Chinese cash in Gold Jewellery: गोल्ड की बेतहाशा बढ़ी कीमतों को चीन के लोगों ने अपने लिए 'गोल्डन अवसर' में बदल लिया है. शंघाई के मॉल में सोने की एक ऑटोमेटिक रीसाइक्लिंग मशीन लगी हुई है. यानी सोना डालो और उसके वजन, शुद्धता के अनुसार आपको कैश मिल जाएगा. इस मशीन के आसपास दर्जनों लोगों की भीड़ जमा हो गई. 10 दिन पहले ही सोने की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई थी और ऐसे में चीन के लोग पुरखों के सोने को कैश में बदलने में लगे हुए हैं. दुनिया में सबसे अधिक सोना चीन के लोग ही खरीदते हैं. भारत की तरह यहां भी पारंपरिक रूप से परिवार जन्म और शादी जैसे विशेष अवसरों पर सोना खरीदते हैं.
गुरुवार, 29 जनवरी को सोने की कीमतें 5,600 डॉलर के करीब नई ऊंचाई पर थी. सोना खरीदने-बेचने वाले ट्रेडिंग फर्म किंगहुड ग्रुप ने शंघाई के मॉल में ATM की तरह दिखने वाली यह मशीन लगाई है. यहां लोग अपना सोना बेच रहे हैं. AFP की रिपोर्ट के अनुसार 54 साल की वू ने कहा, "मैंने कभी नहीं सोचा था कि कीमतें इतनी नाटकीय रूप से बढ़ेंगी." वह 2002 में अपनी बेटी के जन्म के बाद खरीदे गए पांडा-थीम वाले सोने के सिक्के बेचने के लिए यहां पहुंची थीं.
घंटों इंतजार कर रहे लोग
कुछ लोगों ने एएफपी को बताया कि उन्होंने अपनी बारी के लिए एक घंटे से अधिक समय तक इंतजार किया है. कंपनी का स्टाफ भी यहां लगा हुआ है जो लोगों को लाइन में लगा रहा. वह लोगों को इस गोल्ड मशीन में अपने गहने सही से डालने में मदद कर रहा है. वू का कहना है कि उनकी बुजुर्ग मां सोने की बढ़ती कीमतों से खास तौर पर उत्साहित हैं. वो इस गोल्ड रीसाइक्लिंग मशीन को अपनी मामूली पेंशन को बढ़ाने वाली मशीन के रूप में देखती हैं. वू ने एएफपी को बताया, "हर कोई अचानक (सोने) के बारे में बात कर रहा है और इसने उसके मन में यह भावना जगा दी है."
झाओ भी अपने स्वर्गवासी दादा की अंगूठी को रीसाइक्लिंग मशीन में ले आई हैं. झाओ ने कहा कि उनका मानना है कि उनके दादा ने 1950 और 1980 के दशक के बीच अंगूठी खरीदी थी और उनकी मां ने उन्हें इस साल यह अंगूठी सौंपी थी. उन्होंने अपनी बारी का इंतजार करते हुए एएफपी को बताया, "अगर कीमत अच्छी है, तो मैं इसे बेच दूंगी," जब झाओ ने मशीन में अंगूठी जमा की तो कुछ मिनट बाद, इसकी स्क्रीन पर एक लिखा आया कि कंपनी उस अंगूठी को 12,000 युआन से अधिक में खरीदेगा.














