- भारत और कतर ने व्यापार, ऊर्जा और सांस्कृतिक सहयोग सहित रणनीतिक रिश्तों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई
- हरदीप पुरी ने दोहा में कतर के ऊर्जा मंत्री साद शेरिदा अल-काबी से द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की
- मंत्री पुरी ने प्रधानमंत्री मोदी का कतर के अमीर और प्रधानमंत्री को सम्मान और एकजुटता का संदेश पहुंचाया
भारत और कतर ने व्यापार, ऊर्जा और सांस्कृतिक सहयोग जैसे अहम क्षेत्रों में रणनीतिक रिश्तों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई है. यह फैसला उस समय हुआ जब पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दोहा में अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान उच्च स्तरीय बैठकें कीं. केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी 9 अप्रैल को दोहा पहुंचे और उन्होंने कतर के ऊर्जा मामलों के राज्य मंत्री और कतर एनर्जी के प्रेसिडेंट व सीईओ साद शेरिदा अल-काबी से मुलाकात की. इस दौरान दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की.
कतर दौरे में ऊर्जा और द्विपक्षीय रिश्तों पर की अहम बैठक
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अपने दो दिवसीय कतर दौरे के दौरान दोहा में कतर के ऊर्जा मामलों के राज्य मंत्री और कतरएनर्जी के अध्यक्ष एवं सीईओ साद शेरिदा अल‑काबी से मुलाकात की. इस मुलाकात को भारत‑कतर के रणनीतिक संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
कतर के अमीर और प्रधानमंत्री को पीएम मोदी का संदेश
मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी के साथ‑साथ कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी को सम्मान और एकजुटता का संदेश दिया. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की ओर से कतर सरकार को भारत के प्रति समर्थन और सहयोग के लिए आभार भी प्रकट किया.
ये भी पढ़ें : पश्चिम एशिया में लगातार खराब हो रहे हालात, जयशंकर ने ईरानी विदेश मंत्री अराघची को लगाया फोन; कतर के पीएम से भी की बातचीत
मार्च 2026 की पीएम मोदी‑अमीर बातचीत का जिक्र
हरदीप पुरी ने मार्च 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कतर के अमीर के बीच हुई दो टेलीफोन बातचीत को भी याद किया. उन्होंने बताया कि इन बातचीतों के दौरान दोनों नेताओं ने संवाद और कूटनीति के जरिए क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने की तत्काल आवश्यकता पर खास जोर दिया गया था. प्रधानमंत्री मोदी ने कतर द्वारा वहां रह रहे भारतीय समुदाय को दिए जा रहे देखभाल और समर्थन के लिए भी आभार जताया था.
भारत‑कतर रणनीतिक रिश्तों के सभी पहलुओं पर चर्चा
बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच उच्च स्तरीय संवाद, व्यापार, निवेश, ऊर्जा, संस्कृति और लोगों के बीच संपर्क जैसे तमाम अहम मुद्दों पर चर्चा हुई, मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने क्षेत्र में जल्द शांति और स्थिरता की वापसी की उम्मीद भी जताई और भारत‑कतर द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई. कतर के ऊर्जा मामलों के राज्य मंत्री साद शेरिदा अल‑काबी ने इस अवसर पर कहा कि कतर भारत के लिए एक भरोसेमंद ऊर्जा आपूर्तिकर्ता के रूप में अपनी भूमिका निभाता रहेगा. उन्होंने भारत के साथ ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग और साझेदारी को आगे और मजबूत करने की इच्छा भी जताई.
संघर्ष विराम और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर चिंता
दोनों पक्षों ने 8 अप्रैल को हुए दो सप्ताह के संघर्ष विराम का स्वागत किया और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में आ रही रुकावटों को जल्द समाप्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया. इसके साथ ही सामान्य स्थिति की बहाली और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं को बनाए रखने के लिए स्वतंत्रता और वैश्विक व्यापार प्रवाह के महत्व को रेखांकित किया गया.
द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर जोर
मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि भारत आने वाले समय में कतर के साथ अपने द्विपक्षीय संबंधों को और सशक्त करने को लेकर आशान्वित है. ऊर्जा सहयोग के साथ‑साथ व्यापार, निवेश और लोगों के बीच संपर्क को आगे बढ़ाने पर भी दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता व्यक्त की गई.
ये भी पढ़ें : ख्वाजा आसिफ ने करा दी पाकिस्तान की फजीहत, अब अपने ही कर रहे डिमांड-बैन करो














