- ईरान के सुरक्षा बलों ने होर्मुज से गुजर रहे तीन कंटेनर जहाजों पर हमला किया है जिसमें एक भारत जा रहा था
- दो जहाजों को ईरान ने बंधक बना लिया है और कम-से-कम एक जहाज को इस हमले में नुकसान पहुंचा है
- ईरान ने इन जहाजों पर गोलीबारी को समुद्री नियमों का उल्लंघन और चेतावनियों की अवहेलना बताया है
अमेरिका और ईरान के सीजफायर के बाद भी होर्मुज स्ट्रेट में टेंशन बढ़ी हुई है. बुधवार को ईरान के सुरक्षा बलों ने होर्मुज से गुजर रहे तीन जहाजों पर हमला किया. इन जहाजों में से एक भारत की ओर जा रहा था. इस गोलीबारी के बाद अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता को लेकर अनिश्चितता और बढ़ गई है. जहाज-ट्रैकिंग डेटा से पता चलता है कि तीनों कंटेनर जहाज फारसी खाड़ी से होते हुए होर्मुज स्ट्रेट से गुजरे. इनमें से दो जहाजों ने जलमार्ग पार करते समय अपने स्थान, गंतव्य और मूल बंदरगाह के बारे में कोई जानकारी नहीं दी. ईरान ने भारत आ रहे जहाज समेत दो को बंधक भी बनाया है.
दो जहाजों को अपने कब्जे में लिया
ईरान के सरकारी मीडिया ने इन तीनों कंटेनर जहाजों की पहचान लाइबेरिया के झंडे वाले एपामिनोंडास, पनामा के झंडे वाले MSC फ्रांसेस्का और यूफोरिया के रूप में की है. इस घटना में दो जहाजों को बाद में कब्जे में ले लिया गया और कम-से-कम एक जहाज को नुकसान भी पहुंचा. हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. ईरान ने जिन जहाजों को अपने कब्जे में लिया है, उनमें भारत आ रहा जहाज भी शामिल है.
भारत आ रहा था एक जहाज
जहाज-ट्रैकिंग सर्विस VesselFinder पर उपलब्ध AIS डेटा के अनुसार, 'एपामिनोंडास' ने भारत को अपना गंतव्य बताया था. बुधवार को सबसे पहले इसी जहाज पर गोलीबारी हुई थी. UK मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर के अनुसार, ईरान के की IRGC की एक गन बोट ने होर्मुज स्ट्रेट में ओमान से 15 नॉटिकल मील उत्तर-पूर्व की ओर इस कंटेनर जहाज पर गोलीबारी की. इस हमले से जहाज के कमांड सेंटर को भारी नुकसान पहुंचा.
ईरान बोला- नियमों का उल्लंघन किया
आईआरजीसी की गोलीबारी की जद में आने वाले अन्य जहाजों में ‘एमएससी फ्रांसेस्का' श्रीलंका के हम्बनटोटा बंदरगाह की ओर जा रहा था जबकि ‘यूफोरिया' जहाज का गंतव्य जेद्दा था. ईरान ने दावा किया कि इन जहाजों ने समुद्री नियमों का उल्लंघन किया या चेतावनियों को नजरअंदाज किया. वहीं, कुछ समुद्री सूत्रों का कहना है कि कम-से-कम एक जहाज को पहले से अनुमति मिली हुई थी.
जलमार्ग मंत्रालय में एडिशनल सचिव मुकेश मंगल ने हाल ही में कहा था कि पिछले सप्ताह होर्मुज पार करने की कोशिश कर रहे दो भारतीय जहाजों पर भी गोलीबारी हुई थी, जिसके बाद उन्हें वापस लौटना पड़ा था. हालांकि भारतीय ध्वज वाला टैंकर ‘देश गरिमा' 18 अप्रैल को सुरक्षित रूप से होर्मुज को पार कर चुका है और इसके जल्द मुंबई पहुंचने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: IRGC ने होर्मुज में 3 जहाजों पर की फायरिंग, ईरान ने लगाया सुरक्षा को खतरे में डालने का आरोप













