पेंटागन ने कहा कि गैर-कानूनी जहाजों को समुद्री क्षेत्र में आजादी से घूमने की इजाजत नहीं देगा.
अमेरिका ने यह कदम इसलिए उठाया है, क्योंकि उसका कहना है कि वह ईरान से जुड़े किसी भी जहाज को रोक लेगा, जिन पर हथियारों और तेल से लेकर ऐसी सप्लाई ले जाने का शक होगा, जिससे उसकी सरकार को मदद मिल सके. अमेरिकी सेना ने यह टैंकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सीजफायर बढ़ाने के ऐलान से पहले जब्त किया था.
यह भी पढ़ेंः ईरान नहीं आया बात करने तो ट्रंप ने एकतरफा बढ़ाया सीजफायर, लेकिन होर्मुज नाकेबंदी जारी रहेगी
ईरान से जुड़ा यह दूसरा जहाज है जिसे अमेरिकी सेना ने पकड़ा है. अमेरिकी नौसेना ने रविवार को एक ईरानी कार्गो जहाज पर हमला करके उसे जब्त कर लिया था. अमेरिका का दावा था कि ईरानी कार्गो जहाज ने अमेरिकी नाकाबंदी से बचने की कोशिश की थी. ट्रंप ने दावा किया था कि अमेरिकी डिस्ट्रॉयर ने जहाज के इंजन रूप में छेद कर दिया था.
अमेरिका के जॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैन केन ने पिछले हफ्ते ही कहा था कि अमेरिकी सेना की कार्रवाई ईरानी जलक्षेत्र और यूएस सेंट्रल कमांड के नियंत्रण वाले क्षेत्र से आगे तक जाएगी.
अमेरिकी सेना ने उन चीजों की एक लिस्ट भी जारी की है, जिसे वह अवैध और गैरकानूनी मानती है. उसका कहना है कि वह जहाजों पर जगह की परवाह किए बिना चढ़कर उनकी तलाशी लेगी और उन्हें जब्त करेगी. अमेरिका का कहना है कि कोई भी सामान जो दुश्मन के लिए है और जिसका इस जंग में इस्तेमाल किया जा सकता है, उसे किसी भी जगह पर जब्त किया जा सकता है.
यह भी पढ़ेंः ट्रंप-पुतिन-नेतन्याहू 'खतरनाक शिकारी' और दुनिया 'डरपोक'! एमनेस्टी ने चीन को क्यों बताया पाक-साफ?














