उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए आंधी-तूफान ने जमकर कहर बरपाया. करीब 19 जिलों में नुकसान की खबर है. 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. इस आपदा पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपनी संवेदना जताई है. पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू को संवेदना संदेश भेजा है.
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने उत्तर प्रदेश में इस प्राकृतिक आपदा में जान-माल के भारी नुकसान पर गहरी संवेदना व्यक्त की है. रूस के विदेश मंत्रालय की तरफ से सोशल मीडिया पर पोस्ट पुतिन के मैसेज में लिखा है कि उत्तर प्रदेश में आपदा से बड़े पैमाने पर हुई तबाही को लेकर मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. उन्होंने प्रभावित लोगों के प्रति अपनी चिंता भी जाहिर की.
रूसी राष्ट्रपति ने खासतौर से उन परिवारों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की, जिन्होंने इस आपदा में अपनों को खोया है. उन्होंने संदेश में लिखा कि इस प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों और प्रियजनों के प्रति मेरी सहानुभूति है. मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.
इससे पहले, आंधी-तूफान से उत्तर प्रदेश में हुए नुकसान की जानकारी देते हुए रिलीफ कमिश्नर हरिकेश भास्कर ने बताया कि इस आपदा में प्रदेश में 104 लोगों की मौत हुई है. इनमें से 4 लोग बिजली गिरने से मारे गए. 52 लोग घायल हुए हैं. इस आपदा में पशुओं को भी काफी नुकसान हुआ है. 130 से ज्यादा मवेशियों की मौत की खबर है. 98 से ज्यादा घरों को भी नुकसान पहुंचा है.
इस प्राकृतिक आपदा पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है और डीएम समेत अन्य अधिकारियों को तुरंत प्रभावित स्थलों पर जाकर नुकसान का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं ताकि प्रभावित परिवारों को मुआवजा प्रदान किया जा सके. सीएम ने सभी जिलों से हर तीन घंटे में स्टेटस रिपोर्ट भेजने को भी कहा है.














