- ईरान में असली ताकत सुप्रीम लीडर के हाथ में होती है. ये पद राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री से भी बड़ा होता है
- बंकर बस्टर खास तौर से डिजाइन किए गए ऐसे बम होते हैं, जो जमीन में अंदर तक धंसने के बाद फटते हैं
- एयरक्राफ्ट कैरियर समुद्र में तैरता एक विशाल हवाई अड्डा होता है, जो दर्जनों लड़ाकू विमान को लेकर चलता है
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध पूरे चरम पर है. दोनों तरफ से बम और मिसाइलें गिराई जा रही हैं. ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई समेत दर्जनों सैन्य अधिकारी और सीनियर नेता मारे जा चुके हैं. इस जंग के दौरान कुछ शब्द आपको बार-बार सुनने को मिल रहे होंगे, क्या आपको उनका मतलब पता है? आइए ऐसे ही 15 सबसे चर्चित शब्दों के बारे में आपको बताते हैं.
सुप्रीम लीडर
ईरान में देश की असली ताकत सुप्रीम लीडर के हाथ में होती है. इस सर्वोच्च पद को 'रहबर' भी कहा जाता है. ये पद राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री से भी बड़ा होता है. राष्ट्रपति को भी हर बड़े फैसले के लिए सुप्रीम लीडर की मंजूरी लेनी होती है. ईरान की धार्मिक व्यवस्था में सुप्रीम लीडर को पैगंबर और शिया इमामों का प्रतिनिधि माना जाता है.
सुप्रीम लीडर के पास ही सेना, न्यायपालिका, विदेश नीति और धार्मिक मामलों में अंतिम अधिकार होता है.
IRGC (इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स कोर)
यह ईरान की मुख्य सेना आर्टेश से अलग, लेकिन सबसे ताकतवर सेना है. इसकी अपनी अलग जमीनी, समुद्री और हवाई टुकड़ियां हैं. कुद्स फोर्स और बासिज जैसी यूनिट भी इसी के तहत काम करती हैं. IRGC सीधे सुप्रीम लीडर को रिपोर्ट करती है. 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद नेतृत्व को सेना पर भरोसा नहीं था, इसलिए उन्होंने अपनी अलग वफादार सेना IRGC बनाई थी.
एक्सिस ऑफ रेजिस्टेंस ( axis of resistance)
यह ईरान की अगुआई में बना एक सैन्य गठबंधन है, जिसका जिसका मकसद मिडिल ईस्ट में पश्चिमी देशों खासकर अमेरिका के प्रभाव को कम करना और इजराइल का विरोध करना है. इसमें फिलिस्तीन में हमास, लेबनान में हिज्बुल्लाह, यमन में हूती विद्रोही, इराक और सीरिया के विद्रोही संगठन आते हैं.
देखें- लिफ्ट को बंकर तक पहुंचने में लग जाते थे 5 मिनट, फिर अमेरिका-इजरायल ने खामेनेई को कैसे मारा?
ऑपरेशन एपिक फ्यूरी (operation epic fury)
अमेरिका ने ईरान पर हमले और खामेनेई की लीडरशिप को खत्म करने के लिए जो सैन्य अभियान शुरू किया है, उसका नाम एपिक फ्यूरी ही है. एपिक का मतलब बहुत भव्य या महान होता है और फ्यूरी अत्यधिक क्रोध या प्रचंड गुस्से को कहा जाता है. दोनों शब्दों का संयुक्त मतलब ऐसे गुस्से से है, जो साधारण नहीं है.
ऑपरेशन रोअरिंग लायन (operation roaring lion)
ईरान पर हमले के लिए इजरायल ने ऑपरेशन रोअरिंग लायन चलाया है. यहूदी धर्म और इजरायली संस्कृति में शेर का बहुत गहरा महत्व है. ऑपरेशन को यह नाम देकर इजरायल यह संदेश दे रहा है कि मिडिल ईस्ट का असली शेर वही है.
हॉर्मुज जलडमरूमध्य
स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज समुद्र के रास्ते सामान की आवाजाही का सबसे महत्वपूर्ण रास्ता है. यह फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से जोड़ता है. दुनिया का करीब 20 फीसदी कच्चा तेल इसी रास्ते से होकर गुजरता है. ईरान युद्ध के चलते इसके बंद होने से वैश्विक अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ रहा है.
फिफ्थ फ्लीट (अमेरिका)
अमेरिकी नौसेना की फिफ्थ फ्लीट (5th Fleet) एक बेहद ताकतवर समुद्री सैन्य टुकड़ी है, जिसका मुख्य काम खाड़ी देशों, लाल सागर और अरब सागर जैसे रणनीतिक जलमार्गों की सुरक्षा करना है. इसका मुख्यालय बहरीन में है और ये सीधे अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अधीन काम करती है. ईरान ने फिफ्थ फ्लीट पर भी हमले किए हैं.













