- अमेरिका और इजरायल के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई सहित कई शीर्ष कमांडर मारे गए
- ईरान ने खाड़ी के कई देशों में अमेरिकी बेसों पर ड्रोन और मिसाइल से जवाबी हमला किया
- ईरान के पास फिलहाल ऐसी इंटरकांटिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल नहीं है जो सीधे अमेरिका तक मार सके
ईरान पर जिस तरह अमेरिका और इजरायल ने ताबड़तोड़ हमला किया. उसने पूरी दुनिया को युद्ध के खतरे और वैश्विक अस्थिरता की दहलीज पर लाकर खड़ा कर दिया है. अमेरिका के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई समेत कई टॉप कमांडरों की मौत हो गई. ईरान ने भी पलटवार करते हुए खाड़ी के कई देशों में यूएस के बेस पर ड्रोन और मिसाइल से हमला किया. ईरान ने कहा है कि वो इसका बदला जरूर लेगा. लेकिन सवाल यही है कि क्या ईरान के पास ऐसी मिसाइलें या हथियार हैं, जिससे वो अमेरिका तक हमला कर सकता है?
क्या अमेरिका तक हमला कर सकता है ईरान?
ईरान से अमेरिका की दूरी करीब 12 हजार किलोमीटर है. फिलहाल ईरान के ऐसी कोई ऑपरेशनल इंटरकांटिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) नहीं है जो सीधे अमेरिका तक मार कर सके. ईरान के पास जो मिसाइल हैं उनकी अधिकतम रेंज 2500 किमी तक है.यह रेंज इजराइल और यूरोप के कुछ हिस्सों तक पहुंचने के लिए पर्याप्त है, लेकिन अमेरिका तक पहुंचने के लिए कम से कम 10,000 किलोमीटर की रेंज होनी चाहिए, जोकि ईरान की मिसाइलों के पास नहीं है.
ईरान के पास कौन-कौन सी मिसाइलें?
- फतह हाइपरसोनिक मिसाइल: यह मिसाइल करीब 1400 किमी तक मार कर सकती है.यह रडार को चकमा देने में सक्षम है.
- शहाब-3: यह मध्यम-दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल है। इसकी मारक क्षमता 1000 से 2000 किमी है.
- सेज्जिल (Sejjil): इसकी मारक क्षमता 2000 से 2500 किमी है.
- पावेह (Paveh): यह क्रूज मिसाइल है, जो 1650 किमी तक मार कर सकती है.
- फतह-110: यह छोटी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल है, जिसकी मारक क्षमता 300 किमी तक है.
- फतह-313: इसकी मारक क्षमता 500 किमी तक है.
- जोल्फघार: इस मिसाइल की रेंज 700 किमी तक है.
ईरान अमेरिकी ठिकानों पर कर रहा हमले
बता दें कि ईरान अमेरिका के ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइल से हमला कर रहा है. ईरान ने बहरीन में स्थित अमेरिकी नौसेना के 5वें बेड़े के मुख्यालय, कतर के एयर बेस, और यूएई के भी बेस को निशाना बनाया. इसके अलावा कुवैत, इराक और जॉर्डन में भी अमेरिकी बेस पर भी अटैक किया है. ईरान के हमले अभी भी जारी है. वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि अगर हमले नहीं रोके तो ऐसा हमला करेंगे, किसी ने देखा नहीं होगा.
यह भी पढ़ें: पलभर में खाक हुईं इमारतें, चारों तरफ धुआं ही धुआं... इजराइल ने तेहरान पर हमले का नया वीडियो किया जारी













