- अमेरिका ने अपनी JASSM-ER क्रूज मिसाइलों का बड़ा हिस्सा मिडिल ईस्ट में ईरान के खिलाफ तैनात कर दिया है
- मार्च के अंत तक अमेरिका ने अपने 2300 JASSM-ER मिसाइलों में से अधिकांश ईरान के मोर्चे पर भेज दीं हैं
- अमेरिका ने महज चार हफ्तों में 1000 से अधिक JASSM-ER मिसाइलें दाग दी हैं
ईरान के साथ जारी जंग अब उस मुकाम पर पहुंच गई है जहां अमेरिका ने अपने तरकश के सबसे खतरनाक तीर निकालने शुरू कर दिए हैं. पेंटागन ने अपनी सबसे मारक और लंबी दूरी की 'JASSM-ER' क्रूज मिसाइलों का रुख ईरान की तरफ कर दिया है. ये मिसाइलें इतनी खतरनाक हैं कि दुश्मन के रडार की पकड़ में आए बिना सैकड़ों मील दूर से ही तबाही मचा सकती हैं. चौंकाने वाली बात यह है कि अमेरिका ने अपनी इन मिसाइलों का बड़ा जखीरा प्रशांत महासागर में बसे बेस से हटाकर मिडिल ईस्ट भेजना शुरू कर दिया है.
सूत्रों के मुताबिक़, मार्च के आखिरी हफ्ते में इन मिसाइलों को शिफ्ट करने का आदेश जारी किया गया. अमेरिका के पास जंग से पहले कुल 2,300 JASSM-ER मिसाइलों का स्टॉक था. इनमें से अब दुनिया के बाकी हिस्सों के लिए महज 425 ही बचेंगी. बाकी का बड़ा हिस्सा ईरान के खिलाफ मोर्चे पर तैनात किया जा रहा है.
'सुपरपावर' अमेरिका का खाली हो रहा हथियारों का जखीरा
ये जंग कितनी भीषण है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि महज चार हफ्तों में अमेरिका ने 1,000 से ज्यादा JASSM-ER मिसाइलें दाग दी हैं. यह वही मिसाइल है जिसकी एक यूनिट की कीमत लगभग 15 लाख डॉलर (करीब 12.5 करोड़ रुपये) है.
सिर्फ हमलावर मिसाइलें ही नहीं, बल्कि बचाव करने वाले इंटरसेप्टर का भी कम पड़ने लगा है. ईरान ने अब तक करीब 1,600 बैलिस्टिक मिसाइलें और 4,000 के करीब शाहेद ड्रोन दागे हैं. इनसे बचने के लिए हजारों की तादाद में पैट्रियट और थाड (THAAD) मिसाइलों की जरूरत है. अमेरिका और इजरायल ने दावा जरूर किया है कि उन्होंने ईरान के हवाई रक्षा तंत्र को मिट्टी में मिला दिया है, लेकिन हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है.
यह भी पढ़ें: ऊर्जा संकट से लेकर NATO के बिखराव तक... ईरान-इजरायल युद्ध ने दुनिया में क्या-क्या बदला, 5 प्वाइंट्स में समझें
ईरान के हमले अमेरिका को कर रहे हैं परेशान
भले ही अमेरिका अपनी हवाई ताकत का लोहा मनवाने की कोशिश कर रहा हो, लेकिन ईरान ने भी सख़्त तेवर दिखाए हैं. बीते दिनों अमेरिका का F-15E स्ट्राइक फाइटर जेट ईरान ने मार गिराया गया. इतना ही नहीं, एक A-10 अटैक जेट और रेस्क्यू के लिए निकले दो हेलीकॉप्टर भी ईरानी अटैक की चपेट में आ गए. इसके अलावा ईरान ने अब तक अमेरिका के 12 से ज़्यादा MQ-9 रीपर ड्रोन भी तबाह कर दिए हैं.
लेकिन जानकारों का मानना है कि अगर आसमान वाकई साफ होता तो अमेरिका को इतनी महंगी 'स्टैंड-ऑफ' (दूर से वार करने वाली) मिसाइलों की जरूरत नहीं पड़ती. स्टिमसन सेंटर की फेलो केली ग्रीको का कहना है कि पुराने B-52 विमानों का अब उड़ान भरना कई सवाल खड़े करता है.
यह भी पढ़ें: ईरान पर 'खतरनाक' प्लान तैयार? अमेरिका-इजरायल हफ्तेभर में कुछ बड़ा करने वाले हैं!














