US-Israel War against Iran: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग जारी है
US-Israel War against Iran: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच की जंग को शुरू हुए 6 दिन गुजर गए हैं लेकिन शांति की उम्मीद दूर-दूर तक नजर नहीं आ रही है. तनाव तेजी से बढ़ता जा रहा है और मिडिल ईस्ट की सीमा पहले ही लांघ चुका है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की सेना को हथियार डालने को आखिरी अल्टीमेटम दे दिया है. साथ ही उन्होंने इराक में मौजूद कुर्द लड़ाकों को अपना सपोर्ट दे दिया है. ईरान ने भी शुक्रवार, 6 मार्च को तेल अवीव समेत कई जगहों पर मिसाइल हमले किए हैं. इजरायल ने भी जवाबी कार्रवाई तेज कर दी है. कुल मिलाकर पूरे मिडिल ईस्ट में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं. चलिए आपको इस जंग के 10 बड़े अपडेट देते हैं.
- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान के कुर्द लड़ाके अमेरिका-इजरायल के साथ मिलकर ईरान के खिलाफ हमला करना चाहते हैं, तो उन्हें इससे कोई समस्या नहीं है. ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान के मौजूदा सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई के मारे जाने के बाद नए सुप्रीम लीडर को चुनने में उनकी भी भूमिका होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि खामेनेई का बेटा इस पद के लायक नहीं है. ट्रंप ने कहा, “खामेनेई का बेटा कमजोर है. नए नेता को चुनने में मुझे भी शामिल होना होगा, जैसे वेनेजुएला में डेल्सी रोड्रिगेज के मामले में हुआ था.” उन्होंने वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो का भी जिक्र किया.
- इससे पहले व्हाइट हाउस में ट्रंप ने ईरान की सेना से सरेंडर करने को कहा. उन्होंने ईरान की जनता से भी कहा कि वे उठकर सरकार को हटा दें. ट्रंप ने कहा कि 1979 की क्रांति के बाद से जो धार्मिक सरकार ईरान पर राज कर रही है, उसे खत्म करने का समय आ गया है. उन्होंने ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड, सेना और पुलिस से कहा कि वे हथियार छोड़ दें और अपने देश को वापस लेने में लोगों की मदद करें. ऐसा किया तो उन्हें बख्श दिया जाएगा (इम्युनिटी दी जाएगी).
- इसी बीच अमेरिका ने कुवैत में अपने दूतावास को खाली करने का आदेश दिया है. गुरुवार रात से शुक्रवार के बीच यह प्रक्रिया होगी. दूतावास के कर्मचारियों को गुप्त जानकारी नष्ट करने और सीक्रेट सर्वर साफ करने का आदेश दिया गया है.
- इजरायल के सेना प्रमुख एयाल जमीर ने कहा कि ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल का सैन्य अभियान अब अगले चरण में जा रहा है. उनका कहना है कि अब ईरान की सैन्य ताकत को पूरी तरह खत्म करने की कोशिश होगी. उन्होंने कहा, “इस चरण में हम ईरानी शासन और उसकी सैन्य क्षमता को और कमजोर करेंगे. हमारे पास आगे और भी योजनाएं हैं, जिनका अभी खुलासा नहीं करेंगे.”
- शुक्रवार को ईरान के नए मिसाइल हमले के बाद तेल अवीव में कई धमाके हुए. दमकलकर्मी एक रिहायशी इमारत में लगी आग बुझाने में लगे रहे. यह हमले तब हुए जब इजरायल ने हिजबुल्लाह के खिलाफ भी अपने हमले बढ़ा दिए हैं. इजरायल ने कहा कि तेहरान समर्थित इस संगठन ने युद्ध में शामिल होकर स्थिति को और गंभीर बना दिया है.
- ईरान के सरकारी टीवी ने कहा कि तेहरान ने “तेल अवीव के केंद्र में मौजूद लक्ष्यों” पर मिसाइलें दागी हैं. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि अगर उनके देश पर जमीनी हमला हुआ तो उसके दुश्मनों के लिए यह बहुत बड़ी तबाही होगी. उन्होंने कहा, “हम उनका इंतजार कर रहे हैं और हमें भरोसा है कि हम उनका सामना कर सकते हैं.”
- सऊदी अरब ने बताया कि शुक्रवार सुबह उसने अपने एक एयरबेस की ओर आ रही तीन बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया. ये मिसाइलें प्रिंस सुल्तान एयर बेस की तरफ भेजी गई थीं.
- लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इजरायल के हमलों में अब तक 123 लोगों की मौत हो चुकी है और 638 लोग घायल हुए हैं. इनमें बेरूत के दक्षिणी इलाकों पर हुए नए हमले भी शामिल हैं. मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था लगभग आपात स्थिति में है और महंगाई तेजी से बढ़ रही है. उन्होंने चेतावनी दी कि जो व्यापारी बहुत ज्यादा कीमत बढ़ाएंगे, उनके खिलाफ सैन्य अदालत में केस चल सकता है.
- यमन में ईरान समर्थित हूती संगठन के नेता अब्दुल मलिक अल-हूती ने कहा कि उनका समूह कभी भी ईरान के अंदर हमला करने के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि अगर हालात बिगड़ते हैं तो वे तुरंत जवाब देंगे.
- बहरीन के गृह मंत्रालय ने बताया कि राजधानी मनामा में दो होटलों और एक रिहायशी इमारत पर ईरान की तरफ से हमला किया गया. इस हमले में संपत्ति को नुकसान हुआ लेकिन किसी की मौत नहीं हुई. इससे पहले इसी हफ्ते बहरीन में मौजूद अमेरिकी नौसेना के ठिकाने पर भी ईरान की मिसाइलें दागी गई थीं.
यह भी पढ़ें: ईरान से जंग के बीच भारत को रूसी तेल खरीदने के लिए अमेरिका से मिली 30 दिन की छूट
Featured Video Of The Day
IND vs ENG, T20 World 2026: इंग्लैंड ने जीता टॉस, भारत पहले करेगा बैटिंग | Breaking News














