- PM मोदी ने ऑकलैंड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में न्यूजीलैंड के PM क्रिस्टोफर लक्सन के डांस की तारीफ की.
- क्रिस्टोफर लक्सन ने दमादम मस्त कलंदर गाने पर उत्साहपूर्वक डांस कर भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान दिखाया था.
- विपक्षी नेता क्रिस हिपकिंस भी समारोह में मौजूद थे और उन्होंने लक्सन के साथ मंच पर डांस किया.
'भारत के स्वतंत्रता दिवस समारोह पर आयोजित कार्यक्रम में आपने क्रिस हिपकिंस के साथ दमादम मस्त कलंदर गाने पर जो डांस किया, वह काफी वायरल हुआ. आपके वो मूव कीवी इंडियन के दिलों में छप गए हैं.' शनिवार को ऑकलैंड में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के लिए जब यह बयान दिया, पूरा स्टेडियम तालियों से गूंज उठा. कार्यक्रम में मौजूद कीवी प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन भी मोदी की इस टिप्पणी पर मुस्कुराते नजर आए. पीएम मोदी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लक्सन का पुराना डांस वीडियो भी तैरने लगा. इस वीडियो में लक्सन बड़ी जोश से थिरकते नजर आ रहे हैं.
दमादम मस्त कलंदर पर कीवी पीएम का डांस
दरअसल पीएम मोदी ने न्यूजीलैंड में प्रवासी भारतीयों के कार्यक्रम में क्रिस्टोफर लक्सन के जिस डांस का जिक्र किया, वो अगस्त का है. न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन का 'दमादम मस्त कलंदर' गाने पर किया गया डांस तब भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था. उस समय ऑकलैंड में भारतीय स्वतंत्रता दिवस समारोह पर एक कार्यक्रम आयोजित थी, जिसमें लक्सन ने भारतीय संस्कृति के प्रति अपना सम्मान और उत्साह प्रकट किया था.
विपक्ष के नेता हिपकिंस भी थे मौजूद
इस कार्यक्रम में पीएम क्रिस्टोफर लक्सन के साथ न्यूजीलैंड के विपक्षी नेता क्रिस हिपकिंस भी मौजूद थे. लक्सन ने हिपकिंस को भी मंच पर आमंत्रित किया और दोनों नेताओं ने एक साथ इस गाने पर कदम थिरकाए. भारतीय गायिका शिबानी कश्यप ने ड्यू ड्रॉप इवेंट सेंटर में चल रहे इस लाइव परफॉर्मेंस के दौरान पीएम को मंच पर बुलाया था.
लक्सन ने दिखाया था गजब का जोश
जहां विपक्ष के नेता क्रिस हिपकिंस थोड़ा संभलकर और लयबद्ध तरीके से डांस कर रहे थे, वहीं पीएम क्रिस्टोफर लक्सन बेहद ऊर्जावान अंदाज में थिरकते नजर आए. बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ. लक्सन के जोश की जमकर तारीफ हुई थी.
यह भी पढ़ें - जब न्यूजीलैंड में पीएम मोदी ने दिखाया 30 साल पुराना मफलर और सुना दिया 3 गिफ्ट वाला किस्सा