ईरान पर इजरायल के हमले के बाद कुछ मीडिया रिपोर्ट में सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने की खबर चल रही थी. इजरायल के कई मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि शनिवार सुबह अमेरिका के साथ-साथ इजरायली स्ट्राइक में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई मारे गए है. लेकिन अब ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बयान दिया है कि सुप्रीम लीडर खामेनेई सुरक्षित है. उन्होंने कहा कि ईरान में सत्ता परिवर्तन असंभव है. सुप्रीम लीडर खामेनेई, राष्ट्रपति पेजेशकियन सुरक्षित हैं. हालांकि न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने रिपोर्ट किया है कि ईरान के रक्षा मंत्री और सेना प्रमुख की मौत हो चुकी हैं.
ईरान के रक्षा मंत्री और सेना प्रमुख की मौत की खबर
मालूम हो कि शनिवार को इजरायल और अमेरिका ने ईरान की राजधानी तेहरान सहित कई जगहों पर हमले किए. तेहरान में हुए हमले में सुप्रीम लीडर खामेनेई के कैंपस पर भारी नुकसान पहुंचा है. इस हमले में ईरान के रक्षा मंत्री की मौत की खबर सामने आई है. रॉयटर्स की रिपोर्ट में इस बात का दावा किया गया है. ईरान के रक्षा मंत्री नसीरजादे और सेना प्रमुख अमीर हतमी की मौत की भी खबर सामने आई थी.
दक्षिणी ईरान के मिनाब में स्कूल पर हमले में 57 छात्राओं की मौत
इजरायल और अमेरिका के ईरान पर किए हमले में कई स्कूली छात्राओं की मौत हुई है. दक्षिणी ईरान के मिनाब में एक स्कूल पर हुए हमले में मृतकों की संख्या बढ़ गई है. मिनाब में स्कूल पर हुए इजरायल और अमेरिका के हमले में 57 छात्राओं की मौत की हो गई. स्कूल पर हुए हमले के बाद पूरी बिल्डिंग तबाह हो गई. वहां का वीडियो भी सामने आया है.
मिनाब के स्कूल पर हमले के बाद का वीडियो
इजरायल के चैनल 12 ने किया था खामेनेई की मौत का दावा
मालूम हो कि इज़राइल के चैनल 12 ने अज्ञात इज़राइली सूत्रों का हवाला देते हुए कहा कि 86 वर्षीय नेता की हत्या के बढ़ते संकेत मिल रहे हैं. चैनल ने कहा कि इस संबंध में "बढ़ते संकेत" मिल रहे हैं. अन्य इज़राइली मीडिया आउटलेट्स ने भी चैनल 12 का हवाला देते हुए यह जानकारी दी, लेकिन साथ ही चेतावनी दी कि पुष्टि की प्रतीक्षा की जा रही है.














