यूक्रेन के सुमी में रूस ने एक बड़े फार्मा प्लांट पर ड्रोन से हमला किया है. इस हमले में एक शख्स की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. ये फार्मा प्लांट कुसुम ग्रुप का है और इसे भारतीय नागरिक राजीव गुप्ता चलाते हैं. इस हमले की वजह से प्लांट में भयंकर आग लग गई, जिससे फैक्ट्री को काफी नुकसान पहुंचा है. सामने आए वीडियो में इस हमले के असर को साफ देखा जा सकता है.
सुमी का ये प्लांट रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान भी लगातार चलता रहा, लेकिन अब इसे भारी नुकसान पहुंचा है. नुकसान का अनुमान कम से कम 400 करोड़ रुपये लगाया गया है. कुसुम ग्रुप खुद को भारतीय जड़ों वाली यूक्रेनी कंपनी बताता है.
हमले के बाद कंपनी के मालिक राजीव गुप्ता ने एनडीटीवी से बात की. उन्होंने कहा कि युद्ध के बावजूद वो प्लांट को चलाते रहे, लेकिन अभी हुआ ये हमला बेहद दुखद है.
कुसुम ग्रुप की शुरुआत 1994 में एक डिस्ट्रीब्यूटर के तौर पर हुई थी, जो भारत से यूक्रेन में दवाएं एक्सपोर्ट करता था. 2002 में, इसने दूसरी कंपनियों के प्रोडक्ट्स का डिस्ट्रीब्यूशन बंद कर दिया और अपने खुद के ब्रांड्स की मार्केटिंग शुरू कर दी. इसके बाद यह मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में आया.
2007 में भारत में और 2009 में यूक्रेन के सुमी में प्लांट खोले, और बाद में भारत में दो और प्लांट शुरू किए. यह ग्रुप 50 से ज़्यादा (ज़्यादातर जेनेरिक) प्रोडक्ट्स बनाता है और उन्हें नौ से ज़्यादा देशों में बेचता है, जिनमें मुख्य रूप से यूक्रेन, उज़्बेकिस्तान, कज़ाकिस्तान और फिलीपींस शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें: इटली, जर्मनी और फ्रांस पर ड्रोन से हमला करने की तैयारी में रूस? अमेरिकी खुफिया एजेंसी के हवाले से रिपोर्ट