मेरी मौत के जिम्मेदार मुनीर होंगे... इमरान खान ने बहनों के हाथों भिजवाया पैगाम, पाकिस्तान सरकार पर गंभीर आरोप

Imran Khan Health Scare: इमरान खान के परिवार के नए आरोपों से PTI और इस्लामाबाद में बैठी शहबाज शरीफ सरकार के बीच राजनीतिक टकराव और तेज हो गया है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
Imran Khan Health Scare: इमरान खान ने बहनों के हाथ भिजवाया पैगाम
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • इमरान खान की बहनों ने पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार और सेना प्रमुख आसिम मुनीर पर जानलेवा साजिश का आरोप लगाया
  • उज्मा खान ने बताया कि इमरान खान ने जेल में मुलाकात के दौरान कहा था कि मौत के लिए आसिम मुनीर जिम्मेदार होंगे
  • इमरान खान की आंखों की रोशनी कम हो रही है और उन्हें भरोसेमंद चिकित्सा टीम से मिलने नहीं दिया जा रहा- बहन अलीमा
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहनों ने देश की शहबाज शरीफ सरकार और आर्मी चीफ आसिम मुनीर पर जेल में बंद इमरान खान को मारने की “जानलेवा साजिश” रचने का आरोप लगाया है. मीडिया से बात करते हुए उज्मा खान और अलीमा खान ने खास तौर पर पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और गृह मंत्री मोहसिन नकवी का नाम इस जानलेवा योजना में लिया. उज्मा खान ने बताया कि जब अदियाला जेल में उनकी इमरान खान से हाल ही में मुलाकात हुई थी उस दौरान इमरान खान ने उनसे कहा था, “अगर जेल में मेरे साथ कुछ होता है, तो इसके जिम्मेदार आसिम मुनीर होंगे.”

उज्मा खान ने आगे कहा, “पिछली मुलाकात में मेरे भाई इमरान खान ने जोर देकर कहा कि मैं बाहर जाकर एक बात कहूं, लेकिन मैंने मना करते हुए कहा कि मैं ऐसा नहीं कहूंगी. उन्होंने मुझसे कहा था कि वे (मिलिट्री) मुझे धीरे धीरे मारेंगे और इसके लिए आसिम मुनीर जिम्मेदार होंगे. अब जिस तरह से जेल प्रशासन उनके साथ व्यवहार कर रहा है और गृह मंत्री नकवी जैसे लोग जो बयान दे रहे हैं, उससे मुझे लग रहा है कि इमरान सही थे.” इमरान की बहन ने इसे आसिम मुनीर शासन की “जानलेवा साजिश” बताया.

उज्मा खान ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान के गृह मंत्री नकवी, जो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख भी हैं, उनके परिवार को धमका रहे हैं.

उन्होंने कहा, “मोहसिन नकवी हमें धमका रहे हैं, उन्होंने खून का स्वाद चख लिया है.” उज्मा ने चेतावनी दी कि अगर उनके भाई या परिवार को कोई नुकसान हुआ, तो वे बदला लेंगी. उन्होंने कहा, “अगर इमरान खान या हमें कुछ हुआ, तो याद रखिए, हम किसी की आने वाली पीढियों को भी नहीं छोड़ेंगे.”

वहीं अलीमा खान ने भी अपने भाई की सेहत पर जानकारी दी और कहा कि इमरान की आंखों की रोशनी कम हो रही है, लेकिन उन्हें अपनी भरोसेमंद मेडिकल टीम तक पहुंच नहीं दी जा रही है. इमरान खान की एक और बहन नूरीन खान ने भी फील्ड मार्शल मुनीर की आलोचना की और उन पर खुद को इस्लामी दुनिया का नेता दिखाने का आरोप लगाया.

नूरीन खान ने कहा, “मुनीर कुरान की आयतें पढ़ते हुए खुद को मुस्लिम सशस्त्र बलों का प्रमुख बताते हैं, लेकिन उन पर अमल नहीं करते. देश पूरी तरह जाग चुका है और पूरी दुनिया इमरान खान के साथ हो रहे इस क्रूर, अमानवीय और घिनौने व्यवहार को देख रही है.”

उन्होंने आगे कहा, “यह स्थिति इमरान खान के कानूनी अधिकारों को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती है और पाकिस्तान में अवैध और गैर इस्लामी शासन के तहत फैली बिना कानून के राज को उजागर करती है. यह आपके विश्वास, आपकी कमान और आपके आने वाले फैसले की एक बड़ी परीक्षा है.”

Advertisement

पाकिस्तान सरकार का क्या कहना है?

इमरान खान के परिवार के नए आरोपों से PTI और इस्लामाबाद में बैठी शहबाज शरीफ सरकार के बीच राजनीतिक टकराव और तेज हो गया है. इमरान खान अगस्त 2023 से कई मामलों में जेल में बंद हैं और उनकी सेहत को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं. सरकार ने इमरान खान की सेहत को लेकर जताई गई चिंताओं को खारिज किया है. सरकार ने दो डॉक्टरों की एक टीम बनाई, जिसने जांच के बाद दावा किया कि बिना चश्मे के इमरान खान की दाहिनी आंख की दृष्टि 6/24 आंशिक और बाईं आंख की 6/9 दर्ज की गई.

हालांकि चश्मा लगाने पर दाहिनी आंख की दृष्टि 6/9 आंशिक और बाईं आंख की 6/6 हो गई. डॉक्टरों ने यह भी बताया कि दाहिनी आंख की सूजन कम हुई है और उसकी मोटाई 550 माइक्रॉन से घटकर 350 माइक्रॉन हो गई है, जिसे रिपोर्ट में सुधार का संकेत बताया गया.

Advertisement

गृह मंत्री नकवी ने भी मीडिया से कहा कि सरकार इमरान खान की सेहत के मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं करना चाहती और इसके लिए विपक्ष को दोषी ठहराया. उन्होंने कहा, “कल मेडिकल रिपोर्ट भी सामने आ गई है और उसके मुताबिक सब कुछ साफ है. न हम और न ही सरकार इसे राजनीतिक मुद्दा बनाना चाहते हैं.” नकवी ने इमरान खान की सेहत को लेकर PTI द्वारा किए जा रहे हंगामे की भी आलोचना की.

यह भी पढ़ें: देसी चिकन, मटन, ड्राई फ्रूट... इमरान खान को जेल के अंदर खाने में क्या मिल रहा? पाकिस्तान सरकार ने SC को बताया

Advertisement
Featured Video Of The Day
India AI Impact Summit 2026: Galgotias University के पवेलियन की बिजली काटी, कैंपस खाली करने का आदेश
Topics mentioned in this article