ईरान पर हमला, टैरिफ की धमकी और भारत-पाक पर झूठा दावा... अमेरिकी संसद में ट्रंप के भाषण की 10 बड़ी बातें पढ़िए

Donald Trump's State of the Union Address: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी संसद के अंदर स्टेट ऑफ द यूनियन का सबसे लंबा भाषण दिया है. उन्होंने इस मंच से सबसे लंबा भाषण देने का बिल क्लिंटन का रिकॉर्ड तोड़ा है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
US President Donald Trump: स्टेट ऑफ द यूनियन को संबोधित करते अमेरिकी राष्ट्रपति
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • डोनाल्ड ट्रंप ने अपने स्टेट ऑफ द यूनियन भाषण में अमेरिका के स्वर्ण युग का दावा करते हुए 108 मिनट तक बात की
  • ट्रंप ने ईरान पर मिसाइल विकसित करने और परमाणु कार्यक्रम पुनः शुरू करने का आरोप लगाया और कूटनीति की बात कही
  • उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच जंग रोकने का श्रेय खुद को दिया और आठ युद्ध समाप्त करने का दावा किया
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

Donald Trump's State of the Union Address: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार, 24 फरवरी (स्थानीय समयानुसार) को अमेरिका के संसद में रिकॉर्ड तोड़ सबसे लंबा भाषण दिया है. 108 मिनट के इस स्टेट ऑफ द यूनियन के भाषण में ट्रंप ने कहा कि "यह अमेरिका का स्वर्ण युग है". ट्रंप ने यहां अपने दूसरे कार्यकाल के पहले साल की खूब तारीफ की, टैरिफ से लेकर ईरान से तनाव तक पर संसद के सामने अपनी बात रखी. यहां उन्होंने फिर से भारत और पाकिस्तान के बीच जंग रुकवाने का झूठा दावा भी किया. चलिए आपको उनके भाषण की 10 सबसे अहम बात बताते हैं.

  1. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने भाषण में दावा किया कि ईरान ऐसे मिसाइल बना रहा है जो अमेरिका तक हमला कर सकें. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ईरान पिछले साल अमेरिका के हमलों के बाद अपने परमाणु कार्यक्रम को फिर से शुरू करने की कोशिश कर रहा है. ट्रंप ने कहा, “मैं इस समस्या को कूटनीति के जरिए हल करना चाहता हूं, लेकिन एक बात तय है- मैं दुनिया के सबसे बड़े आतंकवाद समर्थक देश (ईरान) को कभी परमाणु हथियार नहीं रखने दूंगा.”
  2. ट्रंप ने फिर से भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर का झूठा श्रेय खुद को दिया. उन्होंने कहा, “अपने पहले 10 महीनों में मैंने आठ युद्ध खत्म किए… पाकिस्तान और भारत के बीच परमाणु युद्ध हो सकता था. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कहा था कि अगर मैंने दखल नहीं दिया होता तो 3.5 करोड़ लोग मर सकते थे.”
  3. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि दूसरे देशों से मिलने वाला टैरिफ ही अब अमेरिका में इनकम टैक्स की जगह लेगा और अमेरिकियों पर से बोझ कम करेगा. उन्होंने कहा, "मेरा मानना ​​है कि विदेशी देशों द्वारा भुगतान किए जाने वाले टैरिफ अतीत की तरह, इनकम टैक्स की आधुनिक प्रणाली को काफी हद तक बदल देंगे, और उन लोगों पर से एक बड़ा वित्तीय बोझ हटा देंगे जिन्हें मैं प्यार करता हूं."
  4. ट्रंप ने दावा किया कि पिछले 9 महीनों में एक भी अवैध प्रवासी को अमेरिका में आने नहीं दिया गया है. उन्होंने कहा, "हमारी सीमा से खतरनाक ड्रग फेंटानिल की तस्करी 56% कम हुई है… और पिछले साल हत्या की दर में इतिहास की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज हुई- 125 साल में सबसे कम स्तर.”
  5. ट्रंप ने कहा, “मेरे प्यारे अमेरिकी नागरिकों, हमारा देश पहले से ज्यादा बड़ा, बेहतर, अमीर और मजबूत हो गया है.”
  6. उन्होंने कहा, “सिर्फ एक साल में हमने ऐसा बदलाव किया है जैसा पहले कभी नहीं देखा गया.”
  7. उन्होंने कहा, “इस 4 जुलाई को हम आजादी और प्रगति के ढाई सौ साल पूरे करेंगे. यह धरती का सबसे महान देश है- और अभी आपने कुछ भी नहीं देखा है… यह अमेरिका का स्वर्ण युग है.”
  8. ट्रंप ने कहा, “मिनेसोटा में लूटपाट करने वाले सोमाली समुद्री डाकू हमें याद दिलाते हैं कि दुनिया के कई हिस्सों में भ्रष्टाचार और कानूनहीनता आम बात है. अगर हम बिना नियंत्रण के आव्रजन (इमिग्रेशन) और खुली सीमाएं रखेंगे, तो ये समस्याएं अमेरिका में भी आ जाएंगी. इसका खामियाजा अमेरिकी जनता को ज्यादा मेडिकल बिल, कार बीमा, किराया, टैक्स और अपराध के रूप में भुगतना पड़ेगा. हम इस समस्या का समाधान करेंगे.”
  9. उन्होंने कहा, “हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि यहां मौजूद कई लोगों ने मेरी दखल से पहले सीमा पर संकट को होने दिया- और मौका मिलने पर वे फिर ऐसा करेंगे.”
  10. ट्रंप ने कहा, “बाइडेन प्रशासन और उसके सहयोगियों ने हमारे देश में सबसे खराब महंगाई दी. लेकिन 12 महीनों में मेरी सरकार ने मूल महंगाई दर को 5 साल में सबसे निचले स्तर पर ला दिया और 2025 के आखिरी 3 महीनों में यह 1.7% तक आ गई.”

यह भी पढ़ें: पाक PM ने बोला था- करोड़ों लोग मर जाएंगे, मैंने रुकवाया भारत-पाक परमाणु युद्ध... ट्रंप का फिर वही राग 

Featured Video Of The Day
PM Modi Israel Visit | 'शालोम मोदी' इजरायल-भारत की दोस्ती का 'नया चैप्टर' | BREAKING NEWS
Topics mentioned in this article