Brazil plane crashed into Building: ब्राजील के बड़े शहर बेलो होरिजोंटे में एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने दिखने में अमेरिका में हुए 9/11 हमले की याद दिला दी. ब्राजील में एक छोटा प्लेन अचानक एक रिहायशी इमारत से टकरा गया. कुछ ही पलों में सब कुछ बदल गया- धुआं, आग और चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा. इस हादसे में कम से कम 3 लोगों की जान चली गई और कई घायल हो गए. अगर विमान थोड़ा भी अलग दिशा में जाता, तो नुकसान और ज्यादा हो सकता था.
ब्राजील में हुआ क्या?
सोमवार को ब्राजील के बड़े शहर बेलो होरिजोंटे में एक छोटा विमान एक रिहायशी इमारत से टकरा गया. इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए. एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार मिनास जेराइस राज्य के फायर विभाग ने बताया कि पायलट और को-पायलट की मौके पर ही मौत हो गई. विमान में मौजूद तीन अन्य लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया.
फायरफाइटर्स ने बताया कि विमान इमारत की सीढ़ियों वाले हिस्से (स्टेयरवेल) से टकराया, जिससे ज्यादा लोगों की जान बच सकी. फायर विभाग के एक अधिकारी ने जी1 न्यूज वेबसाइट से कहा, “अगर विमान इमारत के किनारे से टकराता, तो यह किसी ऐसे फ्लैट में जा सकता था जहां लोग मौजूद होते.” फायरफाइटर्स द्वारा जारी तस्वीरों में देखा गया कि बचावकर्मी इमारत के लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद कर रहे हैं.
एरोनॉटिकल एक्सीडेंट्स इन्वेस्टिगेशन एंड प्रिवेंशन सेंटर के आंकड़ों के अनुसार, ब्राजील में साल 2025 में कुल 153 हवाई हादसे हुए, जिनमें 62 लोगों की मौत हुई.














