- डोनाल्ड ट्रंप, व्लादिमीर पुतिन और शी जिनपिंग ने चीन के शेनझेन में पहली त्रिपक्षीय बैठक की
- शी जिनपिंग ने वैश्विक शांति और चुनौतियों से निपटने के लिए तीनों देशों की साझा जिम्मेदारी पर जोर दिया
- पुतिन ने यूक्रेन युद्ध सहित अन्य क्षेत्रीय संघर्षों को सुलझाने में तीनों देशों के सहयोग की जरूरत बताई
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने चीन दौरे पर आज राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की. वैश्विक शांति से लेकर परमाणु हथियारों तक, ट्रंप, पुतिन और शी के बीच अहम बातचीत के लिहाज से तीनों की ये मुलाकात ऐतिहासिक रही. बुधवार को चीन के टेक हब शेनझेन में डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आमने-सामने थे. इन तीन बड़े नेताओं के बीच यह पहली साझा बातचीत थी. तीनों की इस मुलाकात के भू-राजनीतिक स्तर पर दूरगामी परिणाम हो सकते हैं.
शी जिनपिंग ने तीनों नेताओं की इस साझा बैठक को एक अहम और नई शुरुआत बताया और कहा कि यह पहली बार है जब चीन,रूस और अमेरिका के बड़े नेता बातचीत के लिए एक साथ आए हैं.बैठक की शुरुआत करते हुए ट्रंप ने कहा- तीनों नेता इतिहास रच रहे हैं. ट्रंप ने आगे कहा कि हम रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध पर चर्चा करने जा रहे हैं.
शी जिनपिंग ने क्या कहा?
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने शांति और वैश्विक चुनौतियों का मिलकर सामना करने के मकसद से हो रही इस बातचीत के लिए ट्रंप और पुतिन का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि अब वह दौर बीत चुका है जब दुनिया अलग-थलग द्वीपों की तरह बंटी हुई थी. मैं अक्सर कहता हूं कि हम एक ही 'ग्लोबल विलेज' में रहते हैं, जहां हम सब एक साथ आगे बढ़ते हैं या पीछे रह जाते हैं. हम वह समुदाय हैं, जिसका भविष्य एक-दूसरे से जुड़ा है. इस 'ग्लोबल विलेज' में, बड़े देशों की जिम्मेदारियां भी विशेष होती हैं.
जिनपिंग ने पॉजिटिव बातचीत की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि हाल के सालों में चीन ने रूस के साथ व्यापक रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा दिया है. साथ ही अमेरिका के साथ रणनीतिक स्थिरता वाले रचनात्मक संबंध विकसित किए हैं.उन्होंने ट्रंप और पुतिन के साथ उनकी त्रिपक्षीय बैठक को बहुत महत्वपूर्ण बताया.डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन संग बातचीत की शुरुआत में शी ने कहा कि इतिहास में पहली बार चीन, रूस और अमेरिका के नेताओं का एक साथ आना महत्वपूर्ण घटना है.
राष्ट्रपति पुतिन ने क्या कहा?
वहीं रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि यूक्रेन युद्ध समेत अन्य क्षेत्रीय संघर्षों को सुलझाने में तीनों देशों की साझा जिम्मेदारी और साझा हित हैं.उन्होंने बताया कि शी और ट्रंप के साथ आज हुई द्विपक्षीय बैठकों में यूक्रेन युद्ध पर चर्चा की गई.उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद, सीमा पार संगठित अपराध आदि के खिलाफ लड़ाई में हमारे हित एक जैसे हैं. मुझे पूरा भरोसा है कि रूस, अमेरिका और चीन और हमारे देश के लोग दुनिया भर में शांति को मजबूत करने में अहम योगदान दे सकते हैं.
ट्रंप ने जिनपिंग और पुतिन संग मुलाकात पर क्या कहा?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इस बात से वह बहुत खुश हैं कि इस दौरे ने सभी को अमेरिका, रूस और चीन के नेताओं के बीच पहली त्रिपक्षीय बैठक का मौका दिया है. इस लिहाज से उनको लगता है कि कई अन्य मायनों में भी वे सभी वास्तव में इतिहास रच रहे हैं.
त्रिपक्षीय बैठक से पहले क्या हुआ?
बता दें कि त्रिपक्षीय बैठक से पहले ट्रंप ने पुतिन और शी से अलग-अलग मुलाकात की थी. क्रेमलिन के मुताबिक, उन्होंने यूक्रेन युद्ध पर चर्चा की. पुतिन बहुत अच्छे मूड में बैठक से बाहर निकले. इसके तुरंत बाद शी के संग ट्रंप ने बैठक की. इस दौरान चीन में शानदार ्सवागत के लिए उन्होंने शी का धन्यवाद दिया और उम्मीद जताई कि पुतिन के साथ होने वाली उनकी त्रिपक्षीय बैठक सफल रहेगी. ट्रंप ने कहा कि वह रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध में मदद करना चाहते हैं. वह चाहते हैं कि युद्ध खत्म हो जाए. उनको लगता है कि वह बातचीत कर सकते हैं.
ये वीडियो भी देखें-
ये भी पढ़ें-ट्रंप की हत्या की साजिश रचने वाले पाकिस्तानी को हुई 27 साल 6 महीने की सजा, जानें क्या था प्लान?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं