क्या डोनाल्ड ट्रंप ने मान लिया है कि होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान का हक है?

ईरान के स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने के ऐलान का जिक्र करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. लेकिन इस पोस्ट में उन्होंने एक ऐसी बात लिख दी, जिससे सवाल उठने लगे कि क्या उन्होंने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ईरान का हक मान लिया है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins

तेल संकट से कराह रही दुनिया को शुक्रवार को राहत की बड़ी खबर मिली. ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने का ऐलान कर दिया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी सोशल मीडिया पर ईरान के इस फैसले को लेकर पोस्ट किया. लेकिन इस पोस्ट में उन्होंने एक ऐसी बात लिख दी, जिससे सवाल उठने लगे कि क्या उन्होंने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ईरान का हक मान लिया है.

हमलों के बाद से बंद है होर्मुज

फारस की खाड़ी में स्थित स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया में तेल और गैस की लगभग 20 फीसदी सप्लाई का प्रमुख रास्ता है. 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल के अचानक हमले के बाद से ईरान ने इसे बंद कर रखा है. इसकी वजह से दुनिया में तेल और गैस का भीषण संकट पैदा हो गया है. अब शुक्रवार को ईरान ने इस रास्ते को खोलने की घोषणा की है. 

ईरान ने क्या ऐलान किया है?

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने शुक्रवार को कहा कि जब तक मिडिल ईस्ट में सीजफायर लागू रहेगा, तब तक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज सभी कमर्शल जहाजों के लिए खुला रहेगा. हालांकि ये अभी साफ नहीं है कि सीजफायर से उनका संदर्भ अमेरिका-ईरान के बीच हुए दो हफ्ते के सीजफायर से था या इजरायल-लेबनान के बीच हुए 10 दिन के युद्धविराम से. बता दें कि अमेरिका-ईरान के बीच घोषित सीजफायर 22 अप्रैल को खत्म होने वाला है. 

ट्रंप ने कहा- 'स्ट्रेट ऑफ ईरान'

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने के ईरान के ऐलान का हवाला देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया. इस पोस्ट में उन्होंने STRAIT OF IRAN शब्द का इस्तेमाल किया. इसके बाद सवाल उठ रहे हैं कि आखिर उन्होंने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को स्ट्रेट ऑफ ईरान क्यों कहा. क्या वाकई अमेरिका ने मान लिया है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ईरान का हक है, या फिर ट्रंप की ये कोई नई तिकड़म है?

Advertisement

'स्ट्रेट ऑफ ट्रंप' पर मांगी माफी

ट्रंप ने 'स्ट्रेट ऑफ ईरान' वाली पोस्ट से कुछ घंटे पहले भी होर्मुज को लेकर एक बयान दिया था. इसमें उन्होंने चुटीले अंदाज में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की जगह स्ट्रेट ऑफ ट्रंप शब्द का प्रयोग किया था. उन्होंने कहा था- "ईरान को स्ट्रेट ऑफ ट्रंप, मेरा मतलब होर्मुज, खोलना ही होगा." मियामी में एक कार्यक्रम में जब ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ ईरान शब्द का इस्तेमाल किया, तो हॉल में ठहाके गूंज उठे.

बाद में ट्रंप ने तुरंत कहा- "माफ कीजिए, मुझसे गलती हो गई, बहुत भयानक गलती हो गई." इसके बाद तुरंत मजाकिया लहजे में कहने लगे कि- "फेक न्यूज वाले कहेंगे कि 'मैंने गलती (accidentally) से ऐसा कह दिया'... नहीं, मेरे साथ कोई एक्सीडेंट नहीं होता, कम से कम ज्यादा तो नहीं. अगर ऐसा होता तो यह सबसे बड़ी खबर बन चुकी होती."

Advertisement

ट्रंप के इन शब्दों पर हुई मगजमारी

दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति अपने अनोखे अंदाज और शब्दों के अटपटे इस्तेमाल को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं. पहले भी कई बार वह अनोखे शब्द गढ़ चुके हैं. कुछ उदाहरण देखिए-  

  • 2017- न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा में अफ्रीकी नेताओं के साथ लंच के दौरान ट्रंप ने दो बार नामीबिया (Nambia) को नाइम्बेला कहकर संबोधित किया था. 
  • 2016- ट्रंप ने कई बार अपने भाषणों में बिगली (Bigly) शब्द का इस्तेमाल किया था. इस पर लंबी बहस चली थी कि वह Big League कह रहे हैं या Bigly, क्योंकि बिगली जैसा कोई शब्द प्रचलित नहीं है. 
  • 2017- ट्रंप ने आधी रात को एक ट्वीट किया था- "Despite the constant negative press covfefe". इसमें covfefe शब्द का क्या मतलब था, इस पर बहस छिड़ गई. बाद में ट्रंप ने मजाक में लिखा, "कौन इस शब्द का असली मतलब ढूंढ सकता है? खोजें और आनंद लें."  
  • 2019- व्हाइट हाउस में आई फुटबॉल टीम के लिए फास्ट फूड ऑर्डर करने को लेकर उन्होंने ट्वीट किया था कि उन्होंने 1,000 से ज्यादा "Hamberders" ऑर्डर किए हैं. दरअसल उनका आशय हैम्बर्गर से था, जिसे लेकर खूब मजाक बना था. 

देखें- ईरान ने किया होर्मुज खोलने का ऐलान, विदेश मंत्री ने बताया कब तक खुला रहेगा

Featured Video Of The Day
Lok Sabha में Rahul Gandhi के भाषण पर बरसे Giriraj Singh, कहा- राहुल की भाषा पाकिस्तान जैसी
Topics mentioned in this article