- पाकिस्तान में आर्थिक संकट के बीच केरोसिन की कीमतों में प्रति लीटर 4.66 पाकिस्तानी रुपये की वृद्धि हुई है.
- इस बढ़ोतरी के बाद पाकिस्तान में केरोसिन की नई दर 433.40 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है.
- वहीं पाकिस्तान में शनिवार को वाणिज्यिक यात्री विमानों के लिए जेट ईंधन की कीमतें 28 दिन में पांचवीं बार बढ़ गई.
गंभीर आर्थिक संकट, रिकॉर्ड महंगाई, विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव और आईएमएफ की सख्त शर्तों से जूझ रहे पाकिस्तान में आम लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. पहले से ही खस्ताहाल अर्थव्यवस्था के बीच अब ईंधन की कीमतों में एक और बढ़ोतरी ने हालात और बिगाड़ दिए हैं. पाकिस्तान सरकार ने केरोसिन की कीमतों में इजाफा करते हुए आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है, जिससे घरेलू खर्च और महंगाई दोनों पर सीधा असर पड़ने वाला है. द एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने बताया कि पेट्रोलियम विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, पाकिस्तान की सरकार ने केरोसिन की कीमत में 4.66 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है, जिससे 28 मार्च से इसकी नई दर 433.40 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है.
एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान की सरकार ईंधन पर सब्सिडी का कुछ हिस्सा खुद वहन कर रही है. इसके तहत पेट्रोल पर 95.59 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 203.88 रुपये प्रति लीटर का भुगतान तेल विपणन कंपनियों को किया जा रहा है. इसके बावजूद केरोसिन की कीमतों में बढ़ोतरी ने गरीब और मध्यम वर्ग की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि इसका सीधा असर घरेलू ईंधन और रोजमर्रा के खर्चों पर पड़ता है.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान के पूर्व सेना प्रमुख कमर बाजवा का निधन, एक महीने से अस्पताल में थे भर्ती
जेट ईंधन की कीमतों में भी बढ़ोतरी
इस बीच पाकिस्तान सरकार ने शनिवार को वाणिज्यिक यात्री विमानों के लिए जेट ईंधन की कीमतों में भी 28 दिनों में पांचवीं बार बढ़ोतरी की. रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और तेल संकट को इसकी मुख्य वजह बताया गया है. पाकिस्तान स्टेट ऑयल के अनुसार, ताजा 5 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद जेट ईंधन की कीमत रिकॉर्ड 476.97 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है.
एक्सप्रेस ट्रिब्यून के अनुसार, पाकिस्तान स्टेट ऑयल ने एक बयान का हवाला देते हुए कहा कि 5 पाकिस्तानी रुपया प्रति लीटर की ताजा बढ़ोतरी के बाद जेट ईंधन की कीमत रिकॉर्ड 476.97 पाकिस्तानी रुपया प्रति लीटर हो गई है. 1 मार्च से अस्थिर वैश्विक ऊर्जा बाजारों के बीच कीमत में 288 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है, जो महीने की शुरुआत में 188 पाकिस्तानी रुपया प्रति लीटर थी.
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की टिकट 7 लाख रुपये तक पहुंची
अधिकारियों और उद्योग सूत्रों के मुताबिक, विमान के ईंधन की लागत में बढ़ोतरी से एयरलाइंस को टिकटों की कीमतें बढ़ानी पड़ी हैं. उन्होंने जेट ईंधन की कमी और सीमित तेल भंडार को इस इजाफे का प्रमुख कारण बताया है. एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, उद्योग विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि जेट ईंधन की बढ़ती कीमतों से एयरलाइंस की ऑपरेशनल लागत में और बढ़ोतरी होगी, जिसके कारण यात्री किरायों में और बढ़ोतरी होने की संभावना है.
द एक्सप्रेस ट्रिब्यून के अनुसार, कराची-इस्लामाबाद और कराची-लाहौर जैसे प्रमुख मार्गों पर घरेलू एकतरफा किराया 40,000 पाकिस्तानी रुपये तक पहुंच गया है. इसके साथ ही मिडिल-ईस्ट, टोरंटो, पेरिस और मैनचेस्टर सहित अन्य स्थानों के लिए अंतरराष्ट्रीय इकोनॉमी क्लास के किरायों में भी भारी वृद्धि हुई है, जो करीब 3 लाख पाकिस्तानी रुपये से 7 लाख पाकिस्तानी रुपये के बीच हैं.
पाकिस्तान में पहले से ही बढ़ती महंगाई के बीच ईंधन कीमतों में यह वृद्धि आम जनता की मुश्किलें और बढ़ाने वाली मानी जा रही है.














