- यूरोप में मई महीने में ब्रिटेन, आयरलैंड और फ्रांस में अब तक का सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया है
- स्पेन में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है और इटली में तेज धूप में काम करने पर पाबंदी लगी है
- ब्रिटेन के लंदन में मई महीने का सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ जिसमें तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था
Heatwave and Record High Temperature in Europe: यूरोप इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है. ब्रिटेन, आयरलैंड और फ्रांस में मई महीने में अब तक का सबसे ज्यादा तापमान रिकॉर्ड किया गया. हालात ऐसे हैं कि लंदन में लोगों को मौसम “नरक का छोटा रूप” लगने लगा है. स्पेन में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि इटली में तेज धूप में बाहर काम करने पर रोक लगानी पड़ी है. वैज्ञानिकों का कहना है कि इंसानों की वजह से हो रहा जलवायु परिवर्तन अब दुनिया को नए और खतरनाक मौसम की तरफ धकेल रहा है.
यूरोप का हाल
सोमवार को ब्रिटेन, आयरलैंड और फ्रांस में मई महीने के तापमान ने पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए. मौसम विभागों ने चेतावनी दी कि पूरे हफ्ते यूरोप में भीषण गर्मी जारी रह सकती है. उत्तरी अफ्रीका से आई गर्म हवा का एक बड़ा क्षेत्र, जिसे “हीट डोम” कहा जा रहा है, पश्चिमी यूरोप के ऊपर बने हाई-प्रेशर सिस्टम के नीचे फंस गया है. इसी वजह से इतनी ज्यादा गर्मी पड़ रही है, जो आमतौर पर गर्मियों के चरम समय में देखने को मिलती है.
स्पेन में इस हफ्ते तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है, जबकि इटली के कुछ हिस्सों में बाहर काम करने पर पाबंदी लगा दी गई है. ब्रिटेन की मौसम एजेंसी मेट ऑफिस ने कहा कि यह मई का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया. दक्षिण-पश्चिम लंदन के क्यू गार्डन्स में तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो पुराने रिकॉर्ड से पूरे दो डिग्री ज्यादा था.
मेट ऑफिस ने एक्स पर लिखा, “ब्रिटेन में यह गर्मी मिड-समर यानी गर्मियों के सबसे गर्म समय में भी असाधारण मानी जाती, मई में तो बिल्कुल नहीं.”
वैज्ञानिकों का कहना है कि इंसानों की वजह से हो रहा जलवायु परिवर्तन हीटवेव, सूखा और बाढ़ जैसी चरम मौसम घटनाओं को और ज्यादा खतरनाक बना रहा है. इसी वजह से तापमान के रिकॉर्ड बार-बार टूट रहे हैं. पिछले हफ्ते जलवायु सलाहकारों ने ब्रिटेन सरकार को चेतावनी दी थी कि देश “ऐसे मौसम के लिए बना था जो अब मौजूद ही नहीं है.” उन्होंने स्कूलों और अस्पतालों जैसी इमारतों को बढ़ती गर्मी के हिसाब से बदलने की सलाह दी.
2022 में ब्रिटेन में पहली बार तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया था.
- रविवार को पेरिस में 10 किलोमीटर की दौड़ के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई. सिविल डिफेंस सेवाओं ने इसकी जानकारी दी. वहीं राजधानी के बाहरी इलाके मैसों-अलफोर्ट में हुई एक और दौड़ के बाद 10 लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाना पड़ा.
- इटली में रोम वाले लाजियो क्षेत्र ने सोमवार को ऐसे नियम मंजूर किए, जिनमें तेज धूप में लंबे समय तक काम करने पर रोक लगाई गई है. यह रोक दोपहर 12:30 बजे से शाम 4 बजे तक लागू रहेगी. ये नियम खेती, निर्माण स्थलों और लॉजिस्टिक्स सेक्टर जैसे कामों पर लागू होंगे और 15 सितंबर तक जारी रहेंगे. पिछले साल भी ऐसे ही नियम लागू किए गए थे, लेकिन तब यह 30 मई से शुरू हुए थे.













