- युगांडा के आर्मी चीफ मुहूजी काइनेरुगाबा ने तुर्किए से एक बिलियन डॉलर का सुरक्षा मुआवजा मांग किया है
- काइनेरुगाबा ने तुर्किए की सबसे खूबसूरत महिला से शादी करने की इच्छा भी व्यक्त की है
- उन्होंने 30 दिनों में मांगें पूरी न होने पर तुर्किए का युगांडा में दूतावास बंद करने की चेतावनी दी है
युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी के बेटे और वहां के आर्मी चीफ मुहूजी काइनेरुगाबा ने बेहद अजीबोगरीब मांग की है. काइनेरुगाबा ने तुर्किए की सबसे खूबसूरत महिला से शादी करने की इच्छा जताई है. इसके अलावा उन्होंने 1 बिलियन डॉलर यानी करीब 8400 करोड़ रुपये की भी मांग की है. उन्होंने तुर्किए को 30 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो युगांडा में तुर्किए का दूतावास बंद कर दिया जाएगा और राजनयिक संबंध खत्म कर दिए जाएंगे.
तुर्किए से मांगे 1 बिलियन डॉलर
काइनेरुगाबा ने दावा किया कि क्षेत्रीय सुरक्षा प्रयासों में युगांडा के योगदान को कोई पहचान नहीं मिली है और इसलिए उसे वित्तीय मुआवजा मिलना चाहिए. उन्होंने एक्स पर कई पोस्ट किए और तुर्किए पर निशाना साधा. काइनेरुगाबा का दावा है कि सोमालिया में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए युगांडा के सैनिक पिछले दो दशकों से अल-शबाब जैसे आतंकी समूहों से लड़ रहे हैं, लेकिन इसका आर्थिक फायदा तुर्किए उठा रहा है. काइनेरुगाबा ने आरोप लगाया कि तुर्किए सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में बंदरगाहों और हवाई अड्डों जैसे बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से भारी मुनाफा कमा रहा है. उन्होंने कहा, 'तुर्किए के लिए यह एक आसान डील है. या तो वे हमें 1 बिलियन डॉलर का सुरक्षा मुआवजा दें, या मैं यहां उनका दूतावास बंद कर दूंगा.'
सबसे खूबसूरत महिला से शादी की इच्छा
आर्थिक मांग के साथ-साथ काइनेरुगाबा ने एक और विवादास्पद टिप्पणी की. उन्होंने तुर्किए से कहा कि वे देश की 'सबसे खूबसूरत महिला' को उन्हें सौंप दें, जिससे वे शादी करेंगे. उन्होंने चेतावनी दी कि उनके बयानों को सोशल मीडिया ड्रामा न समझा जाए, क्योंकि युगांडा और तुर्किए के रिश्ते गंभीर हैं.
'इजरायल में 1 लाख सैनिक भेजने को तैयार'
इसी सिलसिलेवार पोस्ट में मुहूजी ने इजरायल के प्रति अपना अटूट समर्थन भी जाहिर किया. उन्होंने कहा, 'मैं अपने कमान के तहत 1,00,000 युगांडा के सैनिकों को इजरायल भेजने के लिए तैयार हूं, ताकि पवित्र भूमि हमारे भगवान ईसा मसीह की भूमि की रक्षा की जा सके.'
युगांडा के नागरिकों को चेतावनी
जनरल काइनेरुगाबा ने युगांडा के लोगों को अपनी सुरक्षा के लिए तुर्किए की यात्रा न करने की सलाह दी है. उन्होंने तुर्किए पर पीठ में छुरा घोंपने का आरोप लगाते हुए कहा कि युगांडा को ऐसे दोस्तों की जरूरत नहीं है.
यह भी पढ़ें: ईरान-US में फिर छिड़ी जंग तो दुनिया के सामने क्या होंगी चुनौतियां, LPG संकट को लेकर भारत कितना तैयार?
जॉर्जिया मेलोनी से भी शादी करने की कर चुके हैं मांग
यह पहली बार नहीं है जब काइनेरुगाबा ने ऐसा अजीबोगरीब बयान दिया है. इससे पहले अक्टूबर 2022 में उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा कि वे इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से शादी करने के बदले 100 अंकोले गायें देने को तैयार हैं, जिन्हें उन्होंने पृथ्वी पर सबसे सुंदर गायें बताया.
यह भी पढ़ें: ईरान-अमेरिका सीजफायर के बीच भारत की 'एनर्जी डिप्लोमेसी', जयशंकर ने यूएई के राष्ट्रपति से की मुलाकात













