- इजरायल के PM बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत के कई संकेत हैं
- नेतन्याहू ने ईरान की जनता से अपील की कि वे सड़कों पर उतरकर वर्तमान शासन को उखाड़ फेंकने का अवसर न चूकें
- इजरायली प्रधानमंत्री ने कहा कि ईरान के खिलाफ सैन्य ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा जब तक जरूरत होगी
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई है और इसके कई संकेत हैं- यह कहना है इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का. इजरायल और अमेरिका द्वारा मिलकर ईरान पर हमले शुरू करने के बाद, इजरायली प्रधान मंत्री शनिवार, 28 फरवरी की शाम (स्थानीय समयानुसार) अपने देश की जनता को संबोधित किया. नेतन्याहू ने यहां ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई के तेहरान कम्पाउंड पर किए गए हमले पर चर्चा की और कहा कि इस बात के संकेत बढ़ रहे हैं कि "यह तानाशाह मर चुका" है.
नेतन्याहू ने कहा, "आज सुबह, एक शक्तिशाली आश्चर्यजनक हमले में, तेहरान के मध्य में तानाशाह अली खामेनेई का कम्पाउंड नष्ट कर दिया गया. ऐसे कई संकेत हैं कि यह तानाशाह अब जीवित नहीं है." उन्होंने दावा किया कि रिवोल्यूशनरी गार्ड कमांडरों और वरिष्ठ परमाणु अधिकारियों को भी मौत के घाट उतार दिया गया है.
ईरान की जनता को नेतन्याहू का पैगाम
नेतन्याहू ने ईरान की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि इजरायल और अमेरिका के इस हमले से उन्हें "खुद को अत्याचार से मुक्त करने" में मदद मिलेगी. आज ईरान की जनता के पास ईरानी शासन को उखाड़ फेंकने का "पीढ़ी में एक बार मिलने वाला मौका" है. नेतन्याहू ने ईरान के लोगों से कहा कि आप "सामूहिक रूप से सड़कों पर उतरें" और "काम पूरा करें". उन्होंने कहा कि "अब समय आ गया है कि आप एक साथ आएं और एक ऐतिहासिक मिशन के लिए एकजुट हों".
नेतन्याहू ने कहा, "यह कुछ करने का अवसर है. हाथ पर हाथ रखकर न बैठें, क्योंकि अब वह मौका आएगा और आपसे सड़कों से निकलकर जनता के बीच जाने की मांग की जाएगी, क्योंकि आपको यह काम पूरा करना है, और आपको इस शासन को गिराना है और मिटाना है."
इजरायली प्रधान मंत्री ने कहा कि ईरान के खिलाफ जबतक सैन्य ऑपरेशन चलाने की जरूरत होगी, तबतक ऐसा किया जाता रहेगा. नेतन्याहू का कहना है कि आने वाले दिनों में ईरान में हजारों ठिकानों पर हमला किया जाएगा. अपने भाषण के आखिर में उन्होंने इजरायल के नागरिकों से देश के होम फ्रंट कमांड की सुरक्षा सलाह सुनने को कहा और अपनी बात खत्म कर दी.













