20 days ago

Iran Israel War: रूस-यूक्रेन, पाकिस्तान-अफगानिस्तान युद्ध के बीच अब मिडिल ईस्ट में एक और जंग शुरू हो गई है. शनिवार को इजरायल ने ईरान के खिलाफ अमेरिका के साथ मिलकर ऑपरेशन रोअरिंग लायन शुरू किया. इस ऑपरेशन के तहत इजरायल और अमेरिका ने ईरान के अलग-अलग हिस्सों में मिसाइल हमले किए. ईरान के कई शहरों से धमाके हुए. ईरान ने भी इस हमले का करारा जवाब दिया है. ईरान ने इजरायल के साथ-साथ मिडिल ईस्ट में मौजूद कई अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है. ईरान-इजरायल के हमलों से मिडिल ईस्ट में इस समय कहां-क्या हालात हैं, आइए जानते हैं इस लाइव ब्लॉग में. 

NDTV एक्सपर्ट के साथ-साथ ईरान, इजरायल के पत्रकार, दोहा, तेल अवीव सहित अन्य जगहों पर फंसे भारतीय व अन्य लोगों से बात कर रहा है. इस बातचीत से जरिए ग्राउंड जीरो के हालात समझ में आ रहे हैं. 

Iran Israel War Major Updates LIVE:
 

Mar 01, 2026 00:02 (IST)

ईरान में 201 लोगों की मौत, 747 घायल

ईरानी रेड क्रिसेंट ने शनिवार शाम को बताया कि अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों में कम से कम 201 लोग मारे गए और 747 घायल हुए. ISNA समाचार एजेंसी द्वारा प्रकाशित एक बयान में संगठन ने कहा कि "ईरान के 31 प्रांतों में से 24 प्रांत प्रभावित हुए हैं और रेड क्रिसेंट अलर्ट पर है." हमलों में मरने वालों की यह पहली आधिकारिक ईरानी रिपोर्ट है.

Feb 28, 2026 23:29 (IST)

ईरान ने व्यापार का रास्ता 'होर्मुज स्ट्रेट' किया बंद

ईरान का इजरायल और अमेरिका के शुरू हुआ जंग अब पूरी दुनिया को अपनी जद में लेते नजर आ रहा है. इस हमले के बाद ईरान ने मिडिल ईस्ट में 8 देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया. दुबई तक पर हमले हुए. बुर्ज खलीफा के पास भी ड्रोन अटैक की खबरें सामने आई. अब ईरान ने दुनिया के सबसे जरूरी तेल एक्सपोर्ट रूट होर्मुज स्ट्रेट को बंद करने का ऐलान किया है. होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से कई देशों की जहाजें फंस गई है. यदि होर्मुज स्ट्रेट जल्द नहीं खुलता है तो भारत सहित पूरी दुनिया पर तेल सकंट गहरा सकता है. दरअसल ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने होर्मुज स्ट्रेट को सभी जहाजों के लिए बंद करने का ऐलान किया है. ईरान ने ऐलान किया कि होर्मुज स्ट्रेट से किसी भी जहाज को गुजरने की इजाज़त नहीं है.

Feb 28, 2026 22:10 (IST)

ईरान के जिस स्कूल में हुई 85 बच्चियों की मौत, वहां का VIDEO

अमेरिकी-इजरायल के हमले में शनिवार को दक्षिणी ईरान के मिनाब जिले में स्थित एक प्राथमिक स्कूल बच्चों का क्रबगाह बन गया. हमले में इस स्कूल में पढ़ने वाली 85 बच्चियों की मौत हो गई. मौत का यह आकंड़ा लगातार बढ़ रहा है. हमले में स्कूल का दो मंजिला भवन बुरी तरह से तबाह हो गया है. हमले में स्कूल की बिल्डिंग का बड़ा हिस्सा ढ़ह गया. बिल्डिंग के एक दूसरे हिस्से में आग लग गई. बताया जाता है कि स्कूल पर जिस समय हमला हुआ, उस समय वहां पढ़ने के लिए सैकड़ों बच्चियां मौजूद थी. मिनाब के स्कूल के दो वीडियो सामने आए है. एक वीडियो में स्कूल भवन तबाह नजर आ रहा है. आस-पास लोगों की बड़ी भीड़ है. एक दूसरे वीडियो में मरने वाली स्कूली बच्चियों के बैग नजर आ रहे हैं. 

पढ़ें पूरी रिपोर्ट- मिनाब के जिसे स्कूल में 85 बच्चियों की हुई मौत, वहां का वीडियो

Feb 28, 2026 21:22 (IST)

ईरान के हमले के बीच दुबई एयरपोर्ट बंद

ईरान के हमलों के बीच दुनिया के सबसे व्यस्त हवाईअड्डों में से एक दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Dubai AIrport) बंद कर दिया गया है. दुबई एयरपोर्ट से सभी उड़ाने रद्द कर दी गई है. फ्लाइट बंद होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है. दुबई एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में यात्रियों की भीड़ लगी है. दुबई एयरपोर्ट का एक वीडियो सामने आया, जिसमें बड़ी संख्या में यात्री वहां बैठे नजर आ रहे हैं. मालूम हो कि इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के बीच दुबई एयरपोर्ट्स ने शनिवार को घोषणा की कि दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (डीएक्सबी) और दुबई वर्ल्ड सेंट्रल-अल मकतूम इंटरनेशनल (डीडब्ल्यूसी) एयरपोर्ट पर सभी उड़ान संचालन अगली सूचना तक निलंबित रहेंगे. 

Advertisement
Feb 28, 2026 20:42 (IST)

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा- सुप्रीम लीडर खामेनेई सुरक्षित हैं

ईरान पर इजरायल के हमले के बाद कुछ मीडिया रिपोर्ट में सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने की खबर चल रही थी. इजरायल के कई मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि शनिवार सुबह अमेरिका के साथ-साथ इजरायली स्ट्राइक में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई मारे गए है. लेकिन अब ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बयान दिया है कि सुप्रीम लीडर खामेनेई सुरक्षित है. उन्होंने कहा कि ईरान में सत्ता परिवर्तन असंभव है. सुप्रीम लीडर खामेनेई, राष्ट्रपति पेजेशकियन सुरक्षित हैं.

Feb 28, 2026 19:47 (IST)

ईरान के रक्षा मंत्री और सेना प्रमुख की मौत की खबर

इजरायल और अमेरिका के हमले में ईरान के रक्षा मंत्री की मौत की खबर सामने आई है. रॉयटर्स की रिपोर्ट में इस बात का दावा किया गया है. ईरान के रक्षा मंत्री नसीरजादे की मौत की खबर सामने आई है. इससे पहले सेना प्रमुख अमीर हतमी की मौत की भी खबर सामने आई थी. 

Advertisement
Feb 28, 2026 19:05 (IST)

ईरान हमले पर ट्रंप की पहली प्रतिक्रिया, कहा- मैं सिर्फ लोगों की आजादी चाहता हूं

ईरान हमले पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने कहा कि उनकी मुख्य चिंता ईरान के लोगों की आज़ादी है. अमेरिका ईरान को एक सुरक्षित देश बनाने के लिए काम कर रहा है. शनिवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 4 बजे (जीएमटी 9 बजे) के तुरंत बाद वाशिंगटन पोस्ट से संक्षिप्त फोन कॉल पर बातचीत में ट्रंप ने कहा, "मैं सिर्फ लोगों की आज़ादी चाहता हूं." पोस्ट द्वारा सैन्य अभियान की विरासत के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "मैं एक सुरक्षित राष्ट्र चाहता हूं, और हम वही हासिल करेंगे."

Feb 28, 2026 18:45 (IST)

ईरान के जनरल सरदार जब्बारी का बड़ा बयान- जल्द अनदेखे हथियारों का इस्तेमाल करेंगे

ईरान के जनरल सरदार जब्बारी का बड़ा बयान कहा कि ईरान ने अभी सिर्फस्टॉक वाली मिसाइलें दागी है. जल्द ही अनदेखें हथियारों का इस्तेमाल करेंगे. ईरान के जनरल के बयान पर डिफेंस एनालिस्ट डीके पांडे ने कहा कि जनरल के इस बयान का मतलब है कि परमाणु हथियारों का भी इस्तेमाल किया जा सकता है. 

हालांकि दूसरे एक्सपर्ट बीबीसी और एपी के पूर्व संपादक नरेश कौशिक ने कहा कि मुझे नहीं लगता है कि ईरान के पास कोई परमाणु हथियार है. ईरान के पास परमाणु हथियार होता तो अमेरिका अभी तक उसे समाप्त कर चुका होता. जनरल के अनदेखे हथियारों का मतलब हाल ही में विकसित किए गए मिसाइलों का हो सकता है.

Feb 28, 2026 18:33 (IST)

बहरीन में अमेरिकी नेवल बेस पर हमला, देखें- अटैक का नया वीडियो

बहरीन में अमेरिकी नेवल बेस पर हमले का वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में लोग चीखते-चिल्लाते नजर आ रहे है. हमले के बाद धुएं का गुबार उठता है. 

Feb 28, 2026 18:31 (IST)

Iran Israel Attack LIVE Updates: ईरान का क्लियर मैसेज, हम चुप नहीं रहेंगे

डिफेंस एक्सपर्ट ग्रुप कैप्टन डीके पांडे ने कहा कि अमेरिकी आर्मी बेस कैंप पर हुए हमलों को लेकर कहा कि यह ईरान का क्लियर मैसेज है कि अमेरिकी सहयोग मंजूर नहीं है. डिफेंस एनालिस्ट कैप्टन श्याम कुमार ने कहा कि इस बार जैसे ही खामेनेई के कैंपस पर हमला हुआ वैसे ही ईरान ने तुरंत प्रतिक्रिया दी. ईरान ने इस बार अमेरिकी बेस कैंपों के लिए 8 देशों को इस जंग में घसीट लिया है. अब देखने वाली बात होगी कि यह जंग कितने दिनों तक चलती है. 

Advertisement
Feb 28, 2026 18:27 (IST)

मिनाब के स्कूल में हुए हमले में 53 छात्राओं की मौत

ईरान के मिनाब में स्कूल पर हुए हमले में मृतकों की संख्या बढ़ गई है. मिनाब में स्कूल पर हुए इजरायल और अमेरिका के हमले में 53 छात्राओं की मौत की हो गई. 60 छात्राएं घायल बताई जा रही है.

Feb 28, 2026 18:22 (IST)

कतर में ईरान का भीषण हमला, देखें- मिसाइल के गिरने का LIVE वीडियो

कतर में ईरान के मिसाइल हमने का एक लाइव वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि मिसाइल गिरने के बाद वहां खौफ का कैसा माहौल बना. वीडियो में मिसाइल गिरते ही धुएं का गुबार और आग की ऊंची लपटें उठी. जिसके बाद वहां मौजूद लोग भागते नजर आ रहे हैं.

Advertisement
Feb 28, 2026 18:19 (IST)

ईरान के प्रोफेसर बोले- जंग अच्छी चीज नहीं, लेकिन लोगों में मजबूत इरादा कि हमने कोई कोताही नहीं की

ईरान के तेहरान प्रोफेसर आकिफ जैदी ने कहा जंग अच्छी चीज नहीं है. इसमें बेगुनाह लोगों की जान जाती है. लेकिन ईरान के लोगों में एक मजबूत इरादा है कि हमने कोई कोताही नहीं की. ईरान के लोगों का कहना है कि हम तो बातचीत कर रहे थे, लेकिन हमपर दोबारा हमला किया गया. इन हमलों का हमने जवाब दिया. 

Feb 28, 2026 18:14 (IST)

Iran Israel Attack LIVE Updates: रूस ने अमेरिका-इजरायल के हमले की निंदा की, ईरान के विदेश मंत्री से बातचीत

ईरान पर हुए हमले और इसके जवाबी कार्रवाई पर मिडिल ईस्ट जंग के मुहाने पर खड़ा है. इस बीच वर्ल्ड डिप्लोमेसी भी एक्टिव है. रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और ईरानी विदेश मंत्री ए. अराघची से टेलीफोन पर बातचीत की है. सर्गेई लावरोव ने ईरान पर अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए अकारण सशस्त्र हमले की निंदा की, जो अंतरराष्ट्रीय कानून के सिद्धांतों और मानदंडों का उल्लंघन करता है और क्षेत्रीय और वैश्विक स्थिरता और सुरक्षा के लिए गंभीर परिणामों की पूरी तरह से अनदेखी करता है.

मंत्री ने इस्लामी गणराज्य के खिलाफ हमलों को तुरंत रोकने और स्थिति को राजनीतिक और राजनयिक समाधान की ओर वापस लाने की आवश्यकता पर जोर दिया. सर्गेई लावरोव ने अंतरराष्ट्रीय कानून, आपसी सम्मान और हितों के संतुलन पर आधारित शांतिपूर्ण समाधान खोजने में रूस की तत्परता का उल्लेख किया, जिसमें संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद भी शामिल है.

Feb 28, 2026 18:09 (IST)

Iran Israel Attack LIVE Updates: ईरान ने हाइफा पर दागीं मिसाइलें, देखें - तबाही की तस्वीरें

इजरायल, अमेरिकी ऑपरेशन के बाद ईरान की ओर से हुए जवाबी हमलों में भी काफी नुकसान पहुंचा है. हाइफा पर ईरानी मिसाइल हमले के बाद की तस्वीरें सामने आई है.

Feb 28, 2026 17:40 (IST)

Iran Israel Attack LIVE Updates: खामेनेई के कैंपस पर पर भारी क्षति, सामने आई तस्वीर

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई के दफ्तर के पास हवाई हमला हुआ है. हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक, खामेनेई को पहले ही तेहरान से निकालकर सुरक्षित जगह पर ले जाया गया है. अमेरिका के साथ तनाव बढ़ने के कारण उन्हें कई दिनों से सार्वजनिक कार्यक्रमों में नहीं देखा गया था. 

न्यूयॉर्क टाइम्स ने इजरायली हवाई हमले के बाद तेहरान में ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के परिसर में व्यापक क्षति को उपग्रह तस्वीरों को साझा किया है. इस तस्वीर में देख सकते हैं कि खामेनेई के कैंपस के पास क्षति दिख रही है. 

Feb 28, 2026 17:34 (IST)

Iran Israel Attack LIVE Updates: इजरायल से एनडीटीवी रिपोर्टर आदित्य राज कौल ने क्या बताया?

हमलों के बीच ग्राउंड जीरो पर इजरायल पहुंचे NDTV रिपोर्टर आदित्य राज कौल ने बताया कि ईरान की ओर से बड़ी तादाद में मिसाइलें आ रही है. इजरायल में लगभग हर आधे घंटे पर सायरन बज रहे हैं. पहले मोबाइल पर अलर्ट आता है. जिसके बाद लोग तुरंत शेल्टर की ओर भाग रहे हैं. साथ-साथ मिडिल ईस्ट के कई देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरान मिसाइलों से हमला कर रहा है. जिसका कई देशों ने विरोध भी किया है. 

Feb 28, 2026 17:29 (IST)

ईरान ने मिडिल ईस्ट में कहां-कहां अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया

इजरायल-अमेरिका के हमले का जवाब देते हुए ईरान ने इजरायल के साथ-साथ मिडिल ईस्ट में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाया. इजरायल की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार ईरान ने इजरायल की ओर 125 मिसाइल दागे. इसके अलावा कतर, बहरीन, दोहा, संयुक्त अरब अमीरात में स्थिति अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया. तस्वीर से समझें हालात.

Feb 28, 2026 17:19 (IST)

ईरान के पास अमेरिका का काट नहींः मिडिल ईस्ट एक्सपर्ट डॉ. जाकिर हुसैन ने बताया

मिडिल ईस्ट एक्सपर्ट डॉ. जाकिर हुसैन ने कहा कि ईरान ने पहले ही यह बयान दिया था कि वह जवाब देगा. आज जब इजरायल-अमेरिका ने ईरान पर हमला किया तो ईरान ने तुरंत जवाब दिया. हालांकि ईरान के पास जो मिसाइल बिल्ड अप है उसके पास अमेरिका का काट नहीं है. 

Feb 28, 2026 17:16 (IST)

Iran Israel Attack LIVE Updates: विदेश नीति विशेषज्ञ रोबिंदर सचदेवा ने बताया- इजरायल-अमेरिका के लिए ये सबसे बेहतर मौका

विदेश नीति विशेषज्ञ रोबिंदर सचदेवा ने बताया 'नेतन्याहू को इजरायल के लिए ईरान की थ्रेट को एलिमिनेट करना है. ईरान के हालात इस समय सबसे कमजोर है. ऐसे में इजरायल-अमेरिका को पता है कि इससे बेहतर पहले मौका कभी नहीं मिलेगा. पिछले दो साल से मैं कह रहा हूं. बीच में सहमति बनेगी. ईरान के पास कोई एयर डिफेंस नहीं है. देश के अंदर हालात और कमजोर होंगे. देखना होगा कि दीवार को हिलाते रहना है या एक भी झटके में दीवार को गिरा देना है.

Feb 28, 2026 17:12 (IST)

Iran Israel Attack LIVE Updates: ईरान को पहले से था हमले का अंदाजा, तभी इतनी जल्दी दिया जवाबः रिटायर जनरल ने बताया

(रि.) मेजर जनरल संजय सोई ने कहा, 'ईरान को अंदाजा था कि जैसे ही बातचीत खत्म होगी अटैक होगा'. वो लोग काफी हद तक तैयार थे. मिसाइल से इतना बड़ा हमला किया है तो उससे नुकसान तो होना तय है. लेकिन आपने देखा कि ईरान ने भी तुरंत जवाबी हमले शुरू किए. 

Feb 28, 2026 17:08 (IST)

Iran Israel War Major Updates LIVE: कमर आगा ने ईरान-ईजरायल की बारिकियों को समझाया

ईरान-इजरायल के हमलों की बारीकियों को समझाने के लिए एनडीटीवी पश्चिम एशिया विशेषज्ञ कमर आगा भी मौजूद रहे. उन्होंने कहा, 'जब इस तरह के अटैक होते हैं तो ईरान के अंदर एकता आ जाती है'. 

Feb 28, 2026 17:01 (IST)

दोहा में फंसे चेन्नई के वरुण ने बताया अभी क्या है हालात?

दोहा में मौजूद भारतीय छात्र वरुण ने एनडीटीवी से बात की. दोहा से बार्सिलोना जा रहे थे. दोहा एयरपोर्ट पर फंसे है. लैंड होने के बाद भी हमे प्लेन में ही आधे घंटे तक बैठाया गया. अभी मैं दोहा एयरपोर्ट में हूं. चेन्नई से आया हूं. कतर से होते हुए स्पेन के बार्सिलोना जाना था. अभी इंतजार करने के लिए बोला गया है. जिन्हें दोहा जाना है, वो जा सकते हैं. मैं एक घंटे से दोहा एयरपोर्ट में हूं. एयरपोर्ट पर ज्यादा लोग नहीं है. धीरे-धीरे भीड़ बढ़ रही है. कब हालात सामान्य होंगे, इसके बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है. 

Feb 28, 2026 16:58 (IST)

Iran Israel War Major Updates LIVE: ईरान में 24 लोगों की मौत, 60 घायल

इजरायल के हमले में ईरान में 24 लोगों की मौत हुई है. ईरान मीडिया ने इसकी पुष्टि की है. यह भी बताया गया कि इस हमले में 60 लोग घायल हुए है. ईरान ने जवाबी हमले के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र संघ से सुरक्षा परिषद से अपील की है.

Feb 28, 2026 16:54 (IST)

Iran Israel War Live: ईरान में फंसे भारतीय छात्रों ने मदद की मांग की

ईरान पर इजरायल और अमेरिका ने मिलकर हमला कर दिया है. इससे वहां फंसे भारतीयों की परेशानी बढ़ गई है. ईरान में भारतीय छात्रों ने मदद की अपील की है. ईरान में फंसे कई भारतीयों ने मदद मांगी है. तेहरान में फंसी एक भारतीय छात्रा ने भारत सरकार, विदेश मंत्रालय से मदद मांगी है. 
  

Feb 28, 2026 16:40 (IST)

Iran Israel War Live: ईरान के हमलों के बाद क्या है इजरायल के हालात, तेल अवीव से पत्रकार ने NDTV को बताया

ईरान के हमले के बाद इजरायल में क्या हालात है? तेल अवीव से इजरायली पत्रकार रेविटल मोसेस ने NDTV पर वहां के हालात के बारे में बताया है. इजरायली पत्रकार रेविटल मोसेस ने बताया कि वो अभी इजरायल की राजधानी तेल अवीव में है. जहां सड़के खाली है, लोग शेल्टर होम में छिप चुके हैं. 

इजरायली पत्रकार रेविटल मोसेस ने बताया कि सुबह 8 बजे हमारे मोबाइल फोन पर अलर्ट दिया गया था. इसके कुछ देर बाद शहरों में मौजूद में अलर्ट सिस्टम से अलर्ट की आवाज सुनाई पड़ी. इसके बाद हम लोग शेल्टर की ओर भागे. इसके बाद हम लोग न्यूज देखना शुरू किया. फोन पर अलर्ट आते ही हमें यह बताया गया कि प्रोटेक्टिव शेल्टर में चले जाए या फिर शेल्टर के आस-पास ही रहें.

पढ़ें पूरी रिपोर्ट- सड़कें खाली, शेल्टर होम में लोग... ईरान के हमलों के बाद इजरायल के हालात

Featured Video Of The Day
Iran Israel War: ईरान ने मार गिराया F-35 Jet? Dhurandhar-2 ने मचाया धमाल |Bharat Ki Baat Batata Hoon