- ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की अमेरिका और इजरायल के हवाई हमलों में मौत हो गई है.
- ईरान की इस्लामिक रिपब्लिक गार्ड कॉर्प्स ने खामेनेई की मौत की पुष्टि कर बदला लेने की कसम खाई है.
- IRGC ने अमेरिका और इजरायल के खिलाफ इतिहास का सबसे भयानक हमला करने का वादा किया है.
30 साल से अधिक समय से ईरान की सत्ता और राजनीति पर मजबूत पकड़ बनाए रखने वाले सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई अब इतिहास बन चुके हैं. अमेरिका और इजरायल हवाई हमलों में उनकी मौत की खबर ने न केवल पश्चिम एशिया की राजनीति में भूचाल ला दिया है. मिडिल ईस्ट में जंग के हालात बन चुके हैं. कई देश इस जंग की जद में है. इजरायल और अमेरिका के हमले में खामेनेई की मौत पर ईरान ने बदला लेने की चेतावनी दी है. ईरान के इस्लामिक रिपब्लिक गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने सरकारी टेलीविजन पर सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत की पुष्टि के बाद, उनके हत्यारों को सजा देने की कसम खाई है और वादा किया कि जवाब अमेरिका और इजरायल के खिलाफ इतिहास का सबसे भयानक हमला होगा.
ईरान ने कहा- हम इमाम के हत्यारों को देंगे सजा
अपने आधिकारिक टेलीग्राम पेज पर पोस्ट किए गए एक बयान में IRGC ने कहा, "उम्माह के इमाम के हत्यारों को कड़ी, पक्की और अफसोसनाक सजा देने के लिए ईरानी राष्ट्र का बदला लेने का हाथ उन्हें जाने नहीं देगा. आईआरजीसी, आर्म्ड फोर्सेज और बासिज फोर्सेज अपने नेता की विरासत को बचाने, अंदरूनी और बाहरी साजिशों के खिलाफ मजबूती से खड़े रहने और इस्लामिक देश के खिलाफ हमलावरों को सबक सिखाने वाली सजा देने में उनके रास्ते पर मजबूती से चलते रहेंगे."
खामेनेई की हत्या के बाद IRGC की चेतावनी तो दी है. लेकिन सवाल यह है कि इस समय ईरान की व्यवस्था कौन संभालेगा. अमेरिका, इजरायल के हमलों से निबटने के लिए ईरान ने क्या व्यवस्था बनाई है?
खामेनेई की हत्या के बाद ईरान में अंतरिम नेतृत्व परिषद का गठन
खामेनेई की मौत के बाद ईरान ने अंतरिम नेतृत्व परिषद का गठन किया है. जो अगले सुप्रीम लीडर के चयन तक ईरान की व्यवस्था को संभालेगा.
इस अंतरिम नेतृत्व परिषद के मुखिया अयातुल्ला अलीरेजा अराफी को बनाया गया है. जो ईरान के अंतरिम सुप्रीम लीडर की भूमिका निभाएंगे. साथ ही अंतरिम नेतृत्व परिषद में राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन के साथ-साथ मुख्य न्यायाधीश गुलाम हुसैन मोहसेनी-एजेई भी हैं.
अलीरेजा अराफी अंतरिम सुप्रीम लीडर
दरअसल ईरानी मीडिया के अनुसार, अली खामेनेई की हत्या के बाद, 1 मार्च को अयातुल्ला अलीरेजा अराफी को ईरान की अस्थायी नेतृत्व परिषद के न्यायविद सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया. राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन और मुख्य न्यायाधीश गुलाम हुसैन मोहसेनी एजेई सहित यह निकाय, विशेषज्ञों की सभा द्वारा स्थायी उत्तराधिकारी चुने जाने तक सर्वोच्च नेता के कर्तव्यों का प्रबंधन करेगा.
यह भी पढ़ें - ईरान ने इजरायल पर शुरू किया बड़ा हमला, IDF का दावा-बैलेस्टिक मिसाइल दागे गए, पल-पल के अपडेट













