बांग्लादेश: चुनाव से 48 घंटे पहले मैमनसिंह में हिंदू व्यापारी सुसेन चंद्र सरकार की हत्या, लूट भी

सुसेन चंद्र सरकार की हत्या अल्पसंख्यक समुदाय को निशाना बनाकर की गई हिंसा की नवीनतम घटना है. दिसंबर में कट्टरपंथी युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद से बांग्लादेश में हिंदू आबादी कई घटनाओं से प्रभावित हुई है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
पीड़ित की पहचान साउथकंडा गांव के निवासी सुसेन चंद्र सरकार के रूप में हुई है.
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • हमलावरों ने हत्या के बाद दुकान से कई लाख टका लूट लिए और दुकान के शटर बंद कर दिए थे
  • सुसेन चंद्र सरकार का परिवार उन्हें खून से लथपथ हालत में पाया और अस्पताल में मृत घोषित किया गया
  • बांग्लादेश में आगामी संसदीय चुनाव 12 फरवरी को होंगे, जो शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद पहला चुनाव होगा
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले के त्रिशाल उपजिला में चुनाव से 48 घंटे पहले अज्ञात लोगों ने 62-वर्षीय एक हिंदू व्यापारी की उसकी दुकान के अंदर धारदार हथियारों से हमला करके हत्या कर दी. स्थानीय मीडिया में प्रकाशित खबरों में यह जानकारी दी गयी है. त्रिशाल पुलिस थाने के प्रमुख मोहम्मद फिरोज हुसैन ने समाचार पोर्टल ‘बीडीन्यूज24डॉटकॉम' को बताया कि यह घटना सोमवार रात उपजिला के बोगर बाजार चौराहे पर हुई. उन्होंने बताया कि पीड़ित की पहचान साउथकंडा गांव के निवासी सुसेन चंद्र सरकार के रूप में हुई है, जो ‘‘भाई भाई एंटरप्राइज'' के मालिक थे.

'कई लाख टका लूट लिए'

हुसैन ने बताया कि हमलावरों ने सरकार पर धारदार हथियार से हमला करने के बाद उन्हें दुकान के अंदर छोड़ दिया तथा शटर बंद कर दिए. सरकार का परिवार उसे ढूंढ रहा था और जब उन्होंने दुकान के शटर खोले, तो वह खून से लथपथ पाया गया. सरकार को तुरंत मयमनसिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पीड़ित के बेटे सुजान सरकार ने बताया, ‘‘हमारा चावल का पुराना कारोबार है. किसी से हमारी कोई दुश्मनी नहीं थी. अपराधियों ने मेरे पिता की बेरहमी से हत्या करने के बाद दुकान से कई लाख टका लूट लिए.''उन्होंने मांग की कि उनके पिता के हत्यारों की जल्द से जल्द पहचान की जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए.

अकेले दिसंबर में हिंसा की 51 घटनाएं

सुसेन चंद्र सरकार की हत्या अल्पसंख्यक समुदाय को निशाना बनाकर की गई हिंसा की नवीनतम घटना है. दिसंबर में कट्टरपंथी युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद से बांग्लादेश में हिंदू आबादी कई घटनाओं से प्रभावित हुई है. पिछले महीने ‘बांग्लादेश हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद' ने आरोप लगाया था कि जैसे-जैसे आम चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, देश में सांप्रदायिक हिंसा खतरनाक दर से बढ़ रही है. परिषद ने कहा कि उसने अकेले दिसंबर 2025 में सांप्रदायिक हिंसा की 51 घटनाएं दर्ज कीं. बांग्लादेश में 12 फरवरी को संसदीय चुनाव होंगे. अगस्त 2024 में व्यापक जन आंदोलन के कारण तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता से हटाए जाने के उपरांत बांग्लादेश में पहला चुनाव होगा. वर्ष 2022 की जनगणना के अनुसार, बांग्लादेश में हिंदू आबादी लगभग एक करोड़ 31 लाख है, जो देश की कुल आबादी का लगभग 7.95 प्रतिशत है.

Featured Video Of The Day
Plane Crash Landing से पहले Pilot के आखिरी शब्द रुला देंगे! America | Georgia | Top News