20 days ago

संयुक्‍त अरब अमीरात पर ईरान के हमले लगातार जारी हैं. ईरान की ओर से लगातार मिसाइल और ड्रोन दागे जा रहे हैं. अबू धाबी के खलीफा आर्थिक क्षेत्र के पास एयर डिफेंस सिस्‍टम ने एक बैलेस्टिक मिसाइल को सफलतापूर्वक इंटरसेप्‍ट कर लिया. इस मामले में जांच के बाद अधिकारियों ने मिसाइल का मलबा गिरने से हुई घटना के चलते पांच भारतीयों के घायल होने की पुष्टि की है. पांचों व्‍यक्तियों को मामूली चोटें आई हैं. उधर, अधिकारियों ने कहा कि जनता को सलाह दी जाती है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें और अफवाहें या अपुष्ट जानकारी फैलाने से बचें. 
 

Iran US Israel War News LIVE Updates: 

Mar 28, 2026 14:38 (IST)

अमेरिका-इजरायल का विरोध तो ईरान का समर्थन, लखनऊ में शिया मुसलमानों का प्रदर्शन

ईरान अमेरिका युद्ध के बीच लखनऊ में शिया मुसलमानों में एक बार फिर विरोध प्रदर्शन किया है. मौलाना यासूब अब्बास के नेतृत्व में लखनऊ के शहीद पार्क में सैकड़ों मुसलमान इकट्ठे होकर अमेरिका और इजरायल का विरोध और ईरान को अपना समर्थन जताया. इससे पहले भी शिया मुसलमानों ने ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन पर शोक जताने के लिए प्रदर्शन किया था. 

Mar 28, 2026 13:37 (IST)

इराक के इरबिल एयरपोर्ट के पास जबरदस्‍त धमाका, धुआं उठता भी आया नजर

इराक के ऑटोनोमस कुर्दिस्तान इलाके में स्थित इरबिल शहर के इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास शनिवार सुबह एक धमाके की आवाज सुनी गई. एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उन्होंने धुआं उठता देखा. इरबिल में एक बड़ा अमेरिकी वाणिज्य दूतावास परिसर है, जबकि इसके एयरपोर्ट पर अमेरिकी नेतृत्व वाले अंतरराष्ट्रीय जिहाद-विरोधी गठबंधन से जुड़े सैन्य सलाहकार हैं. ईरान समर्थक सशस्त्र समूहों द्वारा नियमित ड्रोन हमलों को आमतौर पर हवाई सुरक्षा द्वारा विफल कर दिया जाता है. 

Mar 28, 2026 12:36 (IST)

ईरान ने गोलेस्तान प्रांत में 'आतंकी सेल' का भंडाफोड़ किया, दो संदिग्ध गिरफ्तार: रिपोर्ट

ईरान ने शनिवार को कहा कि उसके सुरक्षा बलों ने उत्तरी गोलेस्तान प्रांत में एक आतंकी सेल का भंडाफोड़ किया और सशस्त्र हमले की साजिश रचने के आरोप में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. ईरान की तसनीम न्यूज एजेंसी के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि खुफिया यूनिट ने निगरानी और सार्वजनिक रिपोर्टों के माध्यम से समूह की पहचान की. समूह के अमेरिका और इजरायल से संबंध होने का आरोप है. सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर एक अभियान चलाने से पहले ही संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया. समाचार एजेंसी के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि गोरगान में एक ठिकाने पर छापेमारी में चार कोल्ट राइफलें और 43 राउंड गोला-बारूद जब्त किया गया है. 

Mar 28, 2026 11:42 (IST)

स्‍ट्रेट ऑफ होर्मुज से पेट्रोलियम उत्‍पाद लेकर भारत आ रहे दो और जहाज

भारत के लिए पेट्रोलियम उत्पाद ले जा रहे दो और व्यापारिक जहाज स्‍ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे हैं. भारतीय नौसेना के युद्धपोत उन्हें सहायता प्रदान करने के लिए तैयार हैं. सूत्रों के अनुसार, जल्द ही और भी जहाजों के आने की संभावना है. 

Advertisement
Mar 28, 2026 10:54 (IST)

थाईलैंड के तेल के जहाजों को स्‍ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की अनुमति देगा ईरान, दोनों देशों में समझौता

थाईलैंड के प्रधानमंत्री ने शनिवार को कहा कि थाईलैंड ने ईरान के साथ एक समझौता किया है जिसके तहत थाईलैंड के तेल जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दी जाएगी. थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि थाई तेल टैंकरों को होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित रूप से गुजरने की अनुमति देने के लिए एक समझौता हो गया है. उन्होंने आगे कहा कि इस घटनाक्रम से ईंधन आयात को लेकर चिंताओं को कम करने में मदद मिलेगी. 

Mar 28, 2026 10:52 (IST)

इजरायल पर यमन से मिसाइल हमला, हूती विद्रोहियों ने एक दिन पहले ही दी थी चेतावनी

इजरायल पर शनिवार को यमन से मिसाइल हमला किया गया. इजरायल की सेना ने यह जानकारी दी है. हालांकि इस हमले में किसी के हताहत होने या नुकसान की कोई खबर नहीं है. यमन के हूती विद्रोहियों ने शुक्रवार को चेतावनी दी थी कि अगर अमेरिका-इजरायल के हमले उसके सहयोगी ईरान पर जारी रहे या और देश इस संघर्ष में शामिल हुए तो वह युद्ध में शामिल हो जाएगा. 

Advertisement
Mar 28, 2026 10:12 (IST)

अबू धाबी में बैलेस्टिक मिसाइल का मलबा गिरने से 5 भारतीय घायल

संयुक्‍त अरब अमीरात पर ईरान के हमले लगातार जारी हैं. ईरान की ओर से लगातार मिसाइल और ड्रोन दागे जा रहे हैं. अबू धाबी के खलीफा आर्थिक क्षेत्र के पास एयर डिफेंस सिस्‍टम ने एक बैलेस्टिक मिसाइल को सफलतापूर्वक इंटरसेप्‍ट कर लिया. इस मामले में जांच के बाद अधिकारियों ने मिसाइल का मलबा गिरने से हुई घटना के चलते पांच भारतीयों के घायल होने की पुष्टि की है. पांचों व्‍यक्तियों को मामूली चोटें आई हैं. उधर, अधिकारियों ने कहा कि जनता को सलाह दी जाती है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें और अफवाहें या अपुष्ट जानकारी फैलाने से बचें. 

Mar 28, 2026 09:42 (IST)

ईरान से युद्ध कुछ हफ्ते और चलेगा...: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियान समय-सीमा के अनुसार या उससे आगे चल रहा है और उम्मीद जताई कि इसके लक्ष्य महीनों नहीं, बल्कि कुछ हफ्तों में पूरे हो जाएंगे. यह बयान अमेरिका द्वारा ईरान के खिलाफ अपने अभियान में तेजी के संकेत के रूप में देखा जा रहा है. पेरिस में जी7 सहयोगियों के साथ बैठकों के बाद बोलते हुए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि इस मिशन की शुरुआत से ही स्पष्ट रूपरेखा तय की गई थी. उन्होंने कहा कि हम ईरान की नौसेना को नष्ट करेंगे, उनकी वायुसेना को नष्ट करेंगे. हम मूल रूप से उनकी मिसाइल और ड्रोन बनाने की क्षमता को उनकी फैक्ट्रियों में खत्म कर देंगे. उन्होंने जोड़ा कि इस अभियान का उद्देश्य मिसाइल लॉन्चरों की संख्या को काफी कम करना है, ताकि ईरान इनके पीछे छिपकर परमाणु हथियार बनाने और दुनिया को धमकाने में सक्षम न रहे. 

Mar 28, 2026 09:25 (IST)

अबू धाबी में दो जगह लगी आग, बैलेस्टिक मिसाइल रोके जाने के बाद लगी आग

सऊदी अरब अमीरात के अबू धाबी के खलीफा इकोनॉमिक जोन के आसपास आग की दो घटनाएं सामने आई हैं. संबंधित अधिकारियों ने बताया कि यह आग एयर डिफेंस सिस्‍टम द्वारा एक बैलेस्टिक मिसाइल को सफलतापूर्वक रोके जाने के बाद गिरे मलबे के कारण लगी थी. साथ ही जनता को सलाह दी जाती है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें और अफवाहों या अपुष्ट सूचनाओं को फैलाने से बचें. 

Mar 28, 2026 09:20 (IST)

आईएईए ने कहा, ईरानी ठिकानों पर हमले हुए पर विकिरण का कोई खतरा नहीं मिला

इंटरनेशनल एटामिक एनर्जी एजेंसी ने शनिवार को पुष्टि की कि ईरान ने महत्वपूर्ण सुविधाओं पर नए हमलों की जानकारी दी है, जिनमें खोंडाब हैवी वाटर रिसर्च रिएक्टर भी शामिल है. एजेंसी ने कहा कि इन हमलों से कोई विकिरण जोखिम उत्पन्न नहीं हुआ है क्योंकि इस जगह पर कोई घोषित परमाणु सामग्री मौजूद नहीं थी. इस बात की जानकारी ईरान ने आईएईए को दी है और जांच में यह पाया गया कि विषम परिस्थितियों में भी कोई रेडिएशन रिसाव नहीं हुआ है. 

Advertisement
Mar 28, 2026 09:19 (IST)

ईरान युद्ध पर वेंस‑नेतन्याहू में तकरार, अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने कहा- इजरायल की उम्मीदें हकीकत से दूर

ईरान युद्ध को लेकर अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू के बीच तनाव सामने आया है. वेंस ने युद्ध और सत्ता परिवर्तन को लेकर बढ़ा‑चढ़ाकर पेश किए गए दावों पर सवाल उठाए और बातचीत के रास्ते पर जोर दिया.

Mar 28, 2026 08:59 (IST)

ईरान के बुशहर परमाणु संयत्र पर 10 दिनों में तीसरी बार हमला: आईएईए

ईरान के बुशहर परमाणु संयत्र को लगातार निशाना बनाया जा रहा है. ईरान के इस परमाणु संयंत्र पर एक बार फिर हमला हुआ है. इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी ने कहा कि ईरान से यह सूचना मिली है. 10 दिनों में यह तीसरा हमला है. 

Advertisement
Mar 28, 2026 08:16 (IST)

ईरान तबाह हो रहा है: डोनाल्‍ड ट्रंप

अमेरिका के राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप ने ईरान युद्ध को लेकर के लगातार दावे कर रहे हैं. मियामी में अमेरिकी राष्‍ट्रपति ने कहा कि हमारी सेना दुनिया में सबसे ताकतवर है. साथ ही उन्‍होंने कहा कि ईरान तबाह हो रहा है. 

Mar 28, 2026 08:08 (IST)

होर्मुज जलडमरूमध्य से होने वाले व्यापार को सुरक्षित रखने के लिए UN ने कार्य बल का किया गठन

पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में संयुक्त राष्ट्र ने चेतावनी दी है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से समुद्री यातायात में व्यवधान से वैश्विक स्तर पर व्यापक प्रभाव पड़ सकता है, विशेष रूप से मानवीय सहायता आपूर्ति और कृषि उत्पादन पर. यूएन UN महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन डुजारिक की ओर से भेजे गए संदेश में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए एक समर्पित कार्य बल के गठन की घोषणा की. संयुक्त राष्ट्र द्वारा जारी संदेश के अनुसार, इस कार्य बल का नेतृत्व जॉर्ज मोरेरा दा सिल्वा करेंगे, जो वर्तमान में संयुक्त राष्ट्र परियोजना सेवा कार्यालय (यूएनओपीएस) के कार्यकारी निदेशक के रूप में कार्यरत हैं. आधिकारिक संदेश के अनुसार, इस कार्य बल में संयुक्त राष्ट्र व्यापार और विकास सम्मेलन (यूएनसीटीएडी), अंतर्राष्ट्रीय समुद्री संगठन (आईएमओ) और अंतर्राष्ट्रीय वाणिज्य मंडल (आईसीसी) के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे. 

Mar 28, 2026 08:04 (IST)

ईरान ने तेल अवीव पर दागी कई मिसाइलें, एक व्यक्ति की मौत

Mar 28, 2026 08:02 (IST)

दमिश्‍क और नजदीकी इलाकों में सुने गए धमाके

सीरिया के स्‍टेट टेलीविजन के मुताबिक, दमिश्‍क और आसपास के इलाकों में धमाके सुने गए है. हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि इन धमाकों का कारण क्‍या था. 

Mar 28, 2026 07:55 (IST)

ईरान युद्ध, जानिए सबसे ताजा घटनाक्रम

इजरायल ने तेहरान पर हमला किया, 10 जोरदार धमाकों की सुनी गई आवाज 

इजरायल की सेना ने शनिवार तड़के ईरान के कई ठिकानों पर हमले किए. राजधानी तेहरान में करीब 10 जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई और धुएं का काला गुबार उठते देखा गया.  

हमें उनके साथ खड़े रहने की जरूरत नहीं: नाटो पर बरसे ट्रंप 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा में मदद के लिए सैन्य सहायता भेजने से इनकार करने पर नाटो सहयोगियों के प्रति अपनी निराशा दोहराई है. उन्होंने कहा कि वे बस मौजूद नहीं थे. हम नाटो की सुरक्षा पर हर साल सैकड़ों अरब डॉलर खर्च करते हैं और हम हमेशा उनके साथ खड़े रहे हैं, लेकिन अब उनके कार्यों के आधार पर मुझे लगता है कि हमें उनके साथ खड़े रहने की जरूरत नहीं है. साथ ही उन्‍होंने कहा कि अगर वे हमारे साथ नहीं हैं तो हम उनके साथ क्यों खड़े हों? वे हमारे साथ नहीं थे. 

सऊदी अरब ने मिसाइल को रोका

सऊदी अरब ने कहा कि उसने राजधानी रियाद के इलाके को निशाना बनाकर दागी गई एक मिसाइल को रोक कर नष्ट कर दिया. 

लेबनान में इजरायल की सेना के साथ हिजबुल्‍लाह की झड़पें

इजरायल की सेना ने शुक्रवार को बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर हमला किया और कहा कि वह ईरान समर्थित आतंकवादी समूह हिजबुल्लाह को निशाना बना रही थी. दक्षिण लेबनान में हिजबुल्लाह ने कहा कि उसके लड़ाकों की इजरायली दुश्मन सेना के साथ हल्की और मध्यम हथियारों से झड़प हुई है. 

Mar 28, 2026 07:54 (IST)

ईरान इस सप्‍ताह अमेरिका के साथ वार्ता करेगा, ट्रंप के विशेष दूत स्‍टीव विटकॉफ ने जताया विश्‍वास

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने विश्वास जताया है कि ईरान इस सप्ताह अमेरिका के साथ वार्ता करेगा.  क्योंकि ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल युद्ध दूसरे महीने में प्रवेश कर चुका है. यह युद्ध 28 फरवरी को उस वक्‍त शुरू हुआ जब अमेरिका और इजरायल ने ईरान में हवाई हमले किए, जिसमें सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई मारे गए और पूरी दुनिया में सनसनी फैल गई. हालांकि युद्ध के एक महीने बाद भी इसके समाप्त होने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं. शुक्रवार को अमेरिकी-इजरायली हमलों में ईरान के दो परमाणु संयंत्रों को निशाना बनाया गया. ईरान में शनिवार तड़के करीब 10 तेज धमाकों और काला धुएं के गुबार की सूचना मिली है.

Featured Video Of The Day
US-Israel-Iran War: 'Pakistan आ सकता हूं..' America-Iran वार्ता से पहले Trump का बड़ा बयान | NDTV