- ईरान ने बहरीन की सरकारी ऊर्जा कंपनी बापको की तेल रिफाइनरी पर हमला किया जिससे कारण उसे बंद कर दिया गया है
- बापको ने मिडिल ईस्ट के क्षेत्रीय संघर्ष और हमले को लेकर अप्रत्याशित घटना का नोटिस जारी किया है
- सऊदी अरब ने एम्प्टी क्वार्टर में ड्रोन हमले को रोका और रियाद में भी ड्रोन और प्रोजेक्टाइल मार गिराए
ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल के शुरू किए गए जंग ने पूरे मिडिल ईस्ट को हिंसा की आग में झोंक दिया है. ईरान इजरायल के साथ-साथ पूरे खाड़ी क्षेत्र में मौजूद उन देशों को भी निशाना बना रहा है जहां अमेरिका के सैन्य बेस हैं. इसी क्रम में बहरीन में सरकारी स्वामित्व वाली ऊर्जा कंपनी बापको के तेल रिफाइनरी पर ईरान ने हमला किया है. हमले के बाद रिफाइनरी को बंद कर दिया गया है. कंपनी द्वारा पोस्ट किए गए एक बयान में कहा गया है, "बापको अपने समूह संचालन पर अप्रत्याशित घटना (Force majeure) का नोटिस देता है जो मिडिल ईस्ट में चल रहे क्षेत्रीय संघर्ष और इसके रिफाइनरी परिसर पर हाल के हमले से प्रभावित हुआ है."
अप्रत्याशित घटना या Force majeure एक कानूनी धारा है जो किसी कंपनी को अपने कॉन्ट्रैक्ट में दिए दायित्वों को अस्थायी रूप से निलंबित या रद्द करने की अनुमति देती है जब उसके नियंत्रण से परे ऐसी असाधारण घटनाएं हो जाती हैं जो उसे अपने दायित्वों को पूरा करने से रोकती हैं. ऐसी घटनाओं में युद्ध, प्राकृतिक आपदाएँ, सरकारी कार्रवाइयां या प्रमुख आपूर्ति व्यवधान शामिल हो सकते हैं. इन स्थितियों में, कंपनी को कॉन्ट्रैक्ट के तहत डिलीवरी में विफल रहने के लिए उत्तरदायी नहीं ठहराया जाता है.
न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार कतर और कुवैत में तेल कंपनियों ने पहले इसी तरह की घोषणा की थी.
सऊदी के अरामको पर अभी की हमले की कोशिश
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय के अनुसार एम्प्टी क्वार्टर में शायबा ऑयलफील्ड्स को टारगेट कर रहे कई ड्रोन को इंटरसेप्ट किया गया. यह अरामको की चलाई जाने वाली फैसिलिटी है और यह आम तौर पर एक दिन में दस लाख बैरल से ज्यादा तेल बनाती है. सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय का यह भी कहना है कि उसने राजधानी रियाद के उत्तर में दो ड्रोन मार गिराए और शहर के डिप्लोमैटिक इलाके को टारगेट कर रहे किसी प्रोजेक्टाइल को भी मार गिराया.
यूएई भी ईरानी हमलों से बच नहीं पाया है. उन्होंने कहा है कि वे फुजैराह इलाके में किसी तरह की बड़ी आग से निपट रहे हैं, जो किसी तरह के प्रोजेक्टाइल के मलबे से लगी थी जिसे इंटरसेप्ट किया गया था.














